
शाहिद कपूर के भाई और एक्टर ईशान खट्टर एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार एक्टर अपने किसी एक्टिंग प्रोजेक्ट को लेकर नहीं बल्कि अपने एक जवाब को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। ईशान खट्टर से हाल ही में सोशल मीडिया पर एक यूजर ने उनके धर्म को लेकर सवाल कर दिया, जिसका एक्टर ने ऐसा जवाब दिया कि अब वह सुर्खियों में हैं। दरअसल, अभिनेता ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर फैंस के लिए ‘आस्क मी एनिथिंग’ सेशन रखा, जिसमें उन्होंने अपने फैंस के सवालों के जवाब दिए। इसी दौरान एक शख्स ने एक्टर से पूछ लिया कि उनका धर्म क्या है और वह उनके धर्म को लेकर कन्फ्यूज है, जिस पर एक्टर ने सीधा जवाब देने की जगह बेहद मजेदार जवाब दिया।
ईशान खट्टर ने शेयर किया स्क्रीनशॉट
ईशान खट्टर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फैंस से बातचीत के स्क्रीनशॉट शेयर किए, जिसमें वह कुछ सवालों के जवाब देते दिखे। इसी दौरान एक शख्स ने एक्टर से उनके धर्म को लेकर सवाल करते हुए पूछा – ‘आपका धर्म क्या है? मैं कन्फ्यूज हूं।’ ईशान खट्टर ने यूजर के इस सवाल का जवाब सीधे तौर पर न देकर बहुत ही मजेदार अंदाज में जवाब दिया। एक्टर ने जवाब में लिखा- ‘जय जीजस, श्री अल्लाह, होली स्पिरिट दी फतेह।’ इसी के साथ उन्होंने लिखा- ‘नेचर, काइंडनेस, इंसानियत और सृजन।’ एक्टर के इस जवाब की अब खूब चर्चा हो रही है।
ईशान खट्टर का यूजर को जवाब।
इंसानियत सबसे ऊपर- ईशान खट्टर
ईशान खट्टर का कहना है कि उनके लिए धर्म से ऊपर इंसानियत है, वह हमेशा से इंसानियत को सबसे ऊपर समझते आए हैं। यही वजह है कि वह मंदिर भी जाते हैं और मस्जिद भी जाते हैं। अभिनेता ने ‘मोजो स्टोरीज’ के साथ बातचीत में कहा था कि वह ऐसे घर में पले-बढ़े हैं, जहां सभी धर्मों को खुले दिल से अपनाया जाता है। उन्होंने बताया कि वह मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे हर जगह जाते हैं और सभी धर्मों पर उनका गहरा विश्वास है।
अलग-अलग धर्मों से हैं ईशान खट्टर के माता-पिता
बता दें, ईशान खट्टर के माता-पिता अलग-अलग धर्मों से हैं। अभिनेता की मां नीलिमा अजीम मुस्लिम और पिता राजेश खट्टर हिंदू हैं। नीलिमा अजीम ने पहली शादी पंकज कपूर से की थी, जिनसे उनके बेटे शाहिद कपूर हैं, जो आज के समय में हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता हैं। पंकज कपूर से अलग होने के बाद नीलिमा अजीम ने राजेश खट्टर से दूसरी शादी की, जिनसे उनके बेटे ईशान खट्टर हुए। हालांकि, ईशान के जन्म के कुछ साल बाद ही नीलिमा और राजेश अलग हो गए। इसके बाद नीलिमा ने रजा अली खान से शादी की, लेकिन ये रिश्ता भी पांच ही साल में खत्म हो गया।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
