
आलिया भट्ट इन दिनों अपनी फिल्म ‘अल्फा’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं, जो जल्दी ही दर्शकों के बीच दस्तक देने वाली है। यशराज फिल्म्स की इस स्पाई थ्रिलर के साथ आलिया भी स्पाई यूनिवर्स में कदम रख रही हैं, जिसे लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। आलिया भी अपनी फिल्म प्रमोट करने का कोई मौका नहीं छोड़ रही हैं। ‘अल्फा’ के प्रमोशन के लिए अभिनेत्री हाल ही में शरवरी वाघ के साथ समय रैना के कॉन्ट्रोवर्शियल शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में भी पहुंची थीं। जहां वह खूब एंजॉय करती दिखीं, लेकिन इस दौरान वह थोड़ी नर्वस भी लग रही थीं। अब हाल ही में जब एक्ट्रेस ने अपनी फिल्म प्रमोशन के सिलसिले में जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी, जयपुर पहुंचीं, जहां उनसे इस शो में जाने को लेकर सवाल किया गया, जिस पर एक्ट्रेस ने बहुत ही मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी।
‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में आलिया ने क्यों की शिरकत?
इस हफ्ते की शुरुआत में आलिया भट्ट अपनी फिल्म ‘अल्फा’ के प्रमोशन के लिए जयपुर के जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी पहुंचीं, जहां वह ऑडियंस से रूबरू हुईं। इस दौरान उनकी को-स्टार शरवरी वाघ भी उनके साथ मौजूद रहीं। इसी दौरान उन्होंने समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में शिरकत करने को लेकर भी बात की। प्रमोशन के दौरान एक स्टूडेंट ने आलिया से पूछा कि आखिर वह इस शो में शिरकत के लिए कैसे मान गईं, जबकि ये बहुत ही अनफिल्टर्ड शो है। इस सवाल पर ऑडियंस में बैठे लोगों में से किसी ने कहा- ‘पैसा’। ये सुनकर आलिया हस पड़ीं और बोलीं- ‘किसने बोला ये? किसी गरीब आदमी ने।’
समय रैना ने भी शेयर किया आलिया का वीडियो
आलिया भट्ट ने जैसे ही ये जवाब दिया, ऑडियंस में बैठे सभी लोग हस पड़े और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। वहीं सोशल मीडिया पर भी अभिनेत्री की ये हाजिर जवाबी चर्चा का विषय बन गई है। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। समय रैना ने भी एक्ट्रेस का ये वीडियो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया और कैप्शन में लिखा- ‘हाहाहा फुल किल।’ सोशल मीडिया यूजर भी इस वीडियो पर मजाकिया अंदाज में कमेंट कर रहे हैं। एक ने लिखा- ‘समय रैना के साथ रहने के साइड इफेकट्स।’ एक ने लिखा- ‘क्या बात है, आलिया फुल किलिंग मोड में हैं।’ ऐसे ही कमेंट करते हुए यूजर एक्ट्रेस की तारीफ कर रहे हैं।
‘अल्फा’ के बारे में
अल्फा की बात करें तो शिव रवैल द्वारा निर्देशित ये स्पाई-थ्रिलर 3 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ लीड रोल में हैं और इनके साथ बॉबी देओल और अनिल कपूर जैसे स्टार भी अहम भूमिका में हैं। बता दें, ‘अल्फा’ यशराज फिल्म्स की स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल लीड स्पाई-थ्रिलर फिल्म है, जिसमें आलिया लीड रोल में हैं। इससे पहले वाईआरएफ की इस स्पाई यूनिवर्स की सलमान खान स्टारर ‘एक था टाइगर’, ‘टाइगर जिंदा है’, ऋतिक रोशन स्टारर ‘वॉर’, शाहरुख खान फेम ‘पठान’, ‘टाइगर 3’ (सलमान खान) और ‘वॉर 2’ (ऋतिक रोशन) जैसी फिल्में शामिल हैं।
ये भी पढ़ेंः बिना किसी कट के पास हुई आलिया भट्ट की ‘अल्फा’, सेंसर बोर्ड से मिली हरी झंडी, रनटाइम का भी हुआ खुलासा
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
