
टेलीविजन पर कौन सा सीरियल राज कर रहा है, ये जानने को दर्शक बेताब रहते हैं। अब टीआरपी चार्ट की 16वें हफ्ते की रिपोर्ट भी सामने आ चुकी है, जिससे पता चला है कि एकता कपूर के सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ ने एक बार फिर बाजी मार ली है। एकता कपूर के शो में इसी हफ्ते एक बड़ा ट्विस्ट आया है। हाल ही में ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ में नई एंट्री हुई है। आकाशदीप सहगल ने तुलसी विरानी के पोते रियो के किरदार में एंट्री ली है। शो में 51 साल के आकाशदीप का 50 साल की स्मृति ईरानी का ऑनस्क्रीन पोता बनना भले ही दर्शकों को रास न आया हो, लेकिन ये ट्रैक जरूर हिट हो गया, जिसका असर टीआरपी चार्ट पर भी देखने को मिला।
टॉप पर ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’
इस हफ्ते की टीआरपी रेटिंग की बात करें तो 1.8 रेटिंग के साथ स्मृति ईरानी और अमर उपाध्याय स्टारर ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ पहले नंबर पर अपनी जगह कायम रखे हुए है। ये शो लगातार कई हफ्तों से नंबर वन पर है और अब भी अपना कब्जा जमाए हुए है। इस बीच कई नए शो आए, लेकिन कोई भी स्मृति ईरानी स्टारर शो का सिंहासन नहीं हिला पाया। नए-नए ट्विस्ट के साथ ये शो अभी भी टॉप पर बना हुआ है। पिछले दिनों शो में आकाशदीप सहगल की एंट्री के भी काफी चर्चे रहे। दर्शकों ने कास्टिंग को लेकर सवाल भी उठाए, लेकिन रेटिंग्स से पता चलता है कि मेकर्स का पैंतरा काम कर गया है।
टीआरपी चार्ट में कौन किस नंबर पर?
अन्य शोज की बात करें तो टीआरपी चार्ट में दूसरे नंबर पर दो सीरियल्स ने जगह बनाई है। 1.7 रेटिंग के साथ ‘वसुधा’ और ‘गंगा माई की बेटियां’ है। ‘वसुधा’ लगातार टॉप 5 में बना हुआ है, हालांकि पिछले हफ्ते इसकी रेटिंग कुछ कम थी, लेकिन इस हफ्ते इसने जबरदस्त वापसी की है। वहीं अमरदीप सिद्धू, शीजान खान और शुभांगी लाटकर स्टारर ‘गंगा माई की बेटियां’ की कहानी भी दर्शकों को बेहद पसंद आ रही है। इस सीरियल की निर्माता सरगुन मेहता और रवि दुबे हैं।
‘अनुपमा’ कहां?
रुपाली गांगुली का शो ‘अनुपमा’ जो कुछ महीने पहले तक नंबर 1 पर काबिज था, अब अपनी जगह लगातार खोता जा रहा है। अब ये शो चौथे नंबर पर आ गया है। इसकी टीआरपी रेटिंग 1.6 है और इससे पहले यानी 15वें हफ्ते भी ये शो चौथे नंबर पर ही था। मेकर्स लगातार नए-नए ट्विस्ट के जरिए दर्शकों को बांधे रखने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हो रहा है। वहीं पांचवे नंबर पर ‘तुम से तुम तक’ है, जिसे 1.5 रेटिंग मिली है। छठवे नंबर पर इसी शो का स्पिन ऑफ ‘क्योंकि रिश्तों के रूप भी बदलते हैं’ है और सातवें पर ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ है। आठवें और नौवें नंबर पर ‘उड़ने की आशा’ और ‘नागिन 7’ है, जबकि 1.3 रेटिंग के साथ ‘तारक मेहता का उल्ट चश्मा’ दसवें नंबर पर है।
ये भी पढ़ेंः मुनव्वर फारूकी बने पापा, पत्नी मेहजबनी ने दिया बेटी को जन्म, अस्पताल से सामने आई फोटो, पहले से हैं दो बच्चे
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






