
आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर कमाई के रिकॉर्ड तोड़ती जा रही है। हर तरफ फिल्म की चर्चा है, बॉलीवुड से लेकर साउथ तक में धुरंधरः द रिवेंज तहलका मचा रही है। राकेश रोशन से लेकर रजनीकांत तक, कई स्टार फिल्म पर रिएक्शन दे चुके हैं और इसकी तारीफों के पुल बांध चुके हैं और रणवीर सिंह के अभिनय के मुरीद हो चुके हैं। दूसरी तरफ रणवीर सिंह के फैंस उनकी पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के रिएक्शन का इंतजार कर रहे हैं। कई ने तो सोशल मीडिया पर एक्ट्रेस को निशाने पर लेना भी शुरू कर दिया है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि ये पोस्ट दीपिका पादुकोण ने लिखा है। इस पोस्ट से जाहिर होता है कि दीपिका को ‘धुरंधर 2’ पसंद नहीं आई है। लेकिन, वायरल हो रहे पोस्ट का सच कुछ और ही है।
वायरल पोस्ट में क्या लिखा है?
सोशल मीडया पर वायरल हो रहे पोस्ट को लेकर दावा किया जा रहा है कि ये दीपिका पादुकोण का पोस्ट है, जिसमें उन्होंने धुरंधर 2 पर प्रतिक्रिया दी है। इस पोस्ट में लिखा है – ‘मैंने ‘धुरंधर’ देख ली है, और इसके 3 घंटे 49 मिनट का हर मिनट देखने लायक है। मैं गर्व से कह सकती हूं कि मेरे पति सबसे अच्छे हैं। रणवीर सिंह, मुझे आप पर बहुत गर्व है। एक एक्टर और इस महान राष्ट्र के नागरिक के रूप में, मैं महसूस करती हूं कि किसी भी राजनीतिक विचारधारा से प्रभावित हुए बिना सच्चाई और सही तथ्यों को प्रस्तुत करना हमारा कर्तव्य है। हालांकि मैं फिल्म में दिखाई गई कुछ बातों से असहमत हूं, लेकिन मैं इस बात से इनकार नहीं कर सकती कि मुझे यह फिल्म देखने में कितना मजा आया। पूरी कास्ट-क्रू और कैप्टन ऑफ द शिप आदित्य धर को बधाई हो।’
सोशल मीडिया पर दीपिका के नाम पर वायरल हो रहा फेक पोस्ट।
क्या है वायरल पोस्ट का सच?
हालांकि, वायरल हो रहे पोस्ट का सच कुछ और ही है। जी हां, दीपिका के नाम से वायरल हो रहा ये पोस्ट फेक है। एक्ट्रेस ने अब तक सोशल मीडिया पर ऐसी कोई स्टोरी शेयर नहीं की है और न ही इस दावे का समर्थन करने वाला कोई वेरिफाइड सोर्स है, जिससे साफ तौर पर पता चलता है कि ये पोस्ट एडिटेड है और अटेंशन के लिए बनाया गया है। इस पोस्ट से जुड़ी एक और बात ये कि इसका असहमति वाला हिस्सा कुछ हद तक ऋतिक रोशन के उस पोस्ट से मिलता है, जो उन्होंने ‘धुरंधर’ के संबंध में किया था, जिसमें उन्होंने फिल्म में पॉलिटिकल नरेटिव वाले हिस्से को लेकर असहमति जताई थी।
दीपिका ने फिल्म पर नहीं दिया कोई रिएक्शन
‘धुरंधरः द रिवेंज’ 19 मार्च को ही सिनेमाघरों में रिलीज हुई है और हर तरफ से इसकी तारीफों से जुड़े पोस्ट वायरल हो रहे हैं। लेकिन, फिल्म में लीड रोल निभा रहे रणवीर सिंह की वाइफ और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने इस पर अब तक कोई रिएक्शन नहीं दिया गया है। फैंस बेसब्री से ‘धुरंधर 2’ की सफलता पर दीपिका के रिएक्शन का इंतजार कर रहे हैं, ऐसे में ये एडिटेड पोस्ट पहली नजर में विश्वसनीय लगता है। सोशल मीडिया पर इस तरह का कंटेंट अक्सर वायरल होता रहता है और इसमें जब कोई नामी हस्ती शामिल हो तो ये और तेजी से फैलने लगता है।
धुरंधर 2 का कलेक्शन
धुरंधर 2 के कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने 6 ही दिनों में दुनियाभर में 800 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। धुरंधर: द रिवेंज 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर एकतरफा राज कर रही है। दर्शक ‘धुरंधर’ की रिलीज के बाद से ही इसके दूसरे पार्ट का इंतजार कर रहे थे। धुरंधर 5 दिसंबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और दुनियाभर में 1300 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी। इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, राकेश बेदी, आर माधवन, दानिश पंडोर, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन अहम भूमिकाओं में हैं।
ये भी पढ़ेंः छोटे बजट की फिल्म के आगे नहीं चली ‘धुरंधर 2’ की धाक, 4 दिनों में ही की बजट से 4 गुना कमाई, ताकते रह गए रणवीर सिंह
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



