
सलमान खान ने फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर प्रस्तावित फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ के निर्माण और रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। याचिका में सलमान खान का आरोप है कि फिल्म का पोस्टर उनके पर्सनेलिटी राइट्स का खुला उल्लंघन करता है और उनके नाम, छवि और सार्वजनिक पहचान का कमर्शियल फायदे के लिए बिना इजाजत इस्तेमाल किया जा रहा है। सलमान खान का कहना है कि आने वाली फिल्म और उससे जुड़े प्रचार सामग्री उनके व्यक्तित्व अधिकारों का हनन करती है जिससे उनकी प्रतिष्ठा और कानूनी अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।
क्या है सलमान खान का कहना?
सलमान खान ने फिल्म के निर्माता अमित जानी, जानी फायरफॉक्स फिल्म्स, भरत श्रीनेट, अक्षय पांडे और फिल्म से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ अंतरिम रोक लगाने की मांग की है। उनका आरोप है कि फिल्म के पोस्टर, टीजर और सोशल मीडिया प्रचार में उनकी पहचान से जुड़ी चीजों का इस्तेमाल किया जा रहा है। याचिका में कहा गया है कि फिल्म के पोस्टर में दिखाया गया किरदार सलमान खान से काफी मिलता-जुलता है। पोस्टर में उस व्यक्ति को सलमान के मशहूर नीले ब्रेसलेट जैसा ब्रेसलेट पहने और बंदूक पकड़े हुए दिखाया गया है। सलमान का कहना है कि इससे लोगों को यही संदेश जाता है कि फिल्म उन्हीं पर आधारित है।उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें आर्म्स एक्ट मामले में अदालत से राहत मिल चुकी है, लेकिन पोस्टर में बंदूक के साथ उनकी जैसी छवि दिखाकर गलत संदेश दिया जा रहा है।
चल रहे मामलों पर असर पड़ने की आशंका
सलमान खान ने याचिका में कहा है कि काला हिरण मामले से जुड़े कुछ मुकदमे अभी भी राजस्थान हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं। ऐसे में इस विषय पर फिल्म बनाना और उसका प्रचार करना न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है। उनका कहना है कि फिल्म के जरिए लोगों के मन में पहले से राय बनाने की कोशिश की जा रही है। याचिका में यह भी कहा गया है कि नवंबर 2025 में दिल्ली हाईकोर्ट ने सलमान खान के व्यक्तित्व अधिकारों की रक्षा करते हुए आदेश दिया था कि उनकी तस्वीर, नाम, आवाज या उनसे जुड़ी पहचान का बिना अनुमति इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। सलमान का आरोप है कि प्रस्तावित फिल्म उस आदेश का उल्लंघन कर रही है।
कानूनी नोटिस के बाद भी जारी रहा प्रचार
सलमान खान के मुताबिक अप्रैल 2026 में फिल्म से जुड़े लोगों को कानूनी नोटिस भेजा गया था। इसके बावजूद फिल्म का प्रचार जारी रखा गया। याचिका में दावा किया गया है कि निर्माता अमित जानी ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट और वीडियो जारी कर खुद स्वीकार किया कि फिल्म काला हिरण मामले और सलमान खान से जुड़ी घटनाओं पर आधारित है। सलमान खान ने अदालत से मांग की है कि फिल्म के निर्माण, शूटिंग, प्रचार, वितरण, स्ट्रीमिंग और रिलीज पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही फिल्म की कहानी, स्क्रिप्ट, पोस्टर, कास्टिंग और अन्य प्रचार सामग्री के प्रसार पर भी रोक लगाने का आदेश दिया जाए, जब तक मामले का अंतिम फैसला नहीं हो जाता।
इस फिल्म में नजर आएंगे सलमान खान
बात करें, सलमान खान के वर्कफ्रंट की तो वो जल्द ही चित्रांगदा सिंह के साथ ‘मातृभूमि’ में नजर आएंगे। फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था, जिसे बाद में बदल दिया गया। फिल्म की कई झलकियां भी अब तक सामने आ चुकी हैं। इसके अलावा एक सुपरहीरो फिल्म भी पाइपलाइन में हैं, जिसका पोस्टर चंद दिनों पहले ही जारी किया गया था। इस फिल्म से पहले सलमान खान ‘सिकंदर’ में नजर आए थे, जो सिनेमाघरों में खासा कमाल नहीं कर पाई थी। फिल्म में सलमान खान ने रश्मिका मंदाना के साथ स्क्रीन स्पेस साझा की थी।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
