
बॉलीवुड के वर्सेटाइल अभिनेता आयुष्मान खुराना ने अपनी अगली बड़ी फिल्म ‘मुपापा’ की रिलीज डेट पर मुहर लगा दी है। लीक से हटकर विषय चुनने के लिए मशहूर आयुष्मान की यह फिल्म अगले साल यानी 19 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके जरिए भारतीय सिनेमा के दो दिग्गज प्रोडक्शन हाउस यश राज फिल्म्स और पोशम पा पिक्चर्स पहली बार किसी थिएट्रिकल प्रोजेक्ट के लिए एक साथ हाथ मिला रहे हैं।
क्या है ‘मुपापा’ की कहानी और विजुअल गेम?
हालांकि मेकर्स ने अभी तक इस फिल्म की कहानी का पूरी तरह से खुलासा नहीं किया है, लेकिन उन्होंने इसे एक बिल्कुल ही अलग शैली की फिल्म बताया है। निर्माताओं के अनुसार, यह फिल्म दर्शकों को बड़े पर्दे पर एक बेहद अनोखा और कभी न देखा गया दृश्यात्मक अनुभव देने का वादा करती है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आयुष्मान खुराना के नेतृत्व में बन रही यह परियोजना अपनी सस्पेंस और रफ्तार से दर्शकों को शुरुआत से अंत तक अपनी सीटों से बांधकर रखेगी।
आदित्य चोपड़ा के विजन को आगे बढ़ा रहे अक्षय विधानी
यह साझेदारी असल में आदित्य चोपड़ा के उस बड़े विजन का हिस्सा है, जिसके तहत वाईआरएफ के सीईओ अक्षय विधानी स्टूडियो मॉडल को एक स्वतंत्र निर्माता के तौर पर आगे ले जा रहे हैं। अक्षय विधानी इस फिल्म के मुख्य निर्माता हैं। इससे पहले उनके प्रोडक्शन में बनी फिल्म ‘सैयारा’ भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे कामयाब रोमांटिक फिल्मों में शुमार हुई थी और ‘सैयारा’ की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद निर्माता के तौर पर यह उनका दूसरा बड़ा दांव है।
पोशम पा पिक्चर्स और समीर सक्सेना की मजबूत टीम
‘मुपापा’ का निर्देशन भारत के जाने-माने शोरनर और निर्देशक समीर सक्सेना कर रहे हैं। पोशम पा पिक्चर्स को भारतीय मनोरंजन उद्योग में अपने अनोखे और प्रयोगधर्मी कंटेंट के लिए जाना जाता है। इस कंपनी की कमान समीर सक्सेना के साथ बिस्वपति सरकार, सौरभ खन्ना और अमित गोलानी जैसे रचनात्मक दिमागों के हाथों में है, जो इससे पहले ‘काला पानी’ और ‘मामला लीगल है’ जैसी समीक्षकों द्वारा सराही गई वेब सीरीज दे चुके हैं। अब वाईआरएफ के साथ मिलकर इनका उद्देश्य आज के सिनेमाई दर्शकों को एक नया अनुभव देना है।
कंटेंट के मामले में ‘फोमो’ के शिकार हैं आयुष्मान
साल 2012 में ‘विक्की डोनर’ से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत करने वाले आयुष्मान खुराना ने ‘अंधाधुन’, ‘बधाई हो’, ‘आर्टिकल 15’ और ‘बाला’ जैसी एक से बढ़कर एक सुपरहिट फिल्में दी हैं। हाल ही में वे ‘थम्मा’ और ‘पति पत्नी और वो 2’ जैसे प्रोजेक्ट्स में नजर आए थे। अपनी अनूठी स्क्रिप्ट्स के चयन पर बात करते हुए आयुष्मान ने एक बार कहा था कि वह हमेशा भविष्य की सोचते हैं। उन्हें नए विषयों को लेकर एक तरह का फोमो रहता है। वह हमेशा चाहते हैं कि किसी अनोखे विषय पर फिल्म बनाने वाले वह पहले अभिनेता बनें और यही डर उन्हें लगातार नए और चुनौतीपूर्ण किरदारों की ओर खींचता है।
ये भी पढ़ें: नाम लेडीज का पर स्क्रीन पर छाए रहे यश! ‘टॉक्सिक’ के नए टीजर पर भड़के फैंस, बोले- क्रिंजफेस्ट चल रहा है
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
