
सुपरस्टार विजय मुख्यमंत्री बनने के बाद भी अपना फिल्मी अंदाज बरकरार रखे हुए हैं। विधानसभा में भी इनके अतरंगी तेवर देखने को मिल रहे हैं जो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो रहे हैं। हाल ही में विजय का एक वीडियो सुर्खियों में आ गया है और इस वीडियो को बार-बार देखा जा रहा है। इस वीडियो को देखने के बाद लोगों ने इसे बर्थडे की स्पेशल ट्रीट करार दे दिया है। दरअसल हालिया विधानसभा सेशन में भले ही विपक्षी नेता वॉकआउट कर गए, लेकिन विजय का किलर अवतार कायम था। डीएमके के विधायक विजय की स्पीच के बीच ही उठकर बाहर जाते नजर आए, लेकिन विजय ने उन्हें पूरी तरह नजरअंदाज किया और इसे खुद पर हावी होने नहीं दिया। उन्होंने स्पीकर जेसीडी प्रभाकर से अनुमति ली कि वो अपनी स्पीच को एक फिल्मी अंदाज में खत्म करना चाहते हैं, ठीक वैसे ही जैसे एमके स्टालिन ने किया था।
वायरल हुआ विजय का एक्शन
विजय ने जिस मिजाज के साथ अपनी स्पीच को खत्म किया वो स्पीच का हिस्सा वायरल हो गया। हर किसी का ध्यान उनके एक्शन पर ही जा टिका। उन्होंने ये भी कहा कि जिनके लिए उन्होंने ये जेस्चर किया वो पहले ही विधानसभा से जा चुके हैं, पर फिर वो इसे करना चाहते हैं। उन्हें जैसे ही ऐसा करने की अनुमति मिली, उन्होंने इसे अपनी स्माइल के साथ और ज्यादा ड्रमैटिक कर दिया। विजय को ऐसा करता देख उनकी पार्टी के सदस्य खिलखिला उठे और उन्हें चियर अप करने लगे। जैसे ही ये वीडियो वायरल हुआ एक्टर के फैंस भी उनकी तारीफ के पुल बांधने लगे। कई फैंस ने कहा कि ये उनका डीएमके के लिए करारा जवाब था।
लोगों का रिएक्शन
एक फैन ने X पर लिखा, ‘DMK को लगता है कि CM बनने के बाद विजय का क्रेज़ कम हो गया है। असल में CM विजय का क्रेज और बढ़ गया है।’ एक और फैन ने लिखा, ‘विजय तमिलनाडु के सबसे बड़े सेलिब्रिटी हैं और लोग उन्हें पूजते हैं। मुझे नहीं लगता कि तमिलनाडु में कोई भी उनके फिल्मी अंदाज का विरोध करेगा।’ एक फैन ने तो वीडियो शेयर करते हुए KGF का मशहूर डायलॉग भी लिखा, ‘अगर तुम बुरे हो तो मैं तुम्हारा बाप हूं।’ एक फैन ने मजाक में यह भी कहा, ‘CM थलापति विजय की तरफ से उनके फैंस के लिए जन्मदिन का सबसे बड़ा तोहफा।’
आखिरी फिल्म पर विवाद कायम
विजय के फिल्मी करियर की बात करें तो वो आखिरी बार ‘जन नायकन’ में नजर आएंगे, जो अभी तक रिलीज नहीं हुई है। इससे पहले एक्टर ‘GOAT’ और ‘लियो’ जैसी फिल्मों में नजर आए थे। इन फिल्मों के ऐलान के साथ ही उन्होंने साफ कर दिया था कि वो एक्टिव पॉलिटिक्स में कदम रखने जा रहे हैं और उनकी आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ होगी। फिल्म चुनाव से पहले ही रिलीज होनी थी, जिसकी रिलीज अब 6 महीने से टल रही है और अभी भी सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट नहीं मिली है। फिल्म लीक भी हो चुकी हैं। बता दें, विजय ने 2024 में अपनी पार्टी लॉन्च की थी।
ये भी पढ़ें: OTT पर आ रहा भरोसे, ताकत और सर्वाइवल का ‘एलायंस’ खेल, कुणाल खेमू में होगी कंटेस्टेंट की लगाम, ट्रेलर में दिखी झलक
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
