
आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधरः द रिवेंज’ अब सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। रणवीर सिंह स्टारर फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और 4 ही दिनों में दुनियाभर में 751 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। फिल्म की रिलीज से पहले ही ये बात साफ हो चुकी थी कि धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर बड़ा तूफान लेकर आने वाली है, लेकिन अब ये बवंडर बन चुकी है, जिसके आगे किसी अन्य फिल्म की चर्चा नहीं है। धुरंधर 2 में रणवीर सिंह ने अंडरकवर स्पाई जसकीरत सिंह रंगी के सफर को दिखाया है, जो हमजा बनकर पाकिस्तान में घुसता है। एक तरफ जहां ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर बवंडर बनी हुई है तो वहीं पाकिस्तान में इस फिल्म को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है। पाकिस्तानी नेता नबील गबोल ने भी फिल्म पर प्रतिक्रिया दी है और अपने किरदार को लेकर नाराजगी जताई है।
धुरंधर 2 पर बिफरे पाकिस्तानी नेता नबील गबोल
नबील गबोल ने पाकिस्तानी मीडिया चैनल्स सहित कई यूट्यूबर्स से भी आदित्य धर की फिल्म को लेकर बात की। पाकिस्तानी यूट्यूबर नादिर अली को दिए इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया कि ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी में राकेश बेदी द्वारा अभिनीत ‘जमील जमाली’ का किरदार उन्हीं पर आधारित है। इसी के साथ उन्होंने इस बात को लेकर नाराजगी जाहिर की कि फिल्म में उनके किरदार को सही तरीके से नहीं दिखाया गया है। उनके किरदार को चापलूस और डरपोक दिखाया गया है, जबकि वह असल जिंदगी में एक दबंग नेता हैं।
राकेश बेदी के किरदार पर आपत्ति
नबील गबोल ने कहा कि, धुरंधर में जमील जमाली के नाम के नीचे एमएनए 2007 लिखा है और 2007 में वही उस क्षेत्र के एमएनए थे। यही नहीं, गबोल ने दावा किया कि मेकर्स ने मानहानि के डर से उनका नाम बदल दिया। उन्होंने कहा कि मेकर्स ने ज्यादातर पात्रों के असली नाम इस्तेमाल किए हैं, ऐसा इसलिए कि अब ये लोग जिंदा नहीं हैं, लेकिन उनका नाम बदल दिया गया है क्योंकि वह अभी भी इस दुनिया में हैं।
चापलूस नहीं दबंग हूं- नबील गबोल
नबील गबोल कहते हैं कि फिल्म में उनके किरदार को डरपोक और चापलूस दिखाया गया है, जबकि उनकी छवि मजबूत और प्रभावशाली नेता वाली रही है क्योंकि अपने कार्यकाल में उन्होंने कई अहम फैसले लिए थे। गबोल ने बताया कि फिल्म में भाषा और सांस्कृतिक तौर पर भी गलत है, क्योंकि ल्यारी में पंजाबी भाषा इस्तेमाल नहीं होती क्योंकि यहां बलोच लोगों की आबादी ज्यादा है। गबोल कहते हैं कि धुरंधर में ल्यारी को आतंकवाद का गढ़ दिखाया गया है, जो कि गलत है क्योंकि कराची के अन्य इलाकों की तुलना में ल्यारी में अपराध दर काफी कम है।
नेटिजंस ने साधा निशाना
नबील गबोल वर्तमान समय में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी से जुड़े हैं और ल्यारी से फिर से सांसद चुने गए हैं। इस बीच सोशल मीडिया यूजर भी नबील गबोल को निशाने पर ले रहे हैं। कई का कहना है कि ‘धुरंधर 1’ की रिलीज के बाद वह खुलेआम कह रहे थे कि जमील जमाली का रोल उनके ऊपर बेस्ड है। पहले उन्होंने इस किरदार को पूरे गर्व के साथ अपनाया और अब धुरंधर 2 की रिलीज के बाद वह जमील जमाली के किरदार को लेकर तिलमिलाए हुए हैं। हाल ही में राकेश बेदी ने भी न्यूज 18 से अपने किरदार को लेकर बात की थी और कहा था- ‘धुरंधर 2 में जो मेरा किरदार है… उसका जो एंड है उसको देखकर अब बोलेंगे, सब बोलेंगे- ‘नहीं, नहीं, नहीं… ये मैं नहीं हूं भाई। ये मैं नहीं हूं। अरे मैं ऐसा नहीं हूं। सब उससे दूर भागेंगे।’
ये भी पढ़ेंः क्लैपरबॉय था एक्टर, इरफान खान के कहने पर पकड़ी थी एक्टिंग की राह, अब ‘साइको सैयां’ बनकर काटा बवाल
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



