
हिंदी सिनेमा की चकाचौंध भरी दुनिया में एक बार फिर दो नए चेहरों की एंट्री होने जा रही है। इस बार फिल्म निर्माता साजिद नाडियाडवाला के बेटे सुभान नाडियाडवाला और अभिनेता रोहित रॉय की बेटी कियारा रॉय अपनी किस्मत आजमाने के लिए तैयार हैं। फिल्म ‘ऐसी दीवानगी’ के जरिए ये दोनों स्टार किड्स बड़े पर्दे पर अपना पहला कदम रखेंगे, जिसे लेकर फिल्म जगत में काफी सुगबुगाहट है। दोनों की केमिस्ट्री पर्दे पर देखने को मिलेगी, लेकिन इस सब से पहले रोहित रॉय की बेटी की खूबसूरती चर्चा का केंद्र है।
विरासत और हुनर का संगम
कियारा रॉय एक ऐसे परिवार से आती हैं जिसका अभिनय की दुनिया से गहरा नाता रहा है। उनके पिता रोहित रॉय और मां मानसी जोशी रॉय फिल्म व टेलीविजन जगत के स्थापित नाम हैं। कियारा के बड़े पापा रोहित के बड़े भाई रॉनित रॉय हैं जो टीवी इंडस्ट्री के सुपरस्टार हैं और बॉलीवुड फिल्मों और ओटीटी शोज में भी नजर आते हैं। इतना ही नहीं कियारा के नाना अरविंद जोशी गुजराती रंगमंच के दिग्गज रहे हैं और मशहूर अभिनेता शरमन जोशी उनके मामा हैं। ऐसे में अभिनय की बारीकियां कियारा को विरासत में मिली हैं। दूसरी तरफ सुभान नाडियाडवाला के कंधों पर अपने पिता साजिद नाडियाडवाला की शानदार फिल्मी विरासत को आगे ले जाने की जिम्मेदारी है।
शशांक खेतान का निर्देशन और नया दांव
फिल्म ‘ऐसी दीवानगी’ का निर्देशन शशांक खेतान कर रहे हैं। शशांक को नए कलाकारों को लॉन्च करने में माहिर माना जाता है। इससे पहले उन्होंने ‘धड़क’ के जरिए जाह्नवी कपूर और ईशान खट्टर को एक सफल शुरुआत दी थी। इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि शशांक के निर्देशन में सुभान और कियारा की यह जोड़ी दर्शकों पर गहरा प्रभाव छोड़ सकती है। फिलहाल कियारा सोशल मीडिया पर मौजूद हैं, लेकिन उनका अकाउंट प्राइवेट है। कियारा की खूबसूरती की झलक उनके पिता इंस्टाग्राम हैंडल पर देखने को मिल जाएगी, जहां वो अक्सर अपनी बेटी की तस्वीरें पोस्ट करते रहते हैं।
कियारा के लिए इंडस्ट्री में संभावनाएं
कियारा रॉय को लेकर बॉलीवुड के गलियारों में एक दिलचस्प चर्चा यह भी है कि वे बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने के लिए एक नया ‘स्क्रीन नेम’ अपना सकती हैं। हालांकि अभी तक इस पर कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगी है, लेकिन इस सस्पेंस ने फिल्म के प्रति उत्सुकता और बढ़ा दी है। कुल मिलाकर ‘ऐसी दीवानगी’ के जरिए साजिद नाडियाडवाला एक प्रेम कहानी और एक्शन का जबरदस्त मेल पेश करने जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: दो बार हुआ हार्ट ट्रांसप्लांट, मिला सलमान खान का साथ, अब बोली महिला- मेरे पास उनके लिए तीन दिल और एक जान है
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited




