
रामानंद सागर की ‘रामायण’ ने कई कलाकारों को पहचान दी है, जिनमें से एक सुनील लहरी भी हैं। सुनील लहरी ने 1987 में टेलीकास्ट हुई रामानंद सागर की ‘रामायण’ में श्रीराम के छोटे भाई लक्ष्मण की भूमिका निभाई थी और इस किरदार में वह काफी पसंद भी किए गए। हालांकि, अब सुनील लहरी लंबे समय से एक्टिंग से दूर हैं, हाल ही के दिनों में वह न तो किसी फिल्म में नजर आए हैं और न ही किसी टीवी शो में। लेकिन, सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से जुड़े रहते हैं। सुनील लहरी अब अपना समय अलग-अलग तरीके से गुजारते हैं। कभी परिवार के साथ तो कभी फार्म हाउस पर खेती करते हुए अपना समय बिताते हैं। अब उन्होंने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह खेती-बाड़ी के काम में मशगूल दिखाई दे रहे हैं और इस वीडियो में उन्होंने अपने फार्म हाउस की झलक भी दिखाई है।
सब्जियां, फल उगा रहे हैं सुनील लहरी
सुनील लहरी इन दिनों फार्मिंग में जुटे हैं और ढेरों सब्जियां, फल उगा रहे हैं। हाल ही में सुनील लहरी ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह अपने फार्म में नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में सुनील लहरी ने ये भी बताया कि उन्होंने अपने खेत में क्या-क्या उगाया है। वह बताते हैं कि उन्होंने अपने फार्म में पालक, पत्ता गोभी, टमाटर, मोरिंगा, शिमला मिर्च, हरी मिर्च से लेकर पपीता, केले और काजू तक उगाए हैं। वीडियो में सुनील लहरी एक-एक चीज की झलक दिखाते हैं।
मिलावट से परेशान सुनील लहरी
सुनील लहरी ने वीडियो में खाने में हो रही मिलावट को लेकर भी चिंता व्यक्त की। वीडियो साझा करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा- ‘खाने की चीजों में इस कदर मिलावट हो रही है, जिसका कोई हिसाब ही नहीं है। मिलावट करने वालों को कानून का भी डर नहीं, बेहतर है कि हम अपना खुद उगाएं और खाऐं, खेत पर मेरा छोटा सा प्रयास हम सब ने अपनी खिड़कियों पर बालकनी पर यह प्रयास करना चाहिए।’
सुनील लहरी को खेतों में देख हैरान हुए फैन
वीडियो में सुनील लहरी खुद ही खेतों में काम करते नजर आ रहे हैं। वो अपनी फसल दिखाने के साथ-साथ मोरिंगा तोड़ते भी दिखे। सुनील लहरी कहते हैं कि उन्होंने अपने खेतों में जो भी सब्जियां और फल उगाए हैं, वह पूरी तरह ऑर्गेनिक हैं। उन्होंने अपनी फसल में किसी तरह के हानिकारक पदार्थ का इस्तेमाल नहीं किया है। ये वीडियो देखने के बाद सुनील लहरी के फैंस हैरानी जाहिर कर रहे हैं। कई ने कमेंट्स करते हुए हैरानी जाहिर की कि आखिर सुनील लहरी इतना सब कैसे कर लेते हैं। बता दें, इससे पहले सुनील अपने भाई के बेटे और उनके बच्चों को लेकर फार्म पर गए थे, जहां वह बच्चों के साथ मस्ती करते दिखे थे।
ये भी पढ़ेंः 1 दिन में 12 शॉर्ट फिल्म और 2 फोटोशूट, अमिताभ बच्चन 83 की उम्र में भी कर रहे हैं जीतोड़ मेहनत, बोले- ‘काम तो काम है’
आ गई ‘इक्का’ की रिलीज डेट, नेटफ्लिक्स पर आएगी सनी देओल और अक्षय खन्ना की फिल्म, नोट कर लें तारीख
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
