
बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन एक बार फिर कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए तैयार हैं। गुरुवार को वह मुंबई एयरपोर्ट से फ्रांस के लिए रवाना हुईं। इस दौरान उनके साथ बेटी आराध्या बच्चन भी नजर आईं। दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। लंबे समय से कान्स में अपनी शानदार मौजूदगी के लिए पहचानी जाने वाली ऐश्वर्या को एयरपोर्ट पर देखकर उनके फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई। एयरपोर्ट पर ऐश्वर्या हमेशा की तरह बेहद एलिगेंट और स्टाइलिश अंदाज में दिखाई दीं। उन्होंने ऑल-ब्लैक आउटफिट पहना हुआ था और चेहरे पर हल्की मुस्कान के साथ पैपराजी का अभिवादन किया।
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
इतना ही नहीं उन्होंने एक छोटे फैन के साथ तस्वीर खिंचवाकर सभी का दिल जीत लिया। इसके बाद वह बेटी आराध्या के साथ एयरपोर्ट के अंदर चली गईं। पिछले कुछ दिनों से ऐसी चर्चाएं चल रही थीं कि इस बार शायद ऐश्वर्या कान्स फिल्म फेस्टिवल का हिस्सा न बनें, लेकिन उनके रवाना होने के बाद इन अफवाहों पर विराम लग गया है। दरअसल हाल ही में कॉस्मेटिक ब्रांड ने कान्स फिल्म फेस्टिवल से जुड़ा एक प्रमोशनल वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में ब्रांड की कई ग्लोबल एम्बेसडर्स जैसे आलिया भट्ट, वियोला डैविस, इवा लॉन्गोरिया और हेलेन मिरेन नजर आईं। हालांकि वीडियो में ऐश्वर्या की गैरमौजूदगी ने फैंस को चौंका दिया।
फिर दिखेगा ऐश्वर्या का जलवा
ब्रांड की पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए कि क्या इस बार ऐश्वर्या कान्स में हिस्सा नहीं लेंगी। कई फैंस ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कान्स और ऐश्वर्या का रिश्ता पिछले दो दशकों से जुड़ा हुआ है, ऐसे में उनका नाम या चेहरा न होना हैरान करने वाला है। हालांकि अब अभिनेत्री के फ्रांस रवाना होने से यह साफ हो गया है कि वह एक बार फिर रेड कार्पेट पर अपना जलवा बिखेरने वाली हैं। वैसे एक ओर जहां ऐश्वर्या की चर्चा हो रही है तो वहीं दूसरी ओर उनसे भी ज्यादा उनकी बेटी आराध्या की चर्चा हो रही है। एयरपोर्ट से सामने आए वीडियो में लोग आराध्या की अदाएं देखते रह गए हैं।
कैसा है मां-बेटी का लुक?
सामने आई झलक में आप देख सकते हैं कि वो ठीक अपनी मां की तरह ही ग्लैम लुक में नजर आ रही हैं। ऐश्वर्या ने जहां हमेशा की तरह ही ऑल ब्लैक फॉर्मल लुक कैरी किया, वहीं आराध्या भी ऑल ब्लैक लुक में ही नजर आईं। ऐश्वर्या ने ब्लैक शिमरी वर्क वाला ब्लेजर कैरी किया था, इसके साथ उन्होंने टोट बैग और खुले बाल रखे, वहीं आराध्या ने ब्लैक शर्ट और जैकेट के साथ ब्लैक स्लिंग बैग कैरी किया। उनका हेयर स्टाइल भी मां की तरह ही था। आराध्या भी मां की तरह पूरे स्टाइल और कॉन्फिडेंस के साथ एयरपोर्ट के अंदर जाती नजर आईं। पहली बार उनका ग्लैम लुक देखने को मिला, वरना वो हमेशा सादगी के साथ नजर आती हैं। इसे देखने के बाद फैंस उनके लुक की तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि वो खुद को किसी मॉडल की तरह कैरी कर रही हैं तो वहीं कई लोगों का कहना है कि वो इस बार अपनी मां पर भारी पड़ी हैं।
कान्स में ऐश्वर्या का खास सफर
ऐश्वर्या राय ने पहली बार साल 2002 में कान्स फिल्म फेस्टिवल में हिस्सा लिया था। वह वहां फिल्म ‘देवदास’ के प्रीमियर के लिए पहुंची थीं। उनके साथ अभिनेता शाहरुख खान और निर्देशक संजय लीला भंसाली भी मौजूद थे। उस समय ऐश्वर्या की मौजूदगी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय सिनेमा को नई पहचान दिलाई थी। इसके बाद 2003 में वह लोरियल पेरिस की ग्लोबल ब्रांड एम्बेसडर बनीं और तब से लगभग हर साल कान्स के रेड कार्पेट पर दिखाई देती रही हैं। बीते दो दशकों में ऐश्वर्या ने अपने फैशन, ट्रेडिशनल साड़ी लुक, भव्य गाउन और अनोखे मेकअप स्टाइल से दुनियाभर का ध्यान आकर्षित किया है। उनके हर कान्स लुक पर सोशल मीडिया में चर्चा होती है और भारतीय फैंस बेसब्री से उनकी नई झलक का इंतजार करते हैं। इस साल भी दर्शकों की निगाहें ऐश्वर्या के रेड कार्पेट अवतार पर टिकी हुई हैं।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






