
बीते कुछ सालों में दर्शकों के बीच साउथ फिल्मों का क्रेज तेजी से बढ़ा है। और ऐसा हो भी क्यों न, साउथ ने ‘केजीएफ’ से लेकर ‘कांतारा’ जैसी शानदार फिल्में दर्शकों को दी हैं, जो कंटेंट के मामले में एक दम नई और शानदार थीं। इन फिल्मों को दर्शकों ने खूब पसंद किया। लेकिन, आज हम आपको एक ऐसी फिल्म के बारे में बताते हैं, जो न तो भारी बजट में बनी है और न ही इसमें मार-धाड़ और एक्शन है। ये एक रोमांटिक फिल्म है, जिसकी आत्मा इसकी सादगी है। इस फिल्म में स्कूल के दिन, बचपन का प्यार और दीवानगी को बहुत ही खूबसूरती के साथ पेश किया गया है और सिनेमाघरों के बाद जब ये ओटीटी पर स्ट्रीम की गई तो दर्शकों ने इस पर खूब प्यार लुटाया। हम यहां विजय सेतुपति और तृषा कृष्णनन स्टारर ’96’ की बात कर रहे हैं, जिसकी आईएमडीबी रेटिंग भी शानदार है।
क्या है ’96’ की कहानी?
’96’ फिल्म की कहानी एक ट्रैवल फोटोग्राफर राम (विजय सेतुपति) और जानकी (तृषा कृष्णन) के इर्द-गिर्द घूमती है। राम अपने तंजावुर स्थित स्कूल के रीयूनियन में शामिल होता है, जहां पहुंचने पर उसे पता चलता है इस रीयूनियन में जनकी भी आने वाली है। जानकी, राम का बचपन का प्यार है और जैसे ही उसे पता चलता है कि जानकी इस रीयूनियन में शामिल होने के लिए सिंगापुर से आ रही है तो वह पुराने दिनों की यादों में खो जाता है। इसके बाद राम और जानकी के स्कूल के दिनों को दिखाया जाता है। दोनों 1996 में क्लासमेट्स होते हैं और एक-दूसरे से प्यार करते हैं।
स्कूल के दिनों की यादें हो जाएंगी ताजा
राम बोर्ड की परीक्षा देने के बाद अचानक स्कूल और गांव छोड़कर चला जाता है और इसी के साथ वो जानकी से भी अलग हो जाता है। फिर राम अपनी यादों से बाहर आता है और सालों बाद उसकी जानकी से स्कूल के रीयूनियन में मुलाकात होती है। सालों बाद ये मुलाकात थोड़ी अजीब होती है, लेकिन फिर दोनों की पुरानी फीलिंग्स ताजा हो जाती हैं। इसके बाद दोनों चेन्नई में अपनी यादें ताजा करते हैं, साथ घूमते हैं और इसी दौरान दोनों को पता चलता है कि वह आज भी एक-दूसरे से उतना ही प्यार करते हैं, जितना सालों पहले करते थे। इसके बाद क्या होता है, ये जानने के लिए आप 96 जरूर देखें।
फिल्म में कौन-कौन?
इस रोमांटिक ड्रामा में फिल्म में विजय सेतुपति और तृषा कृष्णन लीड रोल में हैं और इन दोंनों के साथ-साथ गौरी जी. किशन और आदित्य भास्कर भी मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म के निर्देशक सी. प्रेम कुमार हैं। आईएमडीबी पर 96 को 8.5 रेटिंग मिली है और अगर आप भी ये फिल्म देखना चाहते हैं तो अमेजन प्राइम वीडियो और एमएक्स प्लेयर पर ये फिल्म देख सकते हैं।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






