
तमिल सिनेमा के मशहूर अभिनेता और निर्देशक धनुष ने हाल ही में अपने प्रशंसकों को सामाजिक कल्याण के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की सलाह दी है। रविवार को उनके फैंस द्वारा आयोजित एक रक्तदान शिविर में पहुंचे धनुष ने फैंस की एकजुटता की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस तरह की सामूहिक ताकत को केवल फिल्मों के ऑडियो लॉन्च या फैन मीट तक सीमित रखने के बजाय समाज सेवा में लगाना चाहिए। उन्होंने अपने फैंस से अपील की कि वे अपने आसपास के लोगों और परिवारों की जरूरतों को समझें और उनकी हर संभव मदद करें। धनुष के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई है कि थलापति विजय के बाद अब वे भी तमिलनाडु की राजनीति में कदम रख सकते हैं।
सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रिया
कार्यक्रम का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होते ही फैंस और आम लोगों ने तरह-तरह की अटकलें लगानी शुरू कर दीं। एक्स पर कई यूजर्स ने धनुष के राजनीति में आने की संभावनाओं पर अपनी राय दी। एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा कि ऐसा लगता है राजनीति में जाने वालों की कतार लंबी होती जा रही है और हर कोई विजय के नक्शेकदम पर चलना चाहता है। वहीं एक अन्य यूजर ने धनुष का स्वागत करते हुए लिखा कि तमिलनाडु को शिक्षित और अनुशासित नेतृत्व की जरूरत है। कई प्रशंसक तो यहां तक कयास लगा रहे हैं कि धनुष जल्द ही अपनी नई राजनीतिक पार्टी का ऐलान कर सकते हैं।
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विवाद पर धनुष का जवाब
इसी कार्यक्रम के दौरान धनुष ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों को लेकर चल रहे विवाद पर भी खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने साफगोई से स्वीकार किया कि वर्ष 2024 में उनकी निर्देशित फिल्म ‘रायन’ से भी बेहतर तमिल फिल्में मौजूद थीं। हालांकि उन्होंने आलोचकों और दर्शकों से आग्रह किया कि वे विवादों के बजाय इस बात का जश्न मनाएं कि एक तमिल कलाकार ने एक ही साल में दो राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किए हैं।
धनुष को लेकर हो रहीं चर्चाएं।
‘रायन’ को सर्वश्रेष्ठ तमिल फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला
धनुष को फिल्म ‘कैप्टन मिलर’ में शानदार अभिनय के लिए स्पेशल मेंशन मिला, जबकि उनकी फिल्म ‘रायन’ को सर्वश्रेष्ठ तमिल फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया। जहां कैप्टन मिलर के सम्मान पर इंटरनेट पर थोड़ी बहस देखने को मिली, वहीं रायन की जीत पर आलोचनाएं ज्यादा हुईं। कई लोगों का मानना था कि उस साल अन्य तमिल फिल्में इस सम्मान की ज्यादा हकदार थीं। पुरस्कारों की इस घोषणा के बाद धनुष ने दिग्गज अभिनेता ममूटी के साथ खुशियां बांटी और फिल्म ‘ओम’ के सेट से दोनों की एक यादगार तस्वीर भी सामने आई।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
https://doonitednews.in/advertisement-rate-card/