
साल 2026 का सेकंड हाफ अब शुरू हो चुका है, यानी आधा साल बीत भी गया है। साल की शुरुआत में कई बड़ी फिल्में रिलीज हुईं। अब साल के दूसरे हाफ में भी कई बड़ी फिल्में रिलीज होने वाली हैं। लिस्ट में कई बड़े सुपरस्टार्स की फिल्मों के नाम भी शामिल हैं। अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों से थिएटर आबाद रहने वाले हैं। पौराणिक कथाओं से लेकर स्पाई थ्रिलर्स, एक्शन ड्रामा और कॉमेडी फ्रेंचाइजी तक हर जोनर की फिल्मों का दबदबा देखने को मिलेगा। कई फिल्मों को लेकर फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और इनके लिए दर्शकों की उत्सुकता सातवें आसमान पर है। IMDb ने सबसे ज्यादा चर्चित और बहुप्रतीक्षित फिल्मों की लिस्ट भी जारी की है, जिसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट से लेकर शाहरुख खान, अजय देवगन, यश, अक्षय कुमार की फिल्में शामिल हैं। आइए नजर डालते हैं उन फिल्मों पर जिन्होंने सिनेप्रेमियों के बीच सबसे ज्यादा उत्साह पैदा किया है।
रणबीर कपूर की फिल्म का सबसे ज्यादा इंतजार
बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान की आगामी फिल्म ‘किंग’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। पर्दे से तीन साल की दूरी के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे शाहरुख की यह फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें वह पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन साझा करेंगे। कई लोगों को लग सकता है कि ये साल की सबसे प्रतीक्षित फिल्म होगी, जबकि ऐसा नहीं है, ये खिताब शाहरुख के पास नहीं है, बल्कि नंबर वन के पायदान को रणबीर कपूर की फिल्म ने हासिल किया है। इस लिस्ट में कई और फिल्में भी हैं, जिसमें से एक ‘किंग’ भी है।
‘किंग’ और ‘टॉक्सिक’ टॉप 5 में शामिल
हालिया रैंकिंग के अनुसार सबसे टॉप पर रणबीर कपूर की पौराणिक कथा ‘रामायण’ है, जिसमें साई पल्लवी और यश, रणबीर कपूर संग मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन ‘दंगल’ फेम निर्देशक नितेश तिवारी निभा रहे हैं। दूसरे नंबर आलिया भट्ट, शरवरी वाघ, बॉबी देओल और अनिल कपूर स्टारर ‘अल्फा’ है। इस ताजा रैंकिंग सूची में साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ तीसरे स्थान पर काबिज है, जबकि शाहरुख खान की ‘किंग’ चौथे पायदान पर मौजूद है। रिपोर्ट्स के अनुसार शाहरुख की यह फिल्म 1994 की हॉलीवुड क्लासिक ‘लियोन: द प्रोफेशनल’ से प्रेरित है, जिसमें वह एक मंजे हुए शार्पशूटर की भूमिका में एक युवा लड़की की रक्षा करते नजर आएंगे।
अजय देवगन और श्रद्धा कपूर की फिल्में भी रेस में आगे
शीर्ष 10 फिल्मों की बात करें तो अजय देवगन की कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘धमाल 4’ पांचवें नंबर पर है, जबकि उनकी सस्पेंस थ्रिलर ‘दृश्यम 3’ छठे स्थान पर बनी हुई है। इसके बाद ‘विश्वनाथ एंड संस’ सातवें, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ आठवें और ‘हैवान’ नौवें स्थान पर हैं। श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म ‘ईथा’ ने इस सूची में 10वां स्थान हासिल किया है।
क्षेत्रीय और हिंदी सिनेमा का दबदबा
सूची में आगे बढ़ते हुए 11वें स्थान पर ‘आवारापन 2’ और 12वें पर ‘इक्का’ का नाम आता है। इसके बाद अरसन, खलीफा, आई एम गेम, रणबाली, शक्ति शालिनी, इधयम मुरली, सिग्मा और ‘व्वान – फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ जैसी फिल्मों ने टॉप 20 में अपनी जगह पक्की की है। खास बात यह है कि इस पूरी लिस्ट में पांच अलग-अलग भाषाओं का दबदबा देखने को मिला है, जिसमें 12 हिंदी, चार तमिल, दो मलयालम, एक तेलुगु और एक कन्नड़ भाषा की फिल्म शामिल है।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
