
बॉलीवुड अभिनेत्री तारा सुतारिया पिछले कुछ महीनों से अलग-अलग वजह से चर्चा में हैं। एक तरफ वीर पहाड़िया से अलग होने के बाद जहां उनका नाम आदित्य रॉय कपूर के साथ जुड़ रहा है तो वहीं वह जल्दी ही सुपरस्टार यश की अगली फिल्म ‘टॉक्सिक’ में भी नजर आएंगी। इस बीच तारा सुतारिया 2026 में 79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में डेब्यू के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 79वां कान्स फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत 12 मई 2026 से हो रही है और 23 मई 2026 को ये समाप्त होगा। हर साल कान्स फिल्म फेस्टिवल में विदेशी हस्तियों के साथ-साथ भारतीय फिल्म उद्योग के भी कई अभिनेता और हस्तियां शामिल होते हैं। और इस साल तारा कान्स के रेड कार्पेट पर पहली बार नजर आएंगी।
तारा का कान्स फिल्म फेस्टिवल में डेब्यू
बताया जा रहा है कि तारा सुतारिया 2026 के कान्स फिल्म फेस्टिवल में डेब्यू करने की तैयारी कर रही हैं। इस खबर के बाद से ही उनके फैंस बेहद खुश हैं। कई ने तो सोशल मीडिया के जरिए तारा सुतारिया के डेब्यू को लेकर सवाल करना भी शुरू कर दिया है। तारा सुतारिया के अलावा कान्स फिल्म फेस्टिवल में ऐश्वर्या राय, आलिया भट्ट भी शिरकत करने वाली हैं और पायल कपाड़िया भी इसमें शामिल होंगी। पायल कपाडिया 13 से 21 मई तक आयोजित होने वाले 65वें कान क्रिटिक्स वीक की जूरी की अध्यक्षता करेंगी।
फिल्म के बारे में
यश और गीतू मोहनदास द्वारा लिखित, ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ की बात करें तो इसका निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया जैसी अभिनेत्रियां मुख्य भूमिकाओं में हैं। तारा सुतारिया इस फिल्म में रेबेका के रोल में नजर आएंगी, जिसकी जानकारी 3 जनवरी को साझा किए गए पोस्ट के साथ दी गई थी। फिल्म से तारा सुतारिया का फर्स्ट लुक जारी करते हुए गीतू मोहनदास ने लिखा था, ‘तारा की रक्षा करने की यह स्वाभाविक इच्छा मुझमें हमेशा से रही है, चाहे वह उसका शांत स्वभाव हो या वह सुरक्षा कवच जिसमें वह खुद को सुरक्षित महसूस करती है। और इसे समझाने की कोई आवश्यकता नहीं है।’
कब रिलीज होगी टॉक्सिक?
‘टॉक्सिक’ की रिलीज की बात करें तो फिल्म पहले 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, इसी दिन रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर 2’ भी सिनेमाघरों में रिलीज हुई। हालांकि, टॉक्सिक की रिलीज डेट आगे बढ़ने के बाद धुरंधर 2 से इसकी टक्कर भी टल गई। मगर अब एक बार फिर टॉक्सिक की रिलीज डेट टल गई है और यह फिल्म तय तारीख यानी 4 जून को सिनेमाघरों में नहीं आएगी। यश के मुताबिक, फिल्म बन चुकी है, लेकिन फिलहाल प्राथमिकता दुनिया भर में डिस्ट्रीब्यूशन डील फाइनल करने की है। यश ने संकेत दिया कि यह फैसला इसलिए लिया गया ताकि फिल्म को वैश्विक स्तर पर पूरी सफलता मिल सके।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






