
सिनेमाघरों से उतरकर अब कपिल शर्मा स्टारर कॉमेडी फिल्म ‘दादी की शादी’ ओटीटी पर दस्तक दे चुकी है। फिल्म 8 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, लेकिन दर्शकों से इसे कुछ खास रिस्पॉन्स नहीं मिल सका और बॉक्स ऑफिस पर ये फ्लॉप हो गई। लेकिन, अब सिनेमाघरों से उतरकर जैसे ही इस फिल्म ने ओटीटी पर दस्तक दी, दर्शकों ने इस पर प्यार लुटाना शुरू कर दिया है। आशीष आर मोहन के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने ओटीटी पर आते ही ब्लॉकबस्टर स्पाई-थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ और हॉरर-कॉमेडी ‘भूत बंगला’ को भी पीछे छोड़ दिया है और अब नेटफ्लिक्स पर टॉप 10 में नंबर वन पर ट्रेंड कर रही है।
नेटफ्लिक्स पर छाई कपिल शर्मा की फिल्म
कपिल शर्मा, नीतू सिंह और सादिया खतीब स्टारर 2 घंटे 30 मिनट की ये फैमिली ड्रामा 8 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज थी, लेकिन तब इसे लेकर दर्शकों के बीच कुछ खास बज देखने को नहीं मिला। नतीजा ये हुआ कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 8-10 करोड़ की कमाई के बाद सिमट गई। अब फिल्म की रिलीज के 2 महीने बाद, 3 जुलाई को मेकर्स ने इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया और अब ये फिल्म इतनी देखी जा रही है कि नंबर वन पर ट्रेंड कर रही है वो भी रिलीज के महज 3 दिनों के भीतर।
क्या है फिल्म की कहानी?
‘दादी की शादी’ की कहानी की बात करें तो ये फिल्म एक फैमिली कॉमेडी-ड्रामा है। इसकी कहानी विमला आहूजा (नीतू कपूर) की दादी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो विधवा है और फेसबुक स्टेटस में हुई एक गलती के चलते दोबारा शादी का फैसला करती है। विमला के इस फैसले से उसके बच्चे शर्मिंदा हो जाते हैं और तो और उसके पोते टोनी (कपिल शर्मा) की भी उसकी मंगेतर कन्नू (सादिया खतीब) के साथ शादी अटक जाती है। फिल्म में रिद्धिमा कपूर साहनी भी अहम भूमिका में हैं, जिन्होंने इस फिल्म से अपना एक्टिंग डेब्यू किया है। लेकिन, तमाम कोशिशों और चर्चाओं के बावजूद फिल्म सिनेमाघरों तक दर्शकों को नहीं खींच पाई।
आईएमडीबी रेटिंग
फ्लॉप के बावजूद ‘दादी की शादी’ को आईएमडीबी पर बढ़िया रेटिंग मिली है। ढाई घंटे की इस फिल्म को आईएमडीबी पर 6.8 रेटिंग मिली है। अभिषेक आर मोहन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कपिल शर्मा, सादिया खतीब, नीतू सिंह, रिद्धिमा कपूर साहनी और साउथ स्टार आर सरथकुमार मुख्य भूमिका में हैं। इनके अलावा दीपक दत्ता, अदिति मित्तल, जितेंद्र हुड्डा और तेजस्विनी कोल्हापुरे जैसे कलाकार भी अहम भूमिका में हैं और हां, युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह भी इस फिल्म में अहम भूमिका में हैं, जिन्हें स्क्रीन पर देखना किसी सरप्राइज से कम नहीं है, क्योंकि वह फिल्म में बिलकुल ही एक अलग अवतार में दिखाई देते हैं। अगर आप ये फिल्म देखने की योजना बना रहे हैं तो इसकी खासियत ये है कि आप पूरे परिवार के साथ बैठकर इस फिल्म का लुत्फ उठा सकते हैं।
ये भी पढ़ेंः कपूर खानदान का सबसे कंजूस सदस्य कौन है? करिश्मा कपूर ने बताया नाम, सुनाया लंदन शॉपिंग का किस्सा
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में हुआ धोखा? सुनील पाल ने खोला समय रैना के साथ रोस्टिंग विवाद का सच
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
