
पश्चिम बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत हुई है। यही नहीं, पश्चिम बंगाल की भवानीपुर सीट मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के हाथों गंवा दी है । ममता बनर्जी की इस हार के बाद विवेक अग्निहोत्री ने इंस्टाग्राम पर एक पुराना वीडियो साझा किया है। इस वीडियो के जरिए उन्होनें ममता बनर्जी सरकार पर नाराजगी जताई है। उन्होंने टीएमसी शासनकाल में झेली कठिनाइयों के बारे में बात की और बताया कि कैसे ‘द बंगाल फाइल्स’ के दौरान उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ा। विवेक अग्निहोत्री ने बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत और टीएमसी की विदाई पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट शेयर किया है।
‘द बंगाल फाइल्स’ की रिलीज के दौरान झेली मुश्किलें
विवेक रंजन अग्निहोत्री ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा- ‘अब कभी नहीं। जिन लोगों को नहीं पता, उन्हें बता दूं कि ममता बनर्जी ने ‘द कश्मीर फाइल्स’ के दौरान बंगाल में मुझे बैन कर दिया था। मेरी फिल्म सिनेमाघरों से हटा दी गई थी और उन्होंने यहां तक कह दिया था कि मुझे पश्चिम बंगाल में वह नहीं आने देंगी। वहीं जब पिछले साल ‘द बंगाल फाइल्स’ रिलीज हुई तो इस पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया था। यहां तक कि ट्रेलर भी लॉन्च नहीं होने दिया गया।’
हमले और मारपीट की गई
विवेक अग्निहोत्री ने लिखा- ‘हम पर हमले किए गए और मारपीट की गई। मेरे खिलाफ दर्जनों FIR दर्ज की गईं। बंगाल में मेरा बहिष्कार कर दिया गया था। मैं राज्यपाल से अपना पुरस्कार लेने भी नहीं जा सका। लेकिन, हमने कभी हार नहीं मानी। इन चुनावों के दौरान, हमने यह सुनिश्चित किया कि द बंगाल फाइल्स को बंगाल भर में अधिक से अधिक लोगों को (गुप्त रूप से) दिखाया जाए। मुझे खुशी है कि हमने हार नहीं मानी और अपने छोटे से तरीके से लड़ाई लड़ी। और आखिरकार यह अभूतपूर्व जीत। बंगाल के महान लोगों को बधाई। अब आप बिना किसी डर के, सिर ऊंचा करके चल सकते हैं।’
टीएमसी सरकार ने फिल्म पर लगाई थी रोक
बता दें, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी सरकार ने विवेक अग्निहोत्री की ‘द बंगाल फाइल्स’ की रिलीज पर रोक लगा दी थी। बंगाल के सिनेमाघरों के मालिकों ने आपसी सहमति से विवेक अग्निहोत्री की ये फिल्म न दिखाने का फैसला लिया था और तो और किसी सिनेमाघर के मालिक ने फिल्म को न दिखाने के कारण को लेकर भी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया था।
ये भी पढ़ेंः कौन हैं भाविता मंडावा? जींस पहनकर मेट गाला 2026 में पहुंचीं ‘शनेल’ की पहली भारतीय हाउस एंबेसडर, हुईं ट्रोल
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






