
फिल्म इंडस्ट्री में जब कोई कलाकार कदम रखता है तो उसकी यही कोशिश होती है कि वो इंडस्ट्री का वो चमकता सितारा बने कि जब वो कहीं निकले तो सबका फोकस उसी पर हो, सारे कैमरे उसी की तरफ हों। फिल्म जगत में कदम रखने वाले सभी कलाकार बतौर लीड एक्टर अपनी पहचान बनाना चाहता है, लेकिन ये सफलता सबके नसीब नहीं आती। फिल्मी दुनिया में कई ऐसे भी स्टार हैं, जिनका करियर साइड रोल्स तक ही सिमट कर रह गया। इन्हीं में से एक गोविंदा स्टारर ‘शोला और शबनम’ में नजर आए राजा बुंदेला, जिनका पूरा नाम राजा राजेश्वर प्रताप सिंह जुदेव है। राजा बुंदेला सालों से किसी फिल्म में नजर नहीं आए हैं, तो चलिए जानते हैं कि अब वे कहां हैं और क्या कर रहे हैं।
शाही परिवार से हैं राजा बुंदेला
राजा बुंदेला ने करीब 22 बॉलीवुड फिल्मों में काम किया और सभी में सपोर्टिंग रोल में ही दिखाई दिए। राजा बुंदेला 90 के दशक के पॉपुलर सपोर्टिंग एक्टर थे, लेकिन अब वह फिल्मी लाइन छोड़ चुके हैं। हैंडसम लुक्स वाले राजा बुंदेला उत्तर प्रदेश के ललितपुर के रहने वाले हैं और उन्होंने दिल्ली नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से एक्टिंग की पढ़ाई की थी। इसके बाद वह हीरो बनने का सपना लिए मुंबई पहुंच गए। लेकिन, कम ही लोग जानते हैं कि राजा बुंदेला एक शाही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। राजा का ज्म ललितपुर जिले के शाही परिवारों में से एक में हुआ था।
80 के दशक में शुरू किया करियर
राजा बुंदेला ने 1982 में रिलीज हुई ‘ब्रज भूमि’ से फिल्म जगत में कदम रखा था और फिर ‘स्टार’, ‘विजेता’, ‘शोला और शबनम’, ‘परमात्मा’ और ‘सौतेला भाई’ सहित करीब 22 फिल्मों में काम किया। अपने करियर के शुरुआती दौर में ही राजा बुंदेला को समझ आने लगा था कि वह साइड हीरो बनकर रह गए हैं और बतौर सपोर्टिंग एक्टर ही अपना करियर जारी रख पाएंगे। धीरे-धीरे कर राजा बुंदेला ने भी फिल्मी दुनिया से दूरी बनाना शुरू कर दिया और 2009 के बाद लंबा ब्रेक लिया।
आखिरी बार इस फिल्म में आए थे नजर
राजा बुंदेला आखिरी बार सोनाक्षी सिन्हा स्टारर ‘हैप्पी भाग जाएगी’ में नजर आए थे, जो 2018 में रिलीज हुई थी। इसके बाद वह किसी फिल्म में नजर नहीं आए। राजा ने एक्टर के अलावा बतौर निर्देशक और निर्माता भी इंडस्ट्री में काम किया और कुछ टीवी सीरियल्स का भी हिस्सा रहे। अब राजा बुंदेला एक्टिंग से दूरी बनाने के बाद राजनीति की दुनिया में एक्टिव हैं। राजनेता के तौर पर राजा बुंदेला अपनी अलग पहचान बना चुके हैं और पिछले दिनों बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर भी सुर्खियों में रहे। वह बुंदेलखंड विकास बोर्ड के वाइस प्रेसीडेंट हैं और भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता भी हैं।
ये भी पढ़ेंः कल्पना से परे रहस्य और गला सुखा देने वाले सीन, 33 साल पहले आया भूतिया शो, जिसने उड़ाई थी लोगों की रातों की नींद
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



