
‘मैंने प्यार किया’, ‘हम साथ साथ हैं’ और ‘साजन’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय के लिए मशहूर रीमा लागू ने मई 2017 में इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। जब रीमा लागू का निधन हुआ, उनकी उम्र 58 साल थी। ऐसे में उनकी मौत ने हर किसी को चौंका दिया था। लेकिन, फिल्मों के साथ-साथ टीवी पर अपने दमदार अभिनय से अपनी अलग पहचान बनाने वालीं रीमा लागू आज भले हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी कला और फिल्मों में उन्होंने जो मां के किरदार निभाए, उसके जरिए वह आज भी अपने फैंस के दिलों में जिंदा हैं। रीमा लागू फिल्मी दुनिया का जाना-माना नाम थीं, लेकिन क्या आप उनकी बेटी के बारे में जानते हैं? नहीं, तो चलिए आपको रीमा लागू की बेटी मृण्मयी लागू के बारे में बताते हैं, जो खुद भी अपनी मां की राह पर चल रही हैं।
रीमा लागू की बेटी मृण्मयी लागू
रीमा लागू की बेटी मृण्मयी लागू भी अपनी मां की ही तरह मनोरंजन जगत का जाना-माना नाम हैं। मृण्मयी ने कई बॉलीवुड फिल्मों में काम किया है, जिनमें ‘पीके’, ‘थ्री ईडियट्स’ और ‘थप्पड़’ जैसी फिल्में शामिल हैं। मृण्मयी ने एक्टिंग के साथ-साथ बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर और स्क्रिप्ट सुपरवाइजर भी फिल्मी दुनिया में काम किया है। हिंदी के साथ-साथ वह मराठी मनोरंजन जगत का भी जाना-माना नाम हैं। उन्होंने ‘बायो’, ‘मुक्कम पोस्ट लंदन’, ‘साच्या आत घारत’ और ‘दोघाट तिसरा आता सगला विसरा’ जैसी मराठी फिल्मों में भी अभिनय किया है।
मां की हूबहू कॉपी हैं मृणमयी
हालांकि, मृण्मयी को अपनी मां जैसी लोकप्रियता नहीं मिल सकी, लेकिन लुक्स के मामले में वह हूबहू अपनी मां यानी रीमा लागू पर गई हैं। सोशल मीडिया पर मृणमयी काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स से जुड़ी जानकारी और अपनी तस्वीरें फैंस के साथ साझा करती रहती हैं। मृण्मयी को देखने के बाद अक्सर सोशल मीडिया यूजर्स यही कहते हैं कि मृण्मयी को देखकर उन्हें रीमा लागू याद आ गईं। मृण्मयी अपनी दिवंगत मां यानी रीमा लागू के साथ भी अक्सर पुरानी तस्वीरें शेयर करती रहती हैं, जिसके जरिए वह उनके लिए अपने भाव बयां करने से नहीं कतरातीं और बताती हैं कि वह उन्हें कितना याद करती हैं।
आमिर खान के साथ की करियर की शुरुआत
मृण्मयी ने आमिर खान के प्रोडक्शन तले बने टीवी शो ‘सत्यमेव जयते’ के साथ अपना करियर शुरू किया था, जिसके साथ वह बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर जुड़ी थीं। मृण्मयी का शुरुआत से ही कला के क्षेत्र की ओर रुझान था और इसी के चलते उन्होंने मराठी और इंग्लिश प्ले में निर्देशन और एक्टिंग में हाथ आजमाया। मृण्मयी ने कई फिल्मों के लिए स्क्रिप्ट्स डेवेलप करने का भी काम किया है, जिसमें राइटर और क्रिएटिव प्रोड्यूसर के तौर पर भी काम किया। उन्होंने तापसी पन्नू स्टारर थप्पड़ के लिए स्क्रीनप्ले राइटर के तौर पर भी काम किया है।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



