पहले बेहिसाब खाना, फिर एक डर के चलते उलटी करना, अजीब बीमारी से 6 साल तक जूझीं शाहरुख खान की ऑन स्क्रीन बेटी सना सईद, अब बयां किया हाल

पहले बेहिसाब खाना, फिर एक डर के चलते उलटी करना, अजीब बीमारी से 6 साल तक जूझीं शाहरुख खान की ऑन स्क्रीन बेटी सना सईद, अब बयां किया हाल

फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ में शाहरुख खान की छोटी बेटी अंजली का यादगार किरदार निभाने वाली अभिनेत्री सना सईद हाल ही में अपनी जिंदगी से जुड़े एक बेहद भावुक और निजी अनुभव को लेकर चर्चा में आई हैं। साना ने खुलासा किया है कि वे लंबे समय तक बुलिमिया नामक एक गंभीर ईटिंग डिसऑर्डर से गुप्त रूप से जूझती रहीं। इस दौरान उन्होंने सालों तक शर्मिंदगी और अकेलेपन का सामना किया, क्योंकि शुरुआत में उन्हें यह अंदाजा भी नहीं था कि वे किसी मेडिकल कंडिशन का शिकार हैं।

समाज का दबाव और बॉडी इमेज की जटिलताएं

हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू के दौरान सना सईद ने बताया कि समाज में दुबलेपन को लेकर बनी सोच और शारीरिक बनावट पर होने वाली निरंतर टिप्पणियों ने उनके और खाने के बीच के संबंध को काफी जटिल बना दिया था। उन्होंने अपने कॉलेज के दिनों की यादों को साझा करते हुए कहा कि उस दौर में साइज जीरो का काफी चलन था। हर कोई वजन घटाने के नुस्खे तलाश रहा था और जिम या ट्रेडमिल पर मेहनत कर रहा था। सना के अनुसार उस दौर में वजन कम करने की तारीफ तो हर जगह होती थी, लेकिन मानसिक स्वास्थ्य, सही पोषण और शरीर को अंदर से मजबूत बनाने पर कोई बात नहीं करता था। मनोरंजन उद्योग में काम करने के कारण कैमरे के सामने होना और हर वक्त अपने रूप-रंग को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं झेलना इस दबाव को और अधिक बढ़ा देता था।

छह साल की अनजान लड़ाई और चार साल में रिकवरी

सना ने बताया कि वे लगभग छह साल तक इस समस्या से जूझती रहीं, लेकिन उन्हें यह समझ नहीं आ रहा था कि इस स्थिति को क्या नाम दिया जाए। उन्हें लगता था कि यह उनकी कोई बुरी आदत बन चुकी है जिसे उन्हें अकेले ही ठीक करना होगा। इस दौरान उन्होंने काफी शर्मिंदगी महसूस की। हालांकि बाद में स्वास्थ्य सुधार पर आधारित एक किताब पढ़ने के बाद उन्हें समझ आया कि वे बुलिमिया नाम की बीमारी से पीड़ित हैं। बीमारी की पहचान होने के बाद उन्होंने अपनी लाइफस्टाइल में सुधार करना शुरू किया और पूरी तरह ठीक होने में उन्हें लगभग चार साल का समय लग गया। सना का मानना है कि यदि उन्हें इस बीमारी के बारे में पहले से जानकारी होती तो वे बहुत जल्दी रिकवर हो सकती थीं। उन्होंने अपने अनुभव को सार्वजनिक करने का निर्णय इसलिए लिया ताकि इसी तरह की परिस्थिति से गुजर रहे अन्य लोग अकेला महसूस न करें।

मुंबई से लॉस एंजिल्स का सफर और निजी जीवन

वर्ष 2016 में सना अभिनय और फिल्म निर्माण की पढ़ाई करने के लिए लॉस एंजिल्स गई थीं। हालांकि बाद में वे मुंबई वापस लौटीं, लेकिन साल 2021 में उन्होंने स्थायी रूप से लॉस एंजिल्स में बसने का फैसला किया। सना का कहना है कि अपने परिवार और दोस्तों को छोड़कर एक नए देश में शून्य से शुरुआत करना आसान नहीं था, लेकिन इस कदम ने उन्हें अपने जीवन को नए सिरे से गढ़ने में मदद दी। अब सना अपने पति कसाबा वैगनर के साथ लॉस एंजिल्स में एक नई शुरुआत कर चुकी हैं। दोनों मिलकर ‘बियॉन्ड मैजिक स्टूडियोज’ नाम की एक प्रोडक्शन कंपनी चला रहे हैं। साना का कहना है कि अपने सबसे अच्छे दोस्त से शादी करना और उसी के साथ अपने पसंदीदा काम में साझेदारी करना उनके लिए बेहद सुखद अनुभव है।

कौन हैं सना सईद?

साना सईद को बाल कलाकार के रूप में वर्ष 1998 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ से जबरदस्त लोकप्रियता मिली थी। इसके अलावा उन्होंने ‘हर दिल जो प्यार करेगा’ (2000) और ‘बादल’ (2000) जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया। वर्ष 2012 में उन्होंने करण जौहर की फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से मुख्य भूमिकाओं में वापसी की। टेलीविजन पर साना ने ‘बाबुल का आंगन छूटे ना’ और ‘लो हो गई पूजा इस घर की’ जैसे धारावाहिकों में काम किया है। इसके अतिरिक्त वे ‘झलक दिखला जा 6’, ‘नच बलिये 7’ और ‘खतरों के खिलाड़ी 7’ जैसे प्रमुख रिएलिटी शोज का भी हिस्सा रह चुकी हैं।

क्या है बुलिमिया बीमारी?

बुलिमिया एक गंभीर ईटिंग डिसऑर्डर है, जो किसी व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को गहराई से प्रभावित करता है। इस स्थिति में पीड़ित व्यक्ति पहले तो एक बार में बहुत अधिक खाना खा लेता है और फिर वजन बढ़ने के डर से या ग्लानि के कारण उल्टी करके, अत्यधिक व्यायाम करके या उपवास रखकर उसे शरीर से बाहर निकालने की कोशिश करता है। इसके प्रमुख लक्षणों में खाने के तुरंत बाद वॉशरूम जाना, अपने वजन और शरीर की बनावट को लेकर अत्यधिक चिंतित रहना, गालों में सूजन आना, और बार-बार उल्टी करने के कारण दांतों का खराब होना शामिल है।

ये भी पढ़ें: ‘रामायण’ में राम के रोल पर उठे सवालों का रणबीर कपूर ने दिया करारा जवाब, यश संग किया कलरिंग कंपटीशन, लोग बोले- पूकी गर्ल डैड्स

Latest Bollywood News

Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt

This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited

Source link

https://doonitednews.in/advertisement-rate-card/

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »