
‘क्राइम नेक्स्ट डोर’ फेम एक्ट्रेस हर्षिल कालिया अब इस दुनिया में नहीं रहीं। 30 साल की उम्र में हर्षिल ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। 23 मार्च की देर रात एक कार दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई। हर्षिल के निधन की खबर से उनके फैंस और फॉलोअर्स हैरान हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसा 11.30 बजे जयपुर का है। हादसा उस वक्त हुआ जब हर्षिल एक शूट खत्म करके घर वापस लौट रही थीं, तभी उनकी कार एक डिवाइडर से जा टकराई, जिसमें उनकी मौत हो गई। उनके काम को करीब से देखने वालों के लिए यह खबर अप्रत्याशित थी। हर्षिल मॉडलिंग से अभिनय की ओर कदम बढ़ाते हुए धीरे-धीरे अपनी पहचान बना रही थीं और धीरे-धीरे फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बना रही थीं।
हर्षिल कालिया कौन थीं?
जयपुर में रहने वाली हर्षिल कालिया एक जानी-मानी एक्ट्रेस और मॉडल थीं। उन्होंने मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत की और धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर अपनी पहचान बनाई। सोशल मीडिया पर बढ़ती लोकप्रियता ने उन्हें अभिनय की दुनिया में कदम रखने में मदद की, जहां उन्होंने कई क्षेत्रीय परियोजनाओं और डिजिटल कंटेंट में काम किया।
क्राइम नेक्स्ट डोर में आई थीं नजर
हर्षिल ने वेब सीरीज ‘क्राइम नेक्स्ट डोर’ से भी सुर्खियां बटोरीं, जिसमें वह अनुप्रिया गोयनका, यशपाल शर्मा, साहिल वैद्य और वत्सल शेठ जैसे कलाकारों के साथ नजर आई थीं। इसके अलावा, उन्होंने कई राजस्थानी म्यूजिक वीडियोज में भी काम किया था। हर्षिल का जन्म जयपुर में हुआ था और यहीं से उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वह एक्टिंग और मॉडलिंग की दुनिया से जुड़ीं। एक्ट्रेस की अचानक मौत से उनका परिवार सदमे में है।
11.30 के आस-पास हुआ हादसा
खबरों के मुताबिक, हर्षिल कालिया एक शूट पूरा करके अपने घर लौट रही थीं, इसी दौरान यह हादसा हुआ। यह घटना रात करीब 11:30 बजे शिप्रा पथ रोड पर हुई, जो आमतौर पर देर रात तक व्यस्त रहने वाला मार्ग है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हर्षिल की कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद कार बाईं ओर पलट गई। इलाके के सीसीटीवी फुटेज में भी इस हादसे और वाहन के पलटने की घटना कैद है।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद आस-पास मौजूद लोग तुरंत गाड़ी के पास पहुंचे और कार को सीधा करने में मदद की। इसके बाद हर्षिल को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वे इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या तेज गति दुर्घटना का कारण थी या किसी अन्य वाहन ने ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। पोस्टमार्टम हो चुका है और शव परिवार को सौंप दिया गया है।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



