
‘धुरंधर 2’ की कामयाबी ने इसके कलाकारों को भी लाइमलाइट में ला दिया है। बड़े किरदारों से लेकर धुरंधर और धुरंधर 2 के छोटे किरदारों ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। अब फिल्म के सभी कलाकार ‘धुरंधर 2’ की सफलता से खुश हैं। इस बीच फिल्म के कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधरः द रिवेंज’ की कास्टिंग को लेकर खुलकर बात की। मुकेश छाबड़ा ने बताया कि उन्हें ये पूरी टीम तैयार करने में कितनी ज्यादा मेहनत करनी पड़ी और इस पूरे प्रोसेस में उन्हें कितना लंबा समय लग गया। मुकेश छाबड़ा के अनुसार, धुरंधर और धुरंधर 2 के करीब 300 कलाकारों के ऑडिशन लेने में उन्हें करीब 2 साल लग गए।
2 साल चली फिल्म की कास्टिंग
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में मुकेश छाबड़ा ने धुरंधर और धुरंधर 2 की कास्टिंग को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने इस बारे में बात करते हुए कहा- ‘लीड एक्टर्स से लेकर सिर्फ एक मिनट के लिए दिखाई दिए किरदारों तक के लिए मैंने और मेरी टीम ने बारीकी से साकम किया। 2 साल तक मैंने और मेरी टीम के 8 असिस्टेंट ने मिलकर दिन-रात काम किया। हर किरदार की कास्टिंग चुनौतीपूर्ण थी। लेकिन, आदित्य धर ने जो डिटेल दी, उसने हर किरदार की कल्पना आसान कर दी।’
आदित्य धर से मुकेश छाबड़ा ने की थी रिक्वेस्ट
मुकेश छाबड़ा कहते हैं- ‘मैं चाहता था कि हर कलाकार को मैं ही चुनूं, फिर चाहे वो किसी सीन के लिए हो या सिर्फ एक डायलॉग के लिए। मैंने आदित्य धर से रिक्वेस्ट की थी। मैंने और मेरी टीम ने 2 साल तक लगातार काम किया और करीब 300 कलाकार फाइनल किए गए। धुरंधर में जिस किरदार की कास्टिंग सबसे मुश्किल थी वो था रहमान डकैत का किरदार। हमने कई नामों पर चर्चा की, लेकिन लगातार एक्टर्स इस रोल के लिए मना कर रहे थे। उन्हें किसी मल्टीस्टारर फिल्म का हिस्सा नहीं बनना था। अक्षय खन्ना का नाम मेरे दिमाग में आखिरी में आया।’
रहमान डकैत के रोल पर अक्षय खन्ना का रिएक्शन
मुकेश छाबड़ा ने इस दौरान ये भी बताया कि रहमान डकैत के किरदार के बारे में सुनने के बाद अक्षय खन्ना का क्या रिएक्शन था। उन्होंने कहा- ‘अक्षय में वो हुनर है कि आप उन्हें कोई भी रोल दे दें, वो आपको हैरान कर देते हैं। जब मैंने रहमान डकैत के किरदार के लिए उन्हें पहली बार कॉल किया तो उन्होंने कहा- ‘तू पागल हो गया है क्या?’ फिर मैंने उन्हें किसी तरह कहानी सुनने के लिए मनाया। वे आए और जब मैंने उन्हें नरेशन दिया तो अपने खास अंदाज में उन्होंने कहा- ‘शानदार।’ फिर दूसरे ही दिन उन्होंने मुझे कॉल किया और कहा- मैं ये फिल्म कर रहा हूं।’
एक ही भाग में बननी थी धुरंधर
बता दें, शुरुआत में ‘धुरंधर’ को एक ही भाग में बनाने के बारे में सोचा गया था, लेकिन रिलीज से कुछ हफ्ते पहले ही इसे दो भागों में बांटने का फैसला लिया गया और इस तरह दो फिल्मों की ये सीरीज बनी। धुरंधर 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई, जिसकी सफलता ने हर किसी को चौंका दिया। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 1300 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया और अब इसका दूसरा भाग यानी ‘धुरंधरः द रिवेंज’ सिनेमाघरों में हुंकार भर रही है। 1 ही हफ्ते में फिल्म ने वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ क्लब में एंट्री कर ली है।
ये भी पढ़ेंः कहां है शोला और शबनम का ‘राजा’? हीरो बनने मुंबई आया था शाही परिवार का चिराग, साइड रोल में सिमट गया करियर
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



