
नब्बे के दशक में भारतीय टेलीविजन पर सुपरहीरो की दुनिया की शुरुआत करने वाला धारावाहिक ‘शक्तिमान’ आज भी एक कल्ट क्लासिक माना जाता है। हर रविवार दोपहर को जब दूरदर्शन पर इसकी धुन बजती थी तो गलियों में सन्नाटा पसर जाता था। मुकेश खन्ना ने जहां शक्तिमान और गंगाधर के रूप में बच्चों के दिलों में जगह बनाई, वहीं इस शो के खलनायकों ने भी अपनी एक अलग पहचान कायम की। सम्राट किलविश के ‘अंधेरा कायम रहे’ के डायलॉग के अलावा, जिस एक किरदार ने शक्तिमान को सबसे ज्यादा चुनौती दी, वह था ‘पावर’ का भूखा सनकी वैज्ञानिक डॉक्टर जैकाल। इस जटिल और प्रभावशाली भूमिका को अभिनेता ललित परिमू ने अपनी शानदार अदाकारी से अमर कर दिया था।
ललित परिमू का सफर
ललित परिमू मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं और अभिनय की दुनिया में अपनी किस्मत आजमाने के लिए मुंबई आए थे। ‘शक्तिमान’ में डॉक्टर जैकाल का किरदार उनके करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुआ, लेकिन उनकी पहचान केवल यहीं तक सीमित नहीं रही। उन्होंने टीवी जगत के कई यादगार धारावाहिकों जैसे ‘कोरा कागज’, ‘साया’, ‘रिश्ते’, ‘सीआईडी’ और ‘क्राइम पेट्रोल’ में अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया। छोटे पर्दे के साथ-साथ ललित ने बड़े पर्दे पर भी अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया। उन्होंने ‘हजार चौरासी की मां’, ‘एजेंट विनोद’, ‘हैदर’ और ‘मुबारकां’ जैसी बड़ी फिल्मों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं, जहां उनकी सधी हुई एक्टिंग की खूब सराहना हुई।
अभिनय और लेखन का संगम
ललित परिमू केवल एक बेहतरीन अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक प्रखर लेखक भी हैं। उन्होंने साहित्य की दुनिया में भी अपना योगदान दिया है और ‘मैं मनुष्य हूं’ जैसी साइकोलॉजिकल किताब लिखी है। बीते सालों में उन्हें बहुचर्चित वेब सीरीज ‘स्कैम 1992’ में भी एक महत्वपूर्ण भूमिका में देखा गया, जहां दर्शकों को लंबे समय बाद उनकी स्क्रीन उपस्थिति का आनंद लेने का मौका मिला, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में ललित परिमू स्क्रीन पर कम सक्रिय नजर आए हैं, जिसके पीछे एक बड़ा कारण उनका स्वास्थ्य रहा। आखिरीस बार उन्हें 6 साल पहले पर्दे पर देखा गया था। कोरोना काल के दौरान वे गंभीर रूप से बीमार पड़ गए थे, जिससे उबरने में उन्हें काफी समय लगा। इस अनिवार्य ब्रेक के बाद उन्होंने अभिनय से पूरी तरह दूरी तो नहीं बनाई, लेकिन अपना ध्यान नई पीढ़ी को तराशने की ओर केंद्रित कर दिया।
अब करने लगे अलग काम
वर्तमान में ललित परिमू अपनी खुद की एक्टिंग एकेडमी ‘नटसमाज’ चला रहे हैं। यहां वे उभरते हुए कलाकारों को अभिनय की बारीकियां और फिल्म निर्माण के तकनीकी पहलुओं की शिक्षा देते हैं। सोशल मीडिया पर भी ललित खासा एक्टिव हैं और अक्सर अपने वीडियो साझा करते रहते हैं, जिसके जरिए वो नई पीढ़ी को एक्टिंग और ह्यूमन साइकोलॉजी से जोड़ते हैं। वो इन वीडियो में बताते हैं कैसे साइकोलॉजी का अभिनय से गहरा नाता है। ललित के इंस्टाग्राम पर सिर्फ 6000 फॉलोवर्स हैं, लेकिन वो अब वो अपनी एक्टिवनेस से लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।
बदलती प्राथमिकताएं और भविष्य की उम्मीदें
बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य कारणों को ध्यान में रखते हुए ललित ने अब चुनिंदा प्रोजेक्ट्स में ही काम करने का निर्णय लिया है। वे अब अभिनय के साथ-साथ अपने लेखन और एकेडमी को अधिक समय दे रहे हैं। हालांकि ‘शक्तिमान’ के फैंस के लिए एक सुखद चर्चा यह भी है कि यदि इस शो का नया सीजन आता है तो शायद ललित परिमू एक बार फिर अपने आइकोनिक ‘डॉक्टर जैकाल’ के अवतार में नजर आ सकते हैं। फिलहाल वे अपनी एकेडमी के माध्यम से अभिनय के प्रति अपने जुनून को जीवित रखे हुए हैं और भावी सितारों का भविष्य संवार रहे हैं।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






