
बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर अन्नू कपूर ने हाल ही में तमन्ना भाटिया को लेकर किए गए एक कमेंट को लेकर अपनी सफाई दी है। उन्होंने बताया कि उनके इस बयान के पीछे उनकी कोई गलत मंशा नहीं थी बल्कि केवल तमन्ना की तारीफ की थी। हाल ही में अन्नू कपूर ने अपनी जिंदगी और तमाम अनुभवों को लेकर खुलकर बात की है। साथ ही तमन्ना के लिए किए गए उस कमेंट पर भी बात की जिसके बाद उन्होंने खूब ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था।
क्या बोले अन्नू कपूर?
हाल ही में सिद्धार्थ कन्नन के यूट्यूब चैनल पर अन्नू कपूर ने अपने कमेंट पर सफाई दी है। उन्होंने कहा, ‘पिछले साल अमेरिका में मेरे शो थे। मैंने अपनी क्रिएटिव टीम से कहा कि प्रतियोगी अच्छे हैं, इसलिए एक गुगली-टाइप गाना सुझाएं। फिर उन्होंने ‘आज की रात’ गाना बजाया। मैंने कहा कि संगीत बहुत अच्छा है। उन्होंने कहा कि गाना बहुत लोकप्रिय है लेकिन प्रतियोगी इस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे, इसलिए इसे गुगली-टाइप गाना बनाया जा सकता है क्योंकि ‘मुखड़ा’ पूरी तरह से नहीं लगता। मैंने उनसे वीडियो दिखाने को कहा। मैंने वीडियो देखा और कहा कि वह बहुत अच्छा नाच रही है। बस यही हुआ था।’ इसके अलावा, अन्नू कपूर ने फिर से बताया कि कैसे भाषा उनकी टिप्पणी में बाधा बनी और उसे गलत समझा गया।
अंग्रेजी में कोई दिक्कत नहीं होती?
उन्होंने कहा, ‘अगर आप इसे अंग्रेजी में कहें तो ठीक है, लेकिन हिंदी में यह समस्या बन जाती है। अपनी भाषा में गाली-गलौज ज्यादा चुभती है, लेकिन अगर आप वही बात अंग्रेजी में कहें तो किसी को कोई आपत्ति नहीं होती। अगर मैंने ‘दूधिया शरीर’ कहा होता, तो कोई समस्या नहीं होती। उसकी उम्र क्या होगी- 28, 30? मेरे बच्चे उसी उम्र के हैं। सिर्फ इसलिए कि मैंने ‘दूधिया बदन’ कहा, लोग मुझे बूढ़ा कहने लगे और ट्रोल करने लगे।’ अन्नू कपूर ने आगे स्पष्ट किया कि किसी के रूप-रंग पर की गई कोई भी टिप्पणी उनके लिए प्रशंसा का एक रूप है, न कि वासना का। उन्होंने कहा कि किसी के शारीरिक रूप-रंग की प्रशंसा करने का वासना से कोई लेना-देना नहीं है। तमन्ना भाटिया से माफी मांगने के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘अगर वह मुझसे पूछें कि क्या मैंने ऐसा कहा था, तो मैं कहूंगा हां, मैंने कहा था। अगर आपको बुरा लगा, तो मैं आपके पैर छू लूंगा। अगर एक 71 साल का आदमी उनके पैर छूता है, तो वह क्या कहेंगी? कुछ नहीं, क्योंकि मैं यह किसी गलत इरादे से नहीं कर रहा हूं।’
क्यों ट्रोल हुए थे अन्नू कपूर?
दरअसल कुछ समय पहले अन्नू कपूर को लोगों ने सोशल मीडिया पर खूब लताड़ा था। लोग उनके एक कमेंट से दुखी थे जो उन्होंने तमन्ना भाटिया के गाने आज की रात को देखकर किया था। अन्नू ने इस गाने को देख तमन्ना की तारीफ करते हुए कहा था कि बहुत सुंदर बिल्कुल दूधिया बदन है। इसके बाद उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। अब अन्नू कपूर ने इसको लेकर अपनी बात भी रखी है।
ये भी पढ़ें- 5वें हफ्ते भी धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर छोड़ा निशान, हर रिकॉर्ड कर दिया ध्वस्त, ये रहा पूरा आंकड़ा
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






