
रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा न केवल पर्दे पर एक शानदार जोड़ी हैं, बल्कि असल जिंदगी में भी वे एक खूबसूरत कपल और माता-पिता के रूप में पहचाने जाते हैं। अक्सर सोशल मीडिया पर उनके बेटों रियान और राहिल के संस्कारों की चर्चा होती है, खासकर तब जब वे पैपराजी का हाथ जोड़कर अभिवादन करते हैं। अब यह परिवार एक और बड़ी वजह से सुर्खियों में है। रितेश और जेनेलिया दोनों एक साथ फिर बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। इस बार रितेश सिर्फ अभिनय नहीं बल्कि निर्देशन की कमान भी संभाल रहे हैं। उनके ही नक्शेकदम पर चलते हुए उनके बेटे राहिल ने भी अभिनय की दुनिया में कदम रख दिया है। राहिल, अपने पिता की फिल्म’राजा शिवाजी’के जरिए बड़े पर्दे पर अपनी शुरुआत करने जा रहे हैं, जिसकी पहली झलक हाल ही में जारी किए गए ट्रेलर में देखने को मिली है।
फिल्म ‘राजा शिवाजी’ से राहिल का डेब्यू
20 अप्रैल को रिलीज हुए फिल्म ‘राजा शिवाजी’ के ट्रेलर ने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। ट्रेलर की शुरुआत रितेश देशमुख के 10 वर्षीय बेटे राहिल की एक प्रभावशाली झलक से होती है। इस ऐतिहासिक ड्रामा में राहिल, छत्रपति शिवाजी महाराज के बचपन की भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं। फिल्म के शुरुआती दृश्यों में उन्हें ‘स्वराज’ के बारे में बात करते देखा जा सकता है, जो दर्शकों को सीधे उस गौरवशाली कालखंड में ले जाता है। इसके बाद कहानी आगे बढ़ती है और महाराज के युवा से वयस्क होने के सफर को रितेश देशमुख पर्दे पर जीवंत करते हैं। यह फिल्म भारत के महानतम योद्धा राजा की वीरता, अटूट विश्वास और हर दिल में बसने वाले स्वराज्य के सपने की एक भव्य गाथा है।
दोनों बेटों के साथ रितेश देशमुख और जेनेलिया।
फिल्म की विशाल स्टार कास्ट
‘राजा शिवाजी’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि सितारों से सजा एक महाकाव्य है। रितेश देशमुख मुख्य भूमिका में फिल्म का नेतृत्व कर रहे हैं, लेकिन उनके साथ इंडस्ट्री के कई दिग्गज नाम जुड़े हैं। फिल्म में संजय दत्त, अभिषेक बच्चन और विद्या बालन जैसे बड़े सितारे नजर आएंगे। इनके अलावा महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी और अमोल गुप्ते जैसे मंझे हुए कलाकार फिल्म की कहानी को मजबूती देंगे। जेनेलिया देशमुख भी इस प्रोजेक्ट में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, जो इस फिल्म को उनके पूरे परिवार के लिए और भी खास बनाता है।
रिलीज डेट और ऐतिहासिक महत्व
जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत और मुंबई फिल्म कंपनी के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्माण ज्योति देशपांडे और जेनेलिया देशमुख ने किया है। फिल्म का संगीत प्रसिद्ध जोड़ी अजय-अतुल ने तैयार किया है, जो अपनी दमदार धुनों के लिए जाने जाते हैं। ‘राजा शिवाजी’ 1 मई 2026 को मराठी, हिंदी और तेलुगु भाषाओं में दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। गौरतलब है कि फिल्म की रिलीज के लिए 1 मई का दिन चुना जाना बेहद प्रतीकात्मक है, क्योंकि इसी दिन ‘महाराष्ट्र दिवस’ मनाया जाता है। महाराष्ट्र के गठन और उसके इतिहास से जुड़ी इस महान गाथा को पर्दे पर उतारने के लिए इससे बेहतर समय नहीं हो सकता था।
कौन थे रतिश देशमुख के पिता?
रितेश और उनके बेटे राहिल को एक ही ऐतिहासिक चरित्र के विभिन्न पड़ावों को निभाते देखना दर्शकों के लिए एक यादगार अनुभव होने वाला है। बता दें, रितेश देशमुख एक राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके पिता विलास राव देशमुख कांग्रेस के कद्दावर नेता थे और वो महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भी रहे। महाराष्ट्र की राजनीति में उनका कद काफी बड़ा था। हाल ही में रितेश अपनी फिल्म के ट्रेलर लॉन्च पर पिता को याद कर रो पड़े और उन्हें रोता देख जेनेलिया भी रो पड़ीं।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






