
स्टंट आधारित टीवी का सबसे लोकप्रिय रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ अपने 15वें सीजन के साथ छोटे पर्दे पर धमाकेदार वापसी के लिए पूरी तरह तैयार है। मेकर्स ने शो के फैंस का इंतजार खत्म करते हुए इसके प्रीमियर की तारीख का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। रोहित शेट्टी की मेजबानी वाले इस शो में इस बार भी टीवी और सोशल मीडिया जगत के कई नामी सितारे अपनी जान जोखिम में डालकर खतरनाक स्टंट करते नजर आएंगे। इस नए सीजन की शूटिंग हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खूबसूरत शहर केपटाउन में पूरी हुई है, जहां पूरी टीम ने कई रोंगटे खड़े कर देने वाले एक्शन सीक्वेंस फिल्माए हैं।
कब और कहां देख सकेंगे ‘खतरों के खिलाड़ी 15’?
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर शो का एक धमाकेदार प्रोमो जारी किया है, जिसने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया है। ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का प्रीमियर 25 जुलाई 2026 को कलर्स टीवी पर होने जा रहा है। इस शो को हर शनिवार और रविवार रात 9 बजे टीवी पर प्रसारित किया जाएगा। इसके अलावा जो दर्शक इसे ऑनलाइन देखना चाहते हैं, वो इसे स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं। शो के प्रतियोगी और टीवी एक्टर गौरव खन्ना ने प्रोमो शेयर करते हुए लिखा, ‘शुरू होने जा रहा है डर का नया दौर! बस एक महीना और। देखिए खतरों के खिलाड़ी 15, 25 जुलाई से हर शनिवार-रविवार रात 9 बजे, सिर्फ कलर्स टीवी और जियोहॉटस्टार पर।’ इस बार शो का थीम डर का नया दौर रखा गया है। प्रोमो में कंटेस्टेंट्स को गगनचुंबी इमारतों के ऊपर टास्क करते, पिंजरों में कैद होते और सांप-बिच्छुओं जैसे खतरनाक जीवों का सामना करते हुए देखा जा सकता है।
यहां देखें वीडियो
इस सीजन के कन्फर्म कंटेस्टेंट्स की लिस्ट
इस साल ‘खतरों के खिलाड़ी’ के मंच पर नए चेहरों के साथ-साथ पुराने सीजन के कुछ बेहद लोकप्रिय कंटेस्टेंट्स भी वापसी कर रहे हैं, जिससे मुकाबला और दिलचस्प होने वाला है। इस सीजन के कन्फर्म प्रतियोगियों में अनुपमा फेम गौरव खन्ना, अविनाश मिश्रा, फरहाना भट्ट, शगुन शर्मा, अविका गोर और ऑरी शामिल हैं। इनके अलावा स्टैंड-अप कॉमेडियन हर्ष गुजराल, जसमीन भसीन, विशाल आदित्य सिंह, रुबीना दिलैक, करण वाही और ऋत्विक धनजानी भी अपने डर पर फतह पाने के लिए केपटाउन के मैदान में उतर चुके हैं।
कौन था पिछले सीजन का विनर?
आपको याद दिला दें कि ‘खतरों के खिलाड़ी 14’ की चमचमाती ट्रॉफी करण वीर मेहरा ने अपने नाम की थी। उन्होंने ग्रैंड फिनाले में कृष्णा श्रॉफ और गश्मीर महाजनी जैसे मजबूत कंटेस्टेंट्स को मात देकर यह खिताब जीता था। खतरों से खेलने के बाद करण वीर मेहरा कलर्स टीवी के ही दूसरे बड़े रियलिटी शो ‘बिग बॉस 18’ का हिस्सा बने थे और अपनी सूझबूझ के दम पर उन्होंने बिग बॉस 18 की ट्रॉफी और 50 लाख रुपये की इनामी राशि भी अपने नाम की थी। अब देखना यह है कि सीजन 15 में करण वीर की तरह कौन सा खिलाड़ी रोहित शेट्टी के खतरनाक स्टंट्स को पार कर विजेता बनता है।
ये भी पढ़ें: सारे रिकॉर्ड तोड़ने आ रही है ‘बाहुबली 3’, प्रभास और राणा दग्गुबाती ने दिया बड़ा हिंट, वीडियो ने मचाई खलबली
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
