
मशहूर अभिनेत्री नफीसा अली सोढ़ी इन दिनों स्टेज 4 पेरिटोनियल और ओवेरियन कैंसर से जूझ रही हैं। कई साल पहले एक्ट्रेस को कैंसर हुआ था, जिससे वो क्योर हो गई थीं, सालों बाद उन्हें दोबारा इस बीमारी ने घेर लिया। इस कड़े संघर्ष के बीच उन्होंने हाल ही में रोहतांग दर्रे के पास 11000 फीट की ऊंचाई पर ट्रेकिंग करके एक शानदार व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल की है। 69 वर्षीय अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर इस खास एडवेंचर की झलकियां साझा की हैं। उन्होंने माना कि सर्जरी और लगातार चल रही कीमोथेरेपी के दर्द के बाद प्रकृति के बीच बिताए इस समय ने उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से बिल्कुल नया महसूस कराया है।
मुश्किल रास्तों पर मिला परिवार का साथ
नफीसा अली ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह अपने परिवार के साथ इस एडवेंचर का आनंद लेती दिख रही हैं। वीडियो में उनके दामाद आदिल और पोते आमिर पथरीले और चट्टानी रास्तों पर उन्हें सहारा देकर आगे बढ़ाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि अटल टनल पार करने के बाद उन्होंने 11000 फीट की ऊंचाई पर स्थित सिसू नाम की जगह पर परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक लंच का लुत्फ उठाया। इस मुश्किल चढ़ाई को पूरा करने के बाद जब वह सुरक्षित अपनी कार तक पहुंचीं तो उनकी खुशी देखने लायक थी। सोशल मीडिया पर फैंस उनकी इस पॉजिटिविटी और जिंदगी जीने के जज्बे की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
यहां देखें वीडियो
कैंसर के साथ नफीसा का लंबा संघर्ष
नफीसा अली का कैंसर के साथ सफर लंबा और चुनौतीपूर्ण रहा है। उन्हें पहली बार नवंबर 2018 में स्टेज 3 पेरिटोनियल और ओवेरियन कैंसर का पता चला था। कड़े इलाज के बाद साल 2019 में उन्हें ‘कैंसर-मुक्त’ घोषित कर दिया गया था। हालांकि पिछले साल अक्टूबर में उन्होंने खुद इंस्टाग्राम पर फैंस को अपडेट दिया कि उनका कैंसर वापस आ गया है और अब यह स्टेज 4 तक बढ़ चुका है। इसके बाद उन्होंने दोबारा कीमोथेरेपी शुरू की। इलाज के दौरान साल 2020 में उन्हें ल्यूकोडर्मा की समस्या भी हो गई थी, लेकिन उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी। वह लगातार सोशल मीडिया के जरिए अपनी हेल्थ अपडेट फैंस के साथ साझा कर दूसरों को प्रेरित कर रही हैं।
आखिरी बार अमिताभ बच्चन संग आईं नजर
काम की बात करें तो नफीसा अली को आखिरी बार साल 2022 में आई सूरज बड़जात्या की सुपरहिट फिल्म ‘ऊंचाई’ में देखा गया था, जिसमें उनके साथ अमिताभ बच्चन, अनुपम खेर और बोमन ईरानी जैसे दिग्गज कलाकार थे। रील लाइफ की तरह रियल लाइफ में भी नफीसा ‘ऊंचाई’ के संदेश को जी रही हैं।
ये भी पढ़ें: किसके जैसा दिखता है कैटरीना कैफ और विक्की कौशल का बेटा विहान, दादा शाम कौशल ने किया खुलासा
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
