
अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ और दिशा पाटनी जैसे 30 से अधिक दिग्गज कलाकारों से सजी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ इन दिनों सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है। फिल्म को लेकर बाजार में कई तरह की अफवाहें थीं, जिनमें सबसे बड़ी चर्चा इसके भारी-भरकम बजट को लेकर थी। कयास लगाए जा रहे थे कि इस मल्टीस्टारर फिल्म का बजट 300 करोड़ रुपये के आसपास है। IMDb पर भी 200-300 करोड़ के बीच बजट दर्ज किया गया, लेकिन अब फिल्म के निर्देशक अहमद खान ने खुद सामने आकर इस बजट का असली सच उजागर कर दिया है, जो बेहद चौंकाने वाला है। उन्होंने साफ किया कि फिल्म का बजट किए जा रहे दावों के आधे से भी कम है।
300 करोड़ नहीं, महज इतने बजट में बनी फिल्म
निर्देशक अहमद खान ने टाइम्स नाओ के दिए एक हालिया इंटरव्यू में बजट की तमाम अफवाहों पर विराम लगाते हुए बताया कि फिल्म का बजट उतना बड़ा नहीं है जितना लोग सोच रहे हैं। अहमद खान के मुताबिक, ‘पूरी स्टारकास्ट, एक्शन सीक्वेंस, गानों और यहां तक कि ब्याज के पैसों को भी जोड़ लिया जाए तो ‘वेलकम टू द जंगल’ का कुल बजट ₹115 करोड़ से ₹125 करोड़ के बीच ही रहा है।’ फिल्म की मेकिंग को लेकर उन्होंने एक और दिलचस्प खुलासा किया। अहमद ने बताया कि इस पूरी फिल्म की शूटिंग महज 75 शिफ्ट्स में पूरी कर ली गई थी। हर शिफ्ट सिर्फ 8 घंटे की होती थी, जिसमें से लंच और अन्य ब्रेक हटाकर वे रोजाना केवल 6 से 6.5 घंटे ही शूटिंग करते थे। इतने कम समय में इतनी बड़ी फिल्म को समेटना वाकई तारीफ के काबिल है।
अक्षय कुमार की इस खास डील ने बचाए करोड़ों रुपये
इस फिल्म के बजट को इतना नियंत्रित रखने के पीछे सबसे बड़ा हाथ खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार का है। अमूमन फिल्मों के लिए भारी-भरकम फीस लेने वाले अक्षय ने इस फिल्म के लिए अपनी रणनीति बदल दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक अक्षय कुमार ने फिल्म के लिए शुरुआत में एक भी रुपया फीस नहीं ली। इसके बजाय उन्होंने मेकर्स के साथ प्रॉफिट-शेयरिंग मॉडल पर काम किया। वहीं फिल्म की रिलीज से पहले हुए इवेंट में अक्षय कुमार से सवाल किया गया था कि क्या उन्होंने 1.7 करोड़ रुपये इस फिल्म के लिए फीस ली है, जिसके जवाब ने अक्षय कुमार ने साफ कहा कि उनकी कमाई इससे भी कम थी। उन्होंने फिल्म के लिए बहुत कम पैसे लिए हैं। अक्षय ने कहा, ‘जो आपने कहा मैंने उतना भी नहीं है, मैंने बहुत कम चार्ज किया है। इस फिल्म की कहानी नीरज वोहरा ने लिखी है, मैंने नीरज वोहरा, प्रियदर्शन और नीरज वोहरा से बहुत कुछ सीखा है, ये कहानी मेरे दिल के बहुत करीब थी। नीरज से मैंने बहुत कुछ सीखा है, ये कहानी उसकी ही थी, साथ में फिरजो नाडियडवाला है, जिसे मैं 36 सालों से जानता हूं, मैं उसके पास स्ट्रगलिंग करता था।’
क्या रहा प्रोडक्शन का कुल खर्चा?
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार अक्षय के इस कदम से फिल्म की शुरुआती लागत बहुत कम हो गई। अगर फिल्म के बजट के बंटवारे को समझें तो शूटिंग और प्रोडक्शन लागत लगभग ₹60 करोड़ रही। बाकी स्टारकास्ट की फीस 35 करोड़ में निपट गई। निर्देशक और टेक्निकल टीम का खर्च सिर्फ 15 करोड़ के आसपास रहा। प्रिंट और पब्लिसिटी, यानी प्रमोशन का खर्च 15 करोड़ बताया गया। इस तरह पूरी फिल्म का गणित ₹125 करोड़ पर आकर रुक गया। अक्षय अब फिल्म की पूरी लागत वसूल होने के बाद होने वाले शुद्ध मुनाफे में से अपना हिस्सा लेंगे।
रिलीज होते ही कैसे मुनाफे में आ गई फिल्म?
ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार फिल्म ने रिलीज के कुछ ही दिनों के भीतर दुनिया भर में ₹120 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन का आंकड़ा पार कर लिया है और यह तेजी से आगे बढ़ रही है, लेकिन फिल्म के मुनाफे की कहानी सिर्फ बॉक्स ऑफिस तक सीमित नहीं है। अहमद खान ने खुलासा किया कि फिल्म की रिलीज से पहले ही इसके डिजिटल राइट्स, सैटेलाइट राइट्स और म्यूजिक राइट्स को करीब ₹120 करोड़ में बेच दिया गया था। इसका सीधा मतलब यह है कि मेकर्स अपनी लागत का एक बहुत बड़ा हिस्सा रिलीज से पहले ही सुरक्षित कर चुके थे। अब बॉक्स ऑफिस से होने वाली हर कमाई सीधे मेकर्स की जेब में जा रही है और फिल्म पूरी तरह से मुनाफे के ट्रैक पर दौड़ रही है। इसका सीधा मतलब है कि फिल्म सुपरहिट हो चुकी है।
ये भी पढ़ें: क्या कृति सेनन का कबीर बहिया से हो गया ब्रेकअप? एक तस्वीर से एक्ट्रेस ने कर दी अफवाहें फैलाने वालों की बोलती बंद
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
