
रोहित शेट्टी
बॉलीवुड डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर बीते दिनों फायरिंग का मामला सामने आया था। मुंबई के जूहू इलाके में स्थित रोहित शेट्टी के बंगले के बाहर 1 फरवरी को रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर अज्ञात आरोपियों ने पांच राउंड हवाई फायर किए थे। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने यहां सुरक्षा बढ़ा दी थी और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। इस फयरिंग मामले की जिम्मेदारी लॉरेंस विश्नोई गैंग ने ली थी और सोशल मीडिया पोस्ट कर रोहित शेट्टी को भी धमकी दी थी। अब इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। इस मामले में पहले पुलिस ने स्कूटी उपलब्ध कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब इस मामले में एक और आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा है और इसी आरोपी ने इस फायरिंग मामले में आरोपियों को हथियार मुहैया कराया था।
आसाराम फासले उर्फ बाबू हुआ गिरफ्तार
मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के आवास पर हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। क्राइम ब्रांच के अनुसार, आरोपी ने ही रोहित शेट्टी के घर पर गोलीबारी में इस्तेमाल किया गया हथियार मुहैया कराया था। मुंबई क्राइम ब्रांच ने बताया, ‘मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास पर हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में आसाराम फासले उर्फ बाबू को गिरफ्तार किया है। गोलीबारी में इस्तेमाल किया गया हथियार मुहैया कराने की जिम्मेदारी उसी की थी।’ मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम उसे आज बाद में मुंबई के एस्प्लेनेड कोर्ट (किला कोर्ट) में पेश करेगी।इस घटनाक्रम से पहले, इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनकी पुलिस हिरासत आज समाप्त हो रही है।
पुणे से लगा था आरोपियों का सुराग
3 फरवरी को मुंबई पुलिस ने गोलीबारी की घटना में इस्तेमाल किए गए स्कूटर का पता पुणे के एक व्यक्ति से लगाया। मुंबई पुलिस सूत्रों के अनुसार पुणे के उस व्यक्ति ने कथित तौर पर कुछ दिन पहले गिरफ्तार आरोपियों में से एक आदित्य गायकी को स्कूटर 30,000 रुपये में बेचा था। उसने गायकी के हस्ताक्षर भी एक सादे कागज पर ले लिए थे। गायकी, एक अन्य गिरफ्तार व्यक्ति समर्थ पोमाजी के साथ, स्कूटर को मुंबई के जुहू इलाके में एक पूर्व निर्धारित स्थान पर छोड़ गए थे। इन व्यक्तियों को कथित तौर पर शुभम लोनकर से सीधे निर्देश मिल रहे थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि वाहन खरीदने और उसे मुंबई लाने के बीच की पूरी अवधि में आरोपियों को शूटर की पहचान के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि लोनकर ने ही शूटर को निर्धारित स्थान से स्कूटर लेने और गोलीबारी करने का निर्देश दिया था। सूत्रों ने बताया कि पहले भी इसी तरह की कार्यप्रणाली अपनाई गई थी, जिसमें एक ही अपराध के लिए कई छोटे-छोटे समूहों को शामिल किया गया था। इस बीच रोहित शेट्टी के आवास पर कथित तौर पर गोली चलाने वाला व्यक्ति अभी भी फरार है। आगे की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- पलाश मुच्छल और स्मृति मंधाना की शादी अटेंड करने पहुंचा था ‘तस्करी’ स्टार, अब बताया क्यों कैंसिल हुई ग्रैंड वेडिंग
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



