बॉक्स ऑफिस पर मचेगा घमासान, रणबीर कपूर की ‘रामायण’ की राह नहीं होगी आसान, ‘गॉडजिला’ से होगी टक्कर

बॉक्स ऑफिस पर मचेगा घमासान, रणबीर कपूर की ‘रामायण’ की राह नहीं होगी आसान, ‘गॉडजिला’ से होगी टक्कर

भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक, रणबीर कपूर और ‘केजीएफ’ फेम यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर है। फिल्म के आधिकारिक ट्रेलर के सार्वजनिक रिलीज से पहले ही इसकी रिलीज डेट को लेकर फिल्म जगत और फैंस के बीच काफी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हाल ही में निर्माताओं ने देश की राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में मीडियाकर्मियों, जाने-माने निर्देशकों और फिल्म उद्योग के चुनिंदा दिग्गजों के लिए 3D में इस बहुप्रतीक्षित फिल्म के ट्रेलर की एक विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की थी। स्क्रीनिंग के बाद से ही फिल्म को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। सिद्धार्थ आनंद और एटली जैसे भारतीय सिनेमा के बड़े निर्देशकों ने ट्रेलर की भव्यता और दृश्यों की सराहना करते हुए इसे बेहद शानदार बताया है, लेकिन इन सबके बीच एक मशहूर ट्रेड एनालिस्ट जीवी के रिव्यू ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है, क्योंकि उन्होंने अपनी समीक्षा में फिल्म की रिलीज डेट का स्पष्ट संकेत दे दिया है।

8 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है ‘रामायण’

भारत मंडपम में 3D में ट्रेलर देखने के बाद ट्रेड विश्लेषक जीवी ने सोशल मीडिया पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने लिखा कि फिल्म की स्टार कास्ट का चयन बिल्कुल सटीक है और इसका विजुअल ट्रीटमेंट पूरी तरह से भारतीय संस्कृति के अनुकूल महसूस होता है। उन्होंने भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर के अभिनय, रावण के शक्तिशाली अवतार में यश के प्रदर्शन और माता सीता के रूप में साई पल्लवी की सादगी व सुंदरता की जमकर तारीफ की। विश्व स्तरीय विजुअल इफेक्ट्स और संगीत की सराहना करते हुए उन्होंने अंत में लिखा कि वह 8 नवंबर को फिल्म के सिनेमाघरों में आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी अंतिम पंक्ति ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है और यह कयास लगाए जाने लगे हैं कि ‘रामायण’ 8 नवंबर 2026 को पूरी दुनिया के सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। हालांकि निर्माताओं की तरफ से अभी तक इस तारीख की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अभी यह भी स्पष्ट नहीं है कि पत्रकार ने यह जानकारी निर्माताओं से मिली पुष्टि के आधार पर साझा की है या यह महज एक अनुमानित तारीख है। बता दें, फिल्म में 23 किरदारों को निभाने वाले एक्टर्स के नाम भी सामने आए गए हैं।

रिलीज डेट में बदलाव और पुरानी योजनाओं का गणित

अगर ‘रामायण’ 8 नवंबर को रिलीज होती है तो यह निर्माताओं के उस पुराने संकेत से थोड़ा अलग होगा जिसमें फिल्म को अक्टूबर 2026 के अंत तक रिलीज करने की बात कही गई थी। इससे पहले इस साल सिनेमाकॉन कार्यक्रम के दौरान अभिनेता यश ने फिल्म के अक्टूबर-अंत वाले विंडो में आने का जिक्र किया था। ऐसे में नवंबर की शुरुआत में फिल्म का आना रणनीति में एक बड़े बदलाव की ओर इशारा करता है। हालांकि सही स्थिति 24 जुलाई को ही साफ हो पाएगी, जब ‘रामायण’ का आधिकारिक ट्रेलर वैश्विक स्तर पर सार्वजनिक रूप से रिलीज किया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि निर्माता ट्रेलर के साथ ही फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा करके सभी अटकलों पर विराम लगा देंगे।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ‘गॉडजिला: माइनस जीरो’ से होगी भिड़ंत

अगर 8 नवंबर की तारीख सही साबित होती है तो ‘रामायण’ के लिए अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस की राह बिल्कुल भी आसान नहीं होने वाली है। फिल्म को जापान की मशहूर ‘गॉडजिला’ सीरीज की अगली कड़ी ‘गॉडजिला: माइनस जीरो’ से तगड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। ताकाशी यामाज़ाकी के निर्देशन में बन रही यह जापानी फिल्म 6 नवंबर 2026 को उत्तरी अमेरिका सहित वैश्विक स्तर पर रिलीज होने के लिए तय की गई है। दोनों फिल्मों की रिलीज डेट में महज दो दिन का फासला है। इतने कम अंतराल पर दो बड़ी मेगा-बजट फिल्मों के आने से विशेष रूप से आईमैक्स और अन्य प्रीमियम फॉर्मेट वाली स्क्रीन्स के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। एक तरफ जहाँ ‘रामायण’ दो भागों में बनने वाली एक पौराणिक महागाथा का पहला अध्याय है, वहीं दूसरी ओर ‘गॉडजिला: माइनस जीरो’ ऑस्कर विजेता फिल्म ‘गॉडजिला माइनस वन’ का अगला भाग है।

वैश्विक मंच पर कड़ी चुनौती और दर्शकों का इंतजार

‘गॉडजिला माइनस वन’ को दुनिया भर में समीक्षकों की ओर से खूब सराहा गया था। इसने उत्तरी अमेरिका में किसी जापानी लाइव-एक्शन फिल्म के रूप में ऐतिहासिक कमाई की थी और सर्वश्रेष्ठ विजुअल इफेक्ट्स का अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर) भी अपने नाम किया था। यही वजह है कि इसके सीक्वल को लेकर दुनिया भर के सिनेमा प्रेमियों में जबरदस्त उत्सुकता है। ऐसे में रणबीर कपूर और यश की ‘रामायण’ जैसी भव्य भारतीय फिल्म का इतने बड़े वैश्विक फ्रैंचाइजी से टकराना एक ऐतिहासिक बॉक्स ऑफिस संघर्ष साबित हो सकता है। फिलहाल, पूरी दुनिया के भारतीय सिनेमा प्रशंसकों की निगाहें 24 जुलाई को होने वाले ट्रेलर लॉन्च पर टिकी हुई हैं, जहां इस रिलीज डेट और गॉडजिला से होने वाले टकराव की तस्वीर पूरी तरह से साफ होगी।

ये भी पढ़ें:  23 दमदार सितारों से सजी ‘रामायण’ की टोली, रणबीर कपूर और यश के अलावा भी एक से बढ़कर एक कलाकार

Latest Bollywood News

Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt

This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited

Source link

https://doonitednews.in/advertisement-rate-card/

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »