
शोहरत और कामयाबी मिलने से पहले रेमो डिसूजा और लिजेल डिसूजा बस दो ऐसे स्ट्रगलर थे जो इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे। रेमो एक बैकग्राउंड डांसर थे जो दिन के 750 रुपये कमाते थे, जबकि लिजेल एक मॉडल थीं और उनसे कहीं ज्यादा पैसे कमाती थी। हाल ही में इस कपल ने बताया कि वे कैसे मिले, उन्होंने किन मुश्किलों का सामना किया और रेमो को अपना करियर बनाने में किन-किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
सांवले रंग की वजह से झेला रिजेक्शन
कर्ली टेल्स के साथ बातचीत में रेमो ने उन मुश्किलों के बारे में भी खुलकर बात की, जिनका सामना उन्हें इंडस्ट्री में जगह बनाने के दौरान करना पड़ा। उन्होंने ‘रंगीला’ फिल्म के दौरान दिए गए अपने शुरुआती ऑडिशन को याद किया और कहा, ‘हमारा एक ग्रुप था जिसका नाम Super Brats था। इसमें पांच लड़के थे, जब अहमद को ‘रंगीला’ फिल्म मिली तो पहली बार किसी कोरियोग्राफर ने कहा कि उसे बॉलीवुड डांसर नहीं चाहिए, बल्कि उसे नया टैलेंट चाहिए। हम पांचों ऑडिशन के लिए गए। उन्होंने सबको देखा मैं सबसे आखिर में खड़ा था। उन्होंने कुछ लोगों को चुन लिया और बाकियों को बाहर भेज दिया, जिन लोगों को रिजेक्ट किया गया था, मैं भी उन्हीं में से एक था।’ उन्होंने आगे बताया, ‘मैं अभी-अभी जामनगर से आया था और उस समय मेरा रंग बहुत सांवला था। मुझे लगता है कि मुझे मेरे रंग की वजह से रिजेक्ट कर दिया गया था।’
बैकग्राउंड डांसर बना भारत का मशहूर कोरियोग्राफर
रेमो ने बताया कि वह एक असिस्टेंट के तौर पर अच्छी कमाई कर रहे थे, लेकिन फिर भी उन्होंने एक बड़ा रिस्क लेने का फैसला किया। उन्होंने कहा, ‘मैं उस समय अहमद को असिस्ट कर रहा था और बहुत अच्छी कमाई कर रहा था। रोज के 3,000 रुपये यानी महीने के लगभग 1.5 लाख रुपये। हम बहुत बिजी रहते थे और अहमद उस समय सबसे बड़े कोरियोग्राफर के तौर पर कामयाबी की बुलंदियों पर थे।’ उनकी जिंदगी का टर्निंग पॉइंट फिल्ममेकर अनुभव सिन्हा के साथ एक अचानक हुई मुलाकात के बाद आया। आज रेमो डिसूजा भारत के सबसे मशहूर कोरियोग्राफर में से एक हैं। रेमो ने कई बॉलीवुड सितारों को कोरियोग्राफ किया, जिसमें सलमान खान, अभिषेक बच्चन से लेकर श्रद्धा कपूर का नाम शामिल है।
जब रेमो से ज्यादा कमाती थी लिजेल
लिजेल ने कहा कि उनकी रेमो से मुलाकात पहली बार फिल्म के गानों की शूटिंग के दौरान हुई थी। रेमो, अहमद की टीम में एक डांसर थे और लिजेल म्यूजिक वीडियो में एक मॉडल के तौर पर काम कर रही थीं। इस पर रेमो ने कहा, ‘मैं एक बैकग्राउंड डांसर था और वह गानों में ‘ब्यूटी शॉट्स’ के लिए इस्तेमाल होने वाली एक मॉडल थी। हम कड़ी धूप में नाचते थे और हमें 750 रुपये मिलते थे, जबकि उन्हें 4,500 रुपये दिए जाते थे। उनके लिए टेंट, पंखे और अलग से खाने का इंतजाम होता था। आउटडोर शूटिंग के लिए हम बस से सफर करते थे, जबकि वे हवाई जहाज से जाते थे।’
ये भी पढे़ं-
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






