
बॉलीवुड फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान अब अपनी फिल्मों से ज्यादा अपने व्लॉग को लेकर चर्चा में रहती हैं। अपने कुक दिलीप के साथ वह अक्सर किसी न किसी सेलिब्रिटी के घर की झलक फैंस को दिखाती रहती हैं और साथ ही साथ दिलचस्प रेसिपीज और किस्से साझा करती रहती हैं। अब हाल ही में दिलीप एक्टर श्रेयस तलपड़े के घर पहुंचीं, जहां उन्होंने कई पुराने और दिलचस्प किस्से साझा किए। इसी दौरान श्रेयस तलपड़े ने ‘ओम शांति ओम’ के दौरान का किस्सा साझा किया और बताया कि कैसे उन्हें 2007 में होम लोन नहीं मिल रहा था, जिसके चलते वह काफी परेशान थे। ये उनका मुंबई में पहला घर था, जिसे हासिल करने में फराह खान और शाहरुख खान की अहम भूमिका रही।
‘ओम शांति ओम’ के चलते खरीद पाए पहला घर
जैसे ही फराह बातचीत और खाने-पीने के बाद श्रेयस के घर से जाने लगती हैं, उन्हें ढेर सारे तोहफे देती हैं। ये तोहफे देखने के बाद श्रेयस को ‘ओम शांति ओम’ के दौरान के अपने दिन याद आ जाते हैं और वह बताते हैं कि इसी फिल्म के चलते वह अपना पहला घर खरीद पाए थे। श्रेयस के अनुसार, पहले उन्हें कोई भी बैंक लोन देने के लिए तैयार नहीं था, लेकिन फराह खान के एक कॉल और शाहरुख खान के एक साइन ने उन्हें उनका पहला घर लेने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई।
फराह-शाहरुख से मिली मदद
श्रेयस तलपड़े ये किस्सा याद करते हुए कहते हैं- ‘मैं बैंक के चक्कर काट रहा था, लेकिन होम लोन के लिए क्वालिफाई नहीं कर पा रहा था। लोन के सिलसिले में ऐसे ही मैं एक दिन बैंक गया, जहां एक महिला ने मुझसे पूछा कि- ‘आप कौन सी फिल्म कर रहे हैं?’ मैंने कहा- ओम शांति ओम। फिर उसने पूछा इसमें एक्टर कौन है? मैंने कहा- शाहरुख खान हैं। फिर उसने निर्देशक के बारे में पूछा तो मैंने कहा- फराह खान निर्देशन कर रही हैं। तो महिला ने कहा- क्या आप मुझे उनसे एक लेटर दिलवा सकते हैं?’
शाहरुख के साइन से मंजूर हो गया लोन
श्रेयस तलपड़े आगे बताते हैं कि कैसे फराह खान और शाहरुख खान ने लोन मंजूर कराया। श्रेयस कहते हैं- ‘मैंने फराह को कॉल किया और फिर उन्होंने दो दिनों में ही मुझे शाहरुख खान से लेटर दिलवा दिया। जैसे ही ये लेटर मैंने बैंक में जमा किया, लोन मंजूर हो गया।’ ये सुनकर फराह को खुशी हुई और उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा- ‘मुझे बहुत खुशी हुई, क्योंकि ‘ओम शांति ओम’ के लिए हमने तुम्हें क्या ही पैसे दिए होंगे।’
‘ओम शांति ओम’ के बारे में
ओम शांति ओम की बात करें तो फराह खान के निर्देशन में बनी ये फिल्म 2007 में रिलीज हुई थी और साल की सबसे सफल फिल्मों में से एक थी। फिल्म की कहानी से लेकर गानों तक को दर्शकों से खूब प्यार मिला था और आज भी इसके गाने खूब पसंद किए जाते हैं। फिल्म में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण लीड रोल में थीं, जो उनकी डेब्यू फिल्म थी। इनके अलावा अर्जुन रामपाल, श्रेयस तलपड़े और किरण खेर अहम भूमिका में थे।
ये भी पढ़ेंः ‘समझ नहीं आता पति है या बेटा’, पति शिरीष कुंदर के मेकओवर पर फराह ने किया रिएक्ट, बोलीं- ‘यंग और हैंडसम हो गया है’
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
