
राहुल अरुणोदय बनर्जी की अचानक मौत से उनका परिवार और दोस्त सदमे में है। रविवार शाम को बंगाली एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी की अचानक मौत की खबर से पूरी इंडस्ट्री को गहरा सदमा लगा है। एक्टर की मौत ओडिशा के तालसारी बीच पर समुद्र में डूबने से हुई। उनकी पत्नी बंगाली एक्ट्रेस प्रियंका सरकार ने अब इस दुखद खबर पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और सोशल मीडिया पर अपनी लेटेस्ट पोस्ट में गहरे दुख की इस घड़ी में प्राइवेसी बनाए रखने की गुजारिश की है।
राहुल बनर्जी की मौत पर छलका पत्नी का दर्द
अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रियंका ने कहा, ‘यह हमारे लिए गहरे दुख और निराशा का समय है। इस मुश्किल घड़ी में हम आपसे पूरी विनम्रता के साथ गुजारिश करते हैं कि हमें कुछ स्पेस और प्राइवेसी दें। इस दुख को मिलकर सहने की कोशिश में एक बच्चा, एक मां, एक परिवार और उनके अपने लोग शामिल हैं। हम मीडिया में अपने दोस्तों और साथियों से गुजारिश करते हैं कि वे हमारी सीमाओं का सम्मान करें, हमारी निजी जिंदगी में दखल न दें और हमें शांति से अपना दुख मनाने का मौका दें।’ उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, ‘इस मुश्किल समय में आपकी समझ और आपका साथ मेरे लिए पहले से कहीं ज्यादा मायने रखता है।’
राहुल बनर्जी की मौत कैसे हुई
न्यूज एजेंसी PTI से मिली जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पड़ोसी राज्य ओडिशा के एक समुद्री बीच से लाए जाने के बाद दीघा अस्पताल में एक्टर को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा, ‘हमने घटनाक्रम का पता लगाने के लिए ओडिशा में अपने समकक्षों से संपर्क किया है। दीघा पुलिस स्टेशन में भी अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। हम उनकी प्रोडक्शन टीम के सदस्यों और चश्मदीदों से भी बात कर रहे हैं।’
ममता बनर्जी ने दी श्रद्धांजलि
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस खबर पर गहरा दुख और हैरानी जाहिर करते हुए, पोस्ट में लिखा, ‘मुझे यह सुनकर गहरा सदमा लगा है और मैं बहुत दुखी हूं कि जाने-माने, युवा और लोकप्रिय एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी अचानक हमारे बीच नहीं रहे। मुझे समझ नहीं आ रहा कि आखिर हुआ क्या। वह मेरे पसंदीदा अभिनेताओं में से एक थे और एक ऐसे इंसान थे, जिनकी मैं सचमुच तारीफ करती थी। मैं उनके शोकाकुल परिवार, प्रियजनों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं।’
राहुल बनर्जी कौन हैं?
राहुल को 2008 की ब्लॉकबस्टर रोमांटिक फिल्म ‘चिरोदिनी तुमी जे आमार’ से शोहरत मिली। राज चक्रवर्ती द्वारा निर्देशित इस फिल्म में उन्होंने प्रियंका सरकार के साथ मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म की सफलता के बाद दोनों रातों-रात स्टार बन गए और उसी दौरान उन्होंने एक-दूसरे को डेट करना भी शुरू किया। बाद में उन्होंने 2010 में शादी कर ली और उनका एक बेटा हुआ, जिसका नाम सहज बनर्जी है। वे 2017 में अलग हो गए थे, लेकिन परिवार से जुड़े रहे।
ये भी पढे़ं-
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



