
शक्ति आनंद, गर्वित साधवानी और स्नेहा वाघ स्टारर टीवी शो ‘महादेव एंड सन्स’ विवादों में घिर गया है। ये शो ऑनलाइन आलोचना का शिकार हो गया है। शो के एक एपिसोड में मेल लीड धीरज को रज्जी को थप्पड़ मारते और उसे चोट पहुंचाते हुए दिखाया गया था। इस सीन ने टीवी पर घरेलू हिंसा दिखाए जाने को लेकर बहस छेड़ दी है। इतना ही नहीं ये भी कहा जा रहा है कि शो में घरेलू हिंसा के सीन को रोमांटिसाइज किया गया है। सवालों के घेरे में आए शो को बंद करने की भी मांग सोशल मीडिया पर होने लगी है। कलर्स के इस शो के एपिसोड पर X पर लोगों ने नाराजगी जताई।
धीरज और रज्जी के बीच का परेशान करने वाला सीन
कई यूजर्स ने इस सीन पर आपत्ति जताई और शो पर हिंसा को रोमांटिक दिखाने का आरोप लगाया। यह आलोचना धीरज और रज्जी के बीच हुए एक सीन के बाद शुरू हुई, जिसे कई दर्शकों ने परेशान करने वाला बताया। इस सीन में आसिम खान का किरदार धीरज, गर्वित साधवानी के किरदार रज्जी को थप्पड़ मारता, धक्का देता और शारीरिक रूप से डराता-धमकाता हुआ दिखता है। वह उसे बिस्तर पर दबा देता है और जब उसका हाथ गर्म प्रेस से छूता है, तो वह जल जाता है। जब वह चीखती है, तो वह उससे कहता है कि उसके मन में उसके लिए कभी कोई भावना नहीं होगी, उनका रिश्ता एक जाल जैसा लगता है और वह उससे सिर्फ़ नफ़रत करता है।
सोशल मीडिया पर दर्शकों का गुस्सा और तीखी प्रतिक्रियाएं
इस सीन पर प्रतिक्रिया देते हुए X पर एक यूजर ने लिखा, ‘व हिंसा को रोमांटिक दिखा रहे हैं, उसे धक्का दिया, थप्पड़ मारा, उस पर बाल्टी भर पानी डाला, अब प्रेस से जला दिया और रोमांस के नाम पर उसकी चीखों को दबा रहे हैं??? इस बकवास को बंद करो!’ एक और यूज़र ने लिखा, ‘मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मैंने आज क्या देखा। उन्होंने सचमुच धीरज को रज्जी को चोट पहुंचाते हुए और फिर हिंसा को रोमांटिक दिखाते हुए दिखाया। उसे जेल में होना चाहिए, यह बहुत घिनौना है। यकीन नहीं होता कि यह वही आदमी है जिसने बीच में आकर उसे चोट लगने से बचाया था।’
कहानी के किरदारों के रवैये पर उठे सवाल
X पर एक पोस्ट में यह भी लिखा था, ‘निम्मी चाहती थी कि रज्जी धीरज के साथ सुलह कर ले क्योंकि मोगरा को हराने के लिए उन्हें अपनी टीम में और लोगों की ज़रूरत थी। मतलब इस समय उसे मोगरा के अलावा कुछ नहीं दिख रहा। रज्जी एक इंसान है और उसके साथ जैसा बर्ताव किया जा रहा था, उस पर बुरा महसूस करने का उसे पूरा हक है महादेव एंड सन्स।’
शो के प्रसारण का समय और मेकर्स की जानकारी
X पर एक कमेंट में लिखा था, ‘थप्पड़ के बाद मैंने देखना बंद कर दिया, लेकिन यह सब क्या हो रहा है (रोने वाला इमोजी)?’ एक और X यूज़र ने कमेंट किया, ‘यह क्या बकवास है?’ ‘महादेव एंड सन्स’ को सौरभ तिवारी ने बनाया और लिखा है। यह शो कलर्स टीवी पर सोमवार से शुक्रवार रात 10:00 बजे पर प्रसारित होता है।
ये भी पढ़ें: नसों की गंभीर बीमारी से जूझ रहे सोनू निगम, कई MRI-CT स्कैन और दर्दनाक ट्रीटमेंट के बाद सिंगर ने खुद बताया अपना हाल
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
