
वहीदा रहमान, गुरु दत्त।
दिग्गज अभिनेत्री वहीदा रहमान 3 फरवरी, 2026 को अपना 88वां जन्मदिन मना रही हैं। ‘कागज के फूल’, ‘प्यासा’ और ‘गाइड’ जैसी क्लासिक फिल्मों में अपनी यादगार भूमिकाओं के लिए मशहूर वहीदा रहमान ने अपने अभिनय करियर में कई यादगार हिट फिल्में दी हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर जानते हैं कि दिग्गज अभिनेत्री ने अपने करियर की शुरुआत कैसे की और फिल्मी दुनिया में उनकी एंट्री कैसे हुई। इसी के साथ ये भी जानते हैं कि अपने अभिनय करियर की शुरुआत में ही उन्हें गुरु दत्त और देवआनंद जैसे अभिनेताओं के साथ काम कैसे मिला?
वहीदा रहमान ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत कैसे की?
वहीदा रहमान 2023 में अरबाज खान के शो द इनविजिबल विद अरबाज खान में अपने प्रोफेशनल करियर और पर्सनल लाइफ से जुड़ी बातें शेयर करती दिखी थीं। इस बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा था, “मैं मद्रास से हूं। मेरे पिता म्यूनिसिपल कमिश्नर थे। मैं कई बार शीशे के सामने फिल्मों की तरह परफॉर्म करती थी। इस पर मेरे वालिद मेरी वालिदा से कहते थे, इसे संभालो कहीं ये पागल न हो जाए। एक दिन उन्होंने मुझे बुलाया और पूछा कि ऐसा क्यों करती हो? मैंने कहा- मैं चाहती हूं जब मैं हंसू तो दुनिया हंसे और जब रोऊं तो दुनिया रोए।” उन्होंने आगे बताया कि उन्हें बचपन से ही गाना और नाचना पसंद था और बाद में उन्होंने डांस सीखना शुरू किया। चूंकि वह दक्षिण भारत से थीं, जहां भरतनाट्यम एक लोकप्रिय डांस फॉर्म है, इसलिए उन्होंने भरतनाट्यम की ट्रेनिंग ली। वहीदा रहमान ने यह भी बताया कि वह शौकिया तौर पर स्टेज पर अभिनय किया करती थीं, और इन्हीं मंच प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्हें फिल्मों से परिचय हुआ।
प्रोड्यूसर थे पिता के दोस्त
अपनी फिल्मी जर्नी पर बात करते हुए वहीदा रहमान ने कहा था- ‘एक दिन मेरे वालिद (पिता) के दोस्त आए। वो तेलुगु फिल्मों के प्रोड्यूसर थे। वो घर आए और मेरे वालिद साहब से बोले- अगर आप इजाजत दें तो हम वहीदा को फिल्म में काम देना चाहते हैं। इस पर मेरे वालिद साहब ने कहा- वहीदा अभी बहुत छोटी है, उसकी पढ़ाई अभी पूरी नहीं हुई है और इस प्रोफेशन के बारे में कभी सोचा भी नहीं गया। फिर भी वो काफी दिनों तक इंसिस्ट करते रहे। उन दिनों मैं लगभग 13-14 साल की थी। कुछ टाइम बाद मेरे वालिद साहब का इंतकाल हो गया और फिर वही दोस्त मेरी वालिदा के पास आए और फिर वही रिक्वेस्ट की। उन्होंने कहा, शायद आप एक्टिंग से घबरा रही हैं, लेकिन ये सिर्फ एक डांस है। जो डांस वो स्टेज पर करती है, वही अगर फिल्म में करेगी तो हर्ज नहीं होगा। एक फिल्म करने दीजिए, स्टेज पर डांस करना हो या फिल्म में डांस करना, क्या फर्क पड़ता है? बड़ी मुश्किल से मेरी वालिदा मान गईं।’
एनटी रामा राव के साथ मिला लीड रोल
वहीदा रहमान पहली बार एक डांसर के तौर पर तेलुगु फिल्म में नजर आई थीं। फिल्म ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया। 1955 में बनी इस फिल्म का नाम ‘रोजुलु मरयी’ था, जिसका निर्देशन तापी चाणक्य ने किया था। इसमें अक्कीनेनी नागेश्वर राव और सौकार जानकी ने मुख्य भूमिकाएँ निभाई थीं। इस फिल्म की सफलता के बाद वहीदा रहमान 1955 में आई ‘जयसिम्हा’ में पहली बार लीड एक्ट्रेस के तौर पर नजर आईं, जिसमें अभिनेता और राजनेता एनटी रामाराव लीड रोल में थे।
हिंदी नहीं साउथ सिनेमा से शुरू किया करियर
वहीदा रहमान ने तेलुगु सिनेमा से अपना करियर शुरू किया। उनकी पहली फिल्म 1955 में आई ‘रोजुलु मरयी’ थी, जिसमें उन्होंने एक गाने में बतौर डांसर काम किया था। वहीं जयसिम्हा की रिलीज के बाद हैदराबाद में उनकी मुलाकात गुरु दत्त से हुई, वे मुंबई आ गईं और एक दिग्गज अभिनेत्री बन गईं।बॉलीवुड (हिंदी सिनेमा) में उन्होंने 1956 की फिल्म ‘सीआईडी’ (C.I.D.) से डेब्यू किया, जिसमें गुरु दत्त और देव आनंद लीड रोल में थे।
ये भी पढ़ेंः Dhurandhar 2 Teaser: धुरंधर 2 का टीजर आज इतने बजे होगा रिलीज, आदित्य धर-रणवीर सिंह ने दिया बड़ा हिंट
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited



