
इंडियन ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर अब फिल्मों और वेब सीरीज की बाढ़ आ चुकी है। क्राइम-थ्रिलर से लेकर रोमांटिक-ड्रामा तक, जिस भी जॉनर की फिल्म देखना हो या सीरीज देखना हो, सब बस एक क्लिक दूर है। ओटीटी की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए अब बड़े एक्टर्स भी ओटीटी डेब्यू से नहीं कतरा रहे। लेकिन, एक समय था जब बॉलीवुड स्टार डिजिटल दुनिया में कदम रखने से बचते थे। इसी दौर में एक ऐसी सीरीज आई, जिसमें बॉलीवुड के बड़े-बड़े स्टार नजर आए और इस सीरीज ने कल्ट क्लासिक का दर्जा भी हासिल किया। ये आज सैकड़ों वेब सीरीज के आने के बाद भी देश की सबसे सफल वेब सीरीज में से एक बनी हुई है। यहां बात हो रही है क्राइम-थ्रिलर ‘सेक्रेड गेम्स’ की, जिसमें सैफ अली खान से लेकर नवाजुद्दीन सिद्दीकी, पंकज त्रिपाठी और राधिका आप्टे जैसे कलाकारों ने अपने अभिनय का जादू बिखेरा था। लेकिन, क्या आप जानते हैं इस सीरीज की कहानी एक नॉवेल पर आधारित है।
नॉवेल पर बेस्ड है ‘सेक्रेड गेम्स’
नेटफ्लिक्स पर मौजूद ‘सेक्रेड गेम्स’ शायद ही किसी ने न देखी हो। अगर आपने ये सीरीज नहीं देखी है तो एक बार जरूर देखें। ये उन गिनी-चुनी सीरीज में से एक है, जिसे एक बार देखना शुरू किया तो आखिरी तक उठने नहीं देती है। सीरीज की कहानी अंत तक बांधकर रखने वाली है, क्योंकि कहानी सस्पेंस और रोमांच से भरी है। इस सीरीज ने इंटरनेशनल लेवल पर भी भारत का नाम रोशन किया था। खास बात तो ये है कि सेक्रेड गेम्स की कहानी 2006 में विक्रम चंद्रा की इसी नाम से पब्लिश हुई ‘सेक्रेड गेम्स’ नॉवेल पर आधारित है
पहले सीजन की कहानी
साल 2018 में ‘सेक्रेड गेम्स’ का पहला सीजन आया था, जिसने खूब सुर्खियां बटोरीं। इसकी कहानी अपराध, भ्रष्टाचार, राजनीति और धर्म को समेटे है। इस सीरीज को इस अंदाज में पेश किया गया था कि पहले कभी किसी भारतीय सीरीज या फिल्म में देखने को नहीं मिला था। सीरीज की कहानी दो अलग-अलग समय में चलती है, जो इसे और भी अधिक रोमांचिक बना देती है। पहले सीजन की कहानी सिस्टम से हताश ईमानदार पुलिसवाले सरताज सिंह (सैफ अली खान) से होती है, जो अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ में संघर्ष कर रहा है। इसी बीच उसे एक अनजान नंबर से फोन आता है। फोन करने वाला कोई और नहीं मुंबई का कुख्यात गैंगस्टर गणेश गायतोंडे (नवाजुद्दीन सिद्दीकी) है, जो सरताज को चेतावनी देता है कि उसके पास मुंबई को बचाने के लिए सिर्फ 25 दिन हैं।
सरताज की जद्दोजहद और गुरुजी की विनाशकारी साजिश
दूसरे सीजन की कहानी मुंबई से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैल जाती है। मुंबई को बचाने की जद्दोजहद में सरताज एक रहस्यमयी आश्रम तक पहुंच जाता है। इस आश्रम से सरताज के दिवंगत पिता का भी संबंध रहा था। यहां वह ‘गुरुजी’ (पंकज त्रिपाठी) से मिलता है और फिर उसे उसके खतरनाक इरादों का पता चलता है, जो परमाणु हमले से सब तबाह करने की योजना बना रहा है। इसके बाद सरताज क्या करता है, वो गुरुजी के विनाशकारी प्लान को असफल कर पाता है या नहीं, ये सब आप सीरीज में देखें, जो नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।
कास्ट और आईएमडीबी रेटिंग
इस सीरीज में सैफ अली खान, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, राधिका आप्टे, पंकज त्रिपाठी, कुब्रा सैत, कल्कि कोचलिन, रणवीर शोरे, नीरज काबी और एल्नाज नोरौजी जैसे कलाकार हैं। वहीं इसकी आईएमडीबी रेटिंग की बात करें तो इसे 8.5 रेटिंग मिली है।
ये भी पढ़ेंः ‘Cannes Queen’ ऐश्वर्या, लेकिन लाइमलाइट बटोर ले गईं बेटी आराध्या, कॉन्फिडेंस देखकर बोले लोग- ‘अगली स्टार’
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






