
निर्देशक अहमद खान की फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ अपनी रिलीज के समय से ही अपनी विशाल स्टारकास्ट को लेकर चर्चा में बनी हुई है। अक्षय कुमार की अगुवाई वाली इस फिल्म में कुल 34 दिग्गज कलाकारों की फौज है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अहमद खान ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि बॉलीवुड के ‘संजू बाबा’ यानी संजय दत्त भी इस फिल्म का अहम हिस्सा थे और उन्होंने कुछ दृश्यों की शूटिंग भी कर ली थी, लेकिन ऐन वक्त पर उन्हें इस प्रोजेक्ट से बाहर होना पड़ा।
इस वजह से फिल्म से बाहर हुए संजय दत्त
न्यूज 18 से बातचीत में अहमद खान ने बताया, ‘संजय दत्त को फिल्म की कहानी बेहद पसंद आई थी और वह इसका हिस्सा बनने के लिए बहुत उत्साहित थे। फिल्म में उनके कई पुराने दोस्त जैसे जैकी श्रॉफ और अक्षय कुमार भी शामिल थे। हमने उनके साथ कुछ हिस्से की शूटिंग भी पूरी कर ली थी, लेकिन बाद में डेट्स की समस्या आ गई। उन्हें अपने इलाज के लिए अचानक अमेरिका जाना पड़ा। चूंकि फिल्म में बहुत सारे कलाकार थे, इसलिए मेरे लिए बाकी सभी की तारीखों को आगे-पीछे करना मुमकिन नहीं था।’
संजू बाबा ने खुद निकाला अपनी जगह का रिप्लेसमेंट
संजय दत्त ने न सिर्फ फिल्म छोड़ी, बल्कि मेकर्स की मुश्किल आसान करने के लिए खुद इसका समाधान भी निकाला। अहमद खान ने बताया, ‘बाबा ने बड़े दिल का परिचय देते हुए खुद सुनील शेट्टी को फोन किया और उनसे वह किरदार निभाने का अनुरोध किया जो खुद संजय दत्त करने वाले थे। इसके साथ ही उन्होंने जैकी श्रॉफ से वह रोल करने की गुजारिश की जो पहले सुनील शेट्टी के खाते में था। इस तरह उन्होंने अपनी गैर-मौजूदगी का बेहतरीन विकल्प तैयार कर दिया, जिसके लिए हम हमेशा उनके आभारी रहेंगे।’
कमाई के मामले में फायदे का सौदा रही फिल्म
बॉक्स ऑफिस पर ‘वेलकम टू द जंगल’ का प्रदर्शन काफी संतोषजनक रहा है। फिल्म ने अब तक घरेलू बाजार में ₹72.25 करोड़ का नेट और ₹85.67 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इसकी कहानी कुछ गैंगस्टर्स और अतरंगी किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सरहद के पास एक जंगल में फंस जाते हैं और फिर शुरू होता है कॉमेडी और एडवेंचर का सफर। फिल्म में रवीना टंडन, लारा दत्ता, परेश रावल, अरशद वारसी और दिशा पाटनी जैसे कई बड़े नाम शामिल हैं।
बजट को लेकर निर्देशक का बड़ा दावा
फिल्म के बजट पर बात करते हुए अहमद खान ने बताया कि स्टारकास्ट, एक्शन और गानों को मिलाकर फिल्म का कुल खर्च ₹115 करोड़ से ₹125 करोड़ के बीच रहा है, जिसमें ब्याज की रकम भी शामिल है। उन्होंने दावा किया कि फिल्म अपनी लागत को रिलीज से पहले ही डिजिटल, सैटेलाइट, म्यूजिक और ओवरसीज राइट्स बेचकर वसूल चुकी थी। ऐसे में अब बॉक्स ऑफिस से होने वाली जो भी कमाई है, मेकर्स के लिए सीधा मुनाफा प्रॉफिट है।
ये भी पढ़ें: ‘वो मेरी पत्नी है’, आकांक्षा चमोला के तलाक वाले दावों पर सामने आया गौरव खन्ना का पहला रिएक्शन
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
