
कुमार सानू 90 के दशक के सुपरहिट सिंगर रहे हैं, जिनके कई गाने आज भी संगीत प्रेमियों की प्लेलिस्ट में जरूर होते हैं। कुमार सानू ने अपने करियर की शुरुआत 1989 में की थी और अब तक 20 हजार से ज्यादा गाने गा चुके हैं और वो भी 22 से ज्यादा भाषाओं में। यही नहीं, कुमार सानू का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है। 1993 के दौरान उन्होंने एक ही दिन में 28 गाने रिकॉर्ड करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया था। इस बीच कुमार सानू एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने अपने करियर के उस अनुभव के बारे में बात की, जिसने उन्हें सबसे ज्यादा परेशान कर दिया था। कुमार सानू ने बताया कि एक बार उन्हें दुबई में एक अंडरवर्ल्ड डॉन की पराइवेट पार्टी में परफॉर्म करना पड़ा और वो भी उस समय में जब पूरी हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अंडरवर्ल्ड का दबदबा था। ऐसे में उन्हें लगातार अपनी जान को लेकर डर सता रहा था।
कुमार सानू को जब अंडरवर्ल्ड डॉन की पार्टी में करना पड़ा परफॉर्म
सुभोजित घोष के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान प्लेबैक सिंगर कुमार सानू ने अपनी उस परफॉर्मेंस को याद किया, जो उन्होंने दुबई में एक अंडरवर्लड डॉन की निजी पार्टी में दी थी। सिंगर बताते हैं कि इस दौरान इंडस्ट्री में काफी कुछ घटित हो चुका था। ये वो समय था जब टी-सीरीज के मालिक गुलशन कुमार की भी दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। ऐसे में अंडरवर्ल्ड डॉन की पार्टी में परफॉर्म करते हुए उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता हो रही थी। सानू ने याद किया कि उस समय वह अंडरवर्ल्ड डॉन की रिक्वेस्ट को ठुकराने के बारे में सोच भी नहीं सकते थे।
अंडरवर्लड डॉन ने बनाया प्रेशर
कुमार सानू से जब सभोजित ने पूछा कि क्या आपको कभी किसी माफिया ने परेशान किया था, 90 के दशक में ये बहुत पीक पर था। इस पर रिएक्ट करते हुए कुमार सानू ने कहा- ‘देखो, हीरोज की बात तो मालूम नहीं, लेकिन सिंगर्स से मैंने ये चीज कम सुनी है, लेकिन एक बार मेरे साथ हुआ था ये। लेकिन, जैसे ही मैंने समझाया ना, वो तुरंत समझ गया। मैंने कहा- हम सिंगर लोग हैं भाई। नाम लेने की जरूरत नहीं है, लेकिन जब मैंने उनसे पूछा कि आप गाना सुनते हो? कैसा लगता है आपको गाना? तो बोले- मालूम है मुझे। मैं बहुत फैन हूं तेरा, लेकिन तुझे ये तो करना पड़ेगा। मैंने कहा- नहीं कर पाऊंगा सर। आप देख लो क्या करना चाहते हो। तो बोले- अरे यार, तू तो इमोशनल कर दिया। फिर बाद में उन लोगों ने हमसे काम कराया। हमसे शो कराया था। मैं नदीम श्रवण के साथ दुबई गया था, शो कर दिया था।’
डरे हुए थे कुमार सानू
कुमार सानू आगे कहते हैं- ‘देखो अब उस बारे में बात करने का मतलब नहीं है, अब वो सब खत्म हो गया है। अब चीजें भी कंट्रोल हो गई हैं, लेकिन उस टाइम पे जान का डर तो लगा था। क्योंकि, उस समय काफी कुछ चल रहा था। ऐसा एक सिस्टम था ना। उसी समय गुलशन कुमार जी को भी… बहुत सारी चीजें, इंसिडेंट हमारे सामने घट गया था। इसलिए थोड़ा डर भी लग रहा था, कि कहीं ऐसा ना हो कि… लेकिन हम कोशिश करते थे समझाने की। सोचते थे कि कैसे समझाया जाए। कभी वो कहते थे कि भाई यहां गा दो, तो हमने जा के गा दिया। ऐसा करना पड़ा, लेकिन इसके बाद वो हमारे फैन बन जाते थे और कहते कि कोई कुछ कहे, तो हमें बताना, हम देख लेंगे। हम बोले- भाई माफ करो।’
पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में रहे कुमार सानू
कुमार सानू कुछ महीने पहले अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में रहे। कुनिका सदानंद ने कुछ महीने पहले खुलासा किया था कि एक समय पर वह कुमार सानू के साथ रिलेशनशिप में रह चुकी हैं। इस दावे के बाद आए दिन कुमार सानू की पर्सनल लाइफ सुर्खियों में छाई रहती है। वहीं पिछले साल, यानी 2025 में कुमार सानू की पूर्व पत्नी रीटा भट्टाचार्य ने उन पर कई चौंकाने वाले आरोप लगाए थे। रीटा ने कुमार सानू के साथ ही अपने ससुरालवालों पर भी कई सनसनीखेज आरोप लगाए थे।
ये भी पढ़ेंः ‘कुमार सानू जैसा दिखता है कुनिका सदानंद का बेटा’, स्टार किड पर कमेंट करना यूजर को पड़ा भारी, भड़कीं एक्ट्रेस
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
https://doonitednews.in/advertisement-rate-card/