
रणबीर कपूर स्टारर ‘रामायण’ का टीजर जब से जारी हुआ है, इसके चर्चे जोरों पर हैं। हाल ही में एक यूट्यूबर ने भी इस अपकमिंग मेगा बजट फिल्म के बारे में बात की और दावा किया कि ये फिल्म ऑस्कर तक जाने वाली है। फिल्म में रणबीर कपूर राम के अवतार में नजर आने वाले हैं और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में होंगी। हाल ही में जब फिल्म का टीजर जारी किया गया, एक चीज ने सबका ध्यान अपनी तरफ खींच लिया और ये चीज थी पुष्पक विमान, जिस पर रावण की भूमिका में यश की हल्की सी झलक भी देखने को मिली थी। टीजर जारी होने के बाद रामानंद सागर के टीवी सीरियल ‘रामायण’ की भी चर्चा शुरू हो गई। 38 साल पहले आए इस पौराणिक धारावाहिक में पुष्पक विमान कैसे तैयार किया गया और कैसे उड़ाया गया, ये सवाल भी अक्सर लोगों के मन में आ जाता है, क्योंकि उन दिनों रामानंद सागर ने पुष्पक विमान के लिए किसी वीएफएक्स या ग्राफिक्स का इस्तेमाल नहीं किया था।
रामानंद सागर ने कैसे तैयार किया पुष्पक विमान?
रामानंद सागर 1988 में ‘रामायण’ लेकर आए थे। इस दौर में न तो तकनीक इतनी उन्नत थी और न ही मेकर्स का बजट इतना ज्यादा था। ऐसे में रामानंद सागर ने पुष्पक विमान कैसे बनाया था और इसे उड़ाने के लिए क्या जुगाड़ लगाया था? ये सवाल अक्सर उठता रहता है। इस सीरियल में ‘लक्ष्मण’ की भूमिका में नजर आए सुनील लहरी ने पुष्पक विमान और इससे जुड़े सीन के लिए मेकर्स द्वारा इस्तेमाल किए गए ट्रिक्स और जुगाड़ के बारे में खुलासा किया था।
आर्ट डिपार्टमेंट ने तैयार किया था स्केच
सुनील लहरी ने 2022 में ‘टेली टॉक इंडिया’ से बात करते हुए पुष्पक विमान को बनाने और उड़ाने से जुड़े मजेदार किस्से साझा किए थे। इसी के साथ उन्होंने ये भी बताया था कि टीम ने पुष्पक विमान कैसे डिजाइन किया और कैसे उड़ाया था। इस बारे में बात करते हुए सुनील लहरी ने कहा था- ‘पुष्पक विमान भारतीय संस्कृति का हिस्सा रहा है। रामानंद सागर द्वारा निर्मित और निर्देशित रामायण में पुष्पक विमान इमेजिनरी था। पुष्पक विमान कैसा होगा, इसे लेकर किसी के दिमाग में कुछ नहीं था। फिर आर्ट डिपार्टमेंट ने रावण की क्षवि के अनुसार कुछ स्केच तैयार किए और इस तरह पुष्पक विमान तैयार हुआ।’
ब्लू क्रोमा पर की गई शूटिंग
सुनील लहरी ने इसके आगे उन सीन के बारे में बात की, जिनमें पुष्पक विमान को उड़ते हुए दिखाया गया था। उन्होंने बताया कि पुष्पक विमान को सिर्फ 4 फीट ऊंचाई पर रखकर सीता हरण वाले सीन की शूटिंग की गई थी। ये सीन ब्लू क्रोमा पर शूट किए गए थे। फिर आउटडोर शूटिंग की गई और दोनों को साथ जोड़ा गया। सुनील लहरी कहते हैं- ‘तैयार किए गए स्केच में से एक मॉडल चुना गया। इसी इसी के अनुसार, पुष्पक विमान तैयार किया गया और क्रोमा पर शूटिंग की गई। पुष्पक विमान को चार फीट ऊंचाई पर रखा गया और शूटिंग की गई। फिर आउटडोर शूटि के साथ इसे मर्ज कर दिया गया।’
ये भी पढ़ेंः ‘राजा शिवाजी’ में इतिहास के साथ हुई छेड़छाड़? रितेश देशमुख ने दिया आरोपों का जवाब, ‘वाघ नख’ विवाद पर तोड़ी चुप्पी
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






