
मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा के केंद्र में हैं। बीते कई दिनों से वो सोशल मीडिया पर अपनी नए बॉयफ्रेंड को लेकर छाई हुई हैं। अब हाल ही में उनका एक और वीडियो सुर्खियों में आ गया है, जिसमें वो अपने रूमर्ड बॉयफ्रेंड संग नजर आई हैं। रविवार को राजस्थान के आदिनाथ जैन मंदिर में दोनों की उपस्थिति ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों का कहना है कि दोनों का रिश्ता अब पक्का हो गया है।
मंदिर दर्शन और बढ़ती नजदीकियां
वायरल हुए वीडियो में मलाइका के साथ उनके कथित बॉयफ्रेंड हर्ष मेहता दिखे और वो उनके साथ पोज देते भी नजर आए। मंदिर दर्शन के लिए मलाइका ने सादगी का परिचय देते हुए सफेद रंग का कुर्ता चुना, जबकि हर्ष नीले रंग की शर्ट में दिखाई दिए। हालांकि मलाइका ने इस दौरे को निजी रखने की कोशिश की थी, लेकिन उनकीएक झलक पाने के लिए वहां कई फैंस आ गए, जिन्होंने एक्ट्रेस के साथ तस्वीरें क्लिक कराईं। स्थिति को नियंत्रित करने और मंदिर की मर्यादा बनाए रखने के लिए स्थानीय अधिकारियों को बीच-बचाव करना पड़ा। यह पहली बार नहीं है जब हर्ष और मलाइका साथ दिखे हों,इससे पहले कृतिका कामरा और गौरव कपूर के रिसेप्शन में भी हर्ष को देखा गया था, हालांकि वहां उन्होंने मीडिया के कैमरों से बचने की पूरी कोशिश की थी, जिससे उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई थीं।
कौन हैं हर्ष मेहता?
मलाइका के साथ बार-बार देखे जा रहे इस मिस्ट्री मैन को लेकर प्रशंसकों में काफी उत्सुकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 33 वर्षीय हर्ष मेहता एक सफल डायमंड मर्चेंट हैं। मलाइका और हर्ष के डेटिंग की अफवाहें पिछले साल अक्टूबर में तब शुरू हुई थीं, जब दोनों को मुंबई में एनरिक इग्लेसियस के कॉन्सर्ट में एक साथ देखा गया था। उस दौरान मलाइका काफी खुश नजर आ रही थीं और पूरे शो के दौरान दोनों को बातचीत करते हुए देखा गया। शो खत्म होने के बाद दोनों एक के बाद एक वेन्यू से बाहर निकले, जिसके बाद इंटरनेट पर उनके रिश्ते को लेकर कयासों का दौर शुरू हो गया।
एयरपोर्ट पर साथ दिखना और लुका-छिपी का खेल
इन चर्चाओं को तब और बल मिला जब 26 नवंबर को यह जोड़ी दूसरी बार सार्वजनिक रूप से मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट की गई। वहां भी दोनों ने एक साथ चलने से परहेज किया, पहले मलाइका बाहर निकलीं और उनके पीछे-पीछे हर्ष आए। हर्ष ने मास्क लगाकर अपना चेहरा आंशिक रूप से छिपा रखा था, जिससे लोगों की जिज्ञासा और बढ़ गई। दिलचस्प मोड़ तब आया जब पार्किंग एरिया में पहुंचने पर मलाइका पहले अपनी कार में बैठीं और कुछ ही सेकंड बाद हर्ष भी उसी कार में सवार हो गए। हालांकि अभी तक न तो मलाइका अरोड़ा और न ही हर्ष मेहता ने इन अफवाहों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है।
मलाइका की पर्सनल लाइफ
मलाइका अरोड़ा की लव लाइफ हमेशा से मीडिया की सुर्खियों में रही है। हर्ष मेहता से पहले मलाइका अभिनेता अर्जुन कपूर के साथ एक लंबे रिश्ते में थीं। दोनों ने 2018 में डेटिंग शुरू की थी और लगभग छह साल साथ रहने के बाद 2024 में अलग होने का फैसला किया। अर्जुन से पहले मलाइका की शादी मशहूर अभिनेता और फिल्म निर्माता अरबाज खान से हुई थी। 1998 में शादी के बंधन में बंधने वाले इस कपल ने 2017 में तलाक ले लिया था। अरबाज और मलाइका का एक बेटा है, जिसका नाम अरहान खान है।
ये भी पढ़ें: LPG सिलेंडर की किल्लत के चलते फेमस यूट्यूबर ने बंद किया रेस्टोरेंट, भाई-भाभी हैं TV के सुपरस्टार
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



