
नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो ‘लॉक अप’ में एंट्री लेते ही आकांक्षा चमोला सुर्खियों में आ गई थीं। उन्होंने ऐसे दावे किए कि न सिर्फ उनके फैंस बल्कि इंडस्ट्री के लोग और साथी कंटेस्टेंट भी शॉक में चले गए। दरअसल एक्ट्रेस ने अपनी निजी जिंदगी से एक बड़ा खुलासा कर सबको चौंका दिया है। उन्होंने दुनिया के सामने यह ऐलान किया कि वह और उनके पति गौरव खन्ना तलाक ले रहे हैं। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शन सामने आने लगे। कई लोग इन दावों पर भरोसा ही नहीं कर पा रहे हैं। वहीं कई लोग ऐसे हैं जो इस सोच में पड़ गए हैं कि आखिर ये तलाक क्यों ले रहे हैं? शो में एंट्री के दौरान एक्ट्रेस ने वजह तो नहीं बताई थी, लेकिन शो का हिस्सा बनने के चंद दिनों के भीतर ही उन्होंने इस राज से भी पर्दा हटा दिया था।
बच्चे को लेकर मतभेद बना तलाक की वजह
जैसे-जैसे शो आगे बढ़ा आकांक्षा को अपने इस फैसले की असली वजह पर खुलकर बात करते हुए देखा गया। उन्होंने साझा किया कि बच्चे को लेकर दोनों के बीच पैदा हुए मतभेद ही इस बड़े फैसले की मुख्य वजह बने। आकांक्षा ने कहा, ‘अब वह बच्चे चाहते हैं और मुझे लगता है कि मैं उन्हें यह खुशी नहीं दे सकती। मैंने तभी साफ कह दिया था कि मैं यह नहीं कर पाऊंगी। अगर आप मुझे छोड़ना चाहते हैं तो छोड़ सकते हैं। फिर बिग बॉस का समय आया और मुझे अहसास हुआ कि शायद उनकी यह इच्छा बहुत गहरी है और मैं इसे पूरा नहीं कर पा रही हूं। मैं उन्हें किसी ऐसी स्थिति में नहीं रखना चाहती जहाँ उन्हें समझौता करना पड़े।’
शो के मंच पर किया अलगाव का खुलासा
आकांक्षा ने ‘लॉक अप’ के लॉन्च के दौरान एक रिवील कार्ड चुना और अपने रिश्ते का सच सामने रखा। उन्होंने बताया, ‘मैं और गौरव तलाक ले रहे हैं। हम पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं। अब तक यह बात दुनिया के सामने नहीं आई थी, लेकिन हम एक साल से इस फैसले को दबाए बैठे थे। हमारे बीच कोई कड़वाहट नहीं है, हम आपस में बात भी करते हैं। लेकिन हमें लगता है कि जीवनसाथी के रूप में हमारे विचार मेल नहीं खाते क्योंकि हम दोनों का भविष्य को लेकर नजरिया अलग है।’
परिवारों के लिए भी चौंकाने वाली खबर
आकांक्षा ने यह भी संकेत दिया कि अलग होने का यह विचार उस वक्त के आसपास आया जब गौरव खन्ना ‘बिग बॉस’ का हिस्सा बने थे। अभिनेत्री ने आगे बताया, ‘हमारे माता-पिता ने सुझाव दिया था कि हमें कुछ समय अलग रहकर एक-दूसरे को समझने की कोशिश करनी चाहिए। उन्हें लगता था कि हम बातचीत करते हैं और सार्वजनिक कार्यक्रमों में साथ जाते हैं तो शायद चीजें फिर से ठीक हो जाएं, लेकिन अब हमारे बीच शादीशुदा जोड़े जैसा कुछ नहीं बचा है। यह खबर हमारे परिवारों के लिए भी बिल्कुल नई और चौंकाने वाली होगी।’ बता दें कि आकांक्षा चमोला और गौरव खन्ना ने 24 नवंबर 2016 को शादी रचाई थी और दोनों की उम्र में 9 साल का अंतर है।
ये भी पढ़ें: कहां है हमारी सुरक्षा?’ आधी रात को अभिनेत्री दिव्या सुरेश से बेंगलुरु में बदसलूकी, सोशल मीडिया पर बयां किया दर्द
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
