
परिणीति चोपड़ा न सिर्फ़ एक बेहतरीन एक्ट्रेस हैं, बल्कि एक शानदार सिंगर भी हैं। कई पॉपुलर गानों को आवाज देने के साथ ही परिणीति अक्सर सोशल मीडिया पर कई कवर्स भी शेयर करती रहती हैं। परिणीति ने कई पॉपुलर गानों में अपनी आवाज दी है और अपनी पिछली फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ में भी अपनी सिंगिंग से सबको हैरान कर दिया था। इसके बाद उन्होंने लाइव सिंगिंग भी की थी। इस बीच परिणीति एक बार फिर अपनी गायकी को लेकर चर्चा में हैं। एक्ट्रेस ने हाल ही में भगवान शिव को समर्पित एक भक्ति गीत का वीडियो साझा किया है, जिसमें वह रुद्राष्टकम गाती नजर आ रही हैं। अब परिणीति का ये वीडियो वायरल हो रहा। वीडियो उन दिनों का है, जब परिणीति प्रेग्नेंट थीं और अब उन्होंने इसका वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है और लोग परिणीति की आवाज सुनकर हैरानी जाहिर कर रहे हैं।
परिणीति ने गाया भक्ति गीत
सोमवार को परिणीति चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर अपना नया वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह रुद्राष्टकम ‘नमामी शमीशान’ गा रही हैं। एक्ट्रेस ने यह गाना करीब एक साल पहले रिकॉर्ड किया था, जिसकी जानकारी उन्होंने खुद दी है और अब इसका क्लिप शेयर किया है। वीडियो में परिणीति व्हाइट सूट में रिकॉर्डिंग स्टूडियो में नजर आ रही हैं और इसमें उनका बेबी बंप भी साफ तौर पर नजर आ रहा है। वीडियो के जरिए एक्ट्रेस ने बताया कि यह गाना ऐसे समय पर रिकॉर्ड किया था, जब वह खुद को आस्था और चिंतन के बेहद करीब थीं।
परिणीति चोपड़ा का पोस्ट
वीडियो शेयर करते हुए परिणीति ने कैप्शन में लिखा- ‘कुछ प्रार्थनाएं ऐसी होती हैं जो हमेशा के लिए यादों का हिस्सा बन जाती हैं, और ‘नमामि शमीशान’ उन्हीं यादों में से ही एक बन चुका है। मैंने इसे अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान रिकॉर्ड किया था – ये वो दौर था, जिसने मुझे आस्था, चिंतन और कृतज्ञता के और करीब ला दिया। जब भी मैं इसे सुनती हूं, मुझे अपनी जिंदगी का वह सबसे खूबसूरत दौर याद आ जाता है। मुझे आप सभी के साथ इसे शेयर करते हुए बहुत खुशी हो रही है। पूरा वीडियो अब यूट्यूब और सभी म्यूजिक प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध है। हर हर महादेव।’
परिणीति की आवाज के फैन हुए लोग
सोशल मीडिया पर अब यूजर परिणीति चोपड़ा के इस वीडियो पर रिएक्शन दे रहे हैं और उनकी आवाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं। वीडियो पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा- ‘बहुत खूब परिणीति जी, बहुत ही खूबसूरत आवाज।’ एक अन्य ने लिखा- ‘हर हर महादेव। आपकी हर लाइन में आपकी भक्ति झलकती है। आप सच में कमाल के हैं! सुनकर रोंगटे खड़े हो गए। आपने इसे बहुत ही खूबसूरत बना दिया है।’ वहीं एक और लिखता है- ‘कितनी खूबसूरत… कितनी शक्तिशाली और आत्मा से परिपूर्ण, परी!’ ऐसे ही कमेंट करते हुए यूजर परिणीति चोपड़ा की आवाज की तारीफ कर रहे हैं।
ये भी पढ़ेंः एस्पिरेंट्स जैसी शानदार सीरीज, जिसे देखकर ‘घर वापसी’ को करेगा मन, फैमिली ड्रामा को IMDb पर मिली है 8.7 रेटिंग
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
