
भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल ‘रामायण: पार्ट 1’ के ट्रेलर को लेकर दर्शकों का इंतजार अब खत्म हो गया है। रणबीर कपूर और यश स्टारर इस मेगा बजट फिल्म का ट्रेलर 30 जुलाई 2026 को सुबह 4:15 बजे ब्रह्म मुहूर्त में रिलीज किया गया। खास बात यह है कि फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने ट्रेलर लॉन्च के लिए ब्रह्म मुहूर्त का समय चुना है, जिसे भारतीय परंपरा में बेहद शुभ और आध्यात्मिक माना जाता है। इस ट्रेलर लॉन्च के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है। लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं।
कैसा है ट्रेलर?
सामने आए ट्रेलर में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर की भव्य और खूबसूरत झलक देखने को मिल रही। रावण के रूप में यश की भी झलक दिखाई गई है। ट्रेलर में दिखी झलक देखकर ये तय हो गया है कि वो पर्दे पर छाने के लिए तैयार हैं। सीता के रोल में साई पल्लवी और लक्ष्मण के रोल में रवि दुबे दमदार लग रहे हैं। ट्रेलर देखकर जाहिर हो रहा कि राम के वनवास जाने से लेकर रावण के उत्थान को पहले पार्ट में शानदार तरीके से कवर किया जाएगा। नितेश तिवारी ने पहले ही ये खुलासा कर दिया है कि पहला भाग एक क्लिफहैंगर पर खत्म होगा, ठीक वैसे ही जैसे बाहुबली का पहला पार्ट खत्म हुआ था और लोगों के मन में एक सवाल रह गया था कि कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा और इसी सवाल का जवाब खोजने के लिए दूसरे भाग को भी देखने पहुंचे थे। इसका मलतब साफ है कि पहला भाग एक रोमांचक मोड़ पर खत्म होगा।
लोगों का रिएक्शन
एक शख्स ने लिखा, ‘राम कमाल के लग रहे हैं, राम असल में ऐसे ही रहे होंगे।’ एक अन्य शख्स ने लिखा, ‘मेरे लिए तो शो स्टॉपर रावण है, क्या दमदार लग रहे हैं यश।’ एक अन्य शख्स ने लिखा, ‘ये फिल्म बवाल काट देगी, इसे देखने के लिए भीड़ उमड़ना तय है।’ एक शख्स ने लिखा, ‘इससे बेहतर कास्टिंग नहीं हो सकती थी।’
ब्रह्म मुहूर्त की पवित्र बेला में होगा ट्रेलर लॉन्च
निर्माता नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर फिल्म का एक पोस्टर साझा करके बताया था कि ब्रह्म मुहूर्त के शुभ अवसर पर हम ‘रामायण’ के नए सवेरा का स्वागत इसके ट्रेलर के साथ करेंगे।’ सनातन परंपरा में ब्रह्म मुहूर्त को अत्यंत पवित्र और ऊर्जावान समय माना गया है, जो सूर्योदय से लगभग 1 घंटे 36 मिनट पहले शुरू होता है। इस समय को नए और शुभ कार्यों की शुरुआत के लिए सर्वोत्तम माना जाता है। मेकर्स के इस प्रतीकात्मक फैसले को फिल्म के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व से जोड़कर देखा जा रहा है।
4000 करोड़ का विशाल बजट और भारत के दिग्गज कलाकार
लगभग 4000 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में तैयार हो रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महंगी प्रोजेक्ट है। वाल्मीकि रामायण पर आधारित इस फिल्म को दो हिस्सों में बड़े पर्दे पर पेश किया जाएगा। फिल्म की स्टार कास्ट बेहद विशाल और प्रभावशाली है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के मुख्य किरदार में नजर आएंगे, जबकि दक्षिण भारतीय स्टार यश ‘रावण’ की भूमिका में तहलका मचाने वाले हैं। वहीं साई पल्लवी ‘माता सीता’, रवि दुबे ‘लक्ष्मण’ और सनी देओल ‘भगवान हनुमान’ के रूप में दिखाई देंगे। इनके अलावा अरुण गोविल (राजा दशरथ), लारा दत्ता (कैकेयी), शीबा चड्ढा (मंथरा), रकुल प्रीत सिंह (शूर्पणखा) और काजल अग्रवाल (मंदोदरी) जैसे मंजे हुए कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
दिवाली 2026 पर दस्तक देगा पहला भाग
नितेश तिवारी की यह सिनेमैटिक मास्टरपीस दर्शकों को एक अलग ही जादुई दुनिया में ले जाने के लिए तैयार है। फिल्म का पहला भाग ‘रामायण: पार्ट 1’ इसी साल दिवाली 2026 के पावन अवसर पर दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा। इसके बाद इस महागाथा का दूसरा अध्याय यानी ‘रामायण: पार्ट 2’ दिवाली 2027 में बड़े पर्दे पर आएगा। ब्रह्म मुहूर्त में हुए इस ट्रेलर लॉन्च के साथ ही सिनेमा इतिहास के एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
https://doonitednews.in/advertisement-rate-card/