
करिश्मा कपूर ने अपने करियर में कई यादगार फिल्में दी हैं। इन्हीं में से एक साल 2002 में रिलीज हुई फिल्म ‘शक्ति- द पावर’ है, जिसमें करिश्मा कपूर के साथ नाना पाटेकर और संजय कपूर जैसे कलाकार भी नजर आए थे और अपने दमदार अभिनय से दर्शकों के दिल जीते थे। भले ही ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई, लेकिन समय के साथ ये कल्ट फिल्मों में शुमार हो गई। इस फिल्म में करिश्मा कपूर और संजय कपूर के बेटे ‘राजा’ का किरदार निभाने वाला छोटा बच्चा भी खूब चर्चा में रहा, जिसने अपनी मासूमियत से लोगों का खूब ध्यान खींचा था। अब ये चाइल्ड आर्टिस्ट बड़ा होने के बाद फिल्मों से पूरी तरह दूर हो गया है और बिजनेसमैन बनकर विदेश में करोड़ों कमा रहा है।
कौन हैं ‘शक्ति’ के चाइल्ड आर्टिस्ट?
फिल्म ‘शक्ति- द पावर’ में करिश्मा कपूर और संजय कपूर के बेटे राजा का किरदार निभाने वाले मासूम बच्चे का नाम जय गिडवानी है। जय गिडवानी ने फिल्मी दुनिया में ज्यादा काम नहीं किया, लेकिन आज भी दर्शकों के बीच याद किए जाते हैं। अपनी छोटी लेकिन, प्रभावशाली मौजूदगी से वह दर्शकों का ध्यान खींचने में सफल रहे। उनका अभिनय देखकर लोगों को लगा कि वह इंडस्ट्री में लंबी पारी खेलेंगे, लेकिन ‘शक्ति’ के बाद ही उन्होंने अभिनय और बॉलीवुड से दूरी बना ली। बड़े होने पर जय गिडवानी ने कैमरा और लाइमलाइट की दुनिया से दूर बिजनेस लाइन पकड़ ली और अब बिजनेस की दुनिया का बड़ा नाम बन चुके हैं। वह रियल एस्टेट और टेक बिजनेसमैन हैं और उनका टर्नओवर करोड़ों में है।
भारत छोड़ शिफ्ट हुए विदेश
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जय गिडवानी अब भारत से दूर विदेश में रह रहे हैं और एक्टिंग से दूर बिजनेस का रास्ता चुन लिया है। जय अब स्पेन के खूबसूरत शहर ग्रैन कैनारिया में रहते हैं और लग्जरी लाइफस्टाइल लीड कर रहे हैं। यानी, जय अब एक सफल कारोबारी बन चुके हैं और डॉलर में कमाई करते हैं। सोशल मीडिया पर जय काफी एक्टिव रहते हैं और अपनी लग्जरी जिंदगी की झलक फैंस के साथ शेयर करते रहते हैं। जिसे देखने के बाद इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि बिजनेसमैन बनकर वह कितनी शानदार जिंदगी जी रहे हैं।
आज भी जय गिडवानी को याद करते हैं लोग
कई लोग आज भी जय गिडवानी को ‘शक्ति’ के राजा के तौर पर याद करते हैं और उनसे अक्सर सवाल करते रहते हैं कि वह बड़े पर्दे पर कभी वापसी करेंगे या नहीं? फिल्म ‘शक्तिः द पावर’ की बात करें तो फिल्म में करिश्मा कपूर ने एक मां का किरदार निभाया था और नाना पाटेकर एक बाहुबली के रोल में थे। संजय कपूर ने नाना पाटेकर के बेटे और करिश्मा कपूर के पति की भूमिका निभाई थी। वहीं शाहरुख खान और दीप्ति नवल जैसे कलाकार भी फिल्म में अहम भूमिका में थे। इस फिल्म का गाना ‘इश्क कमीना’ खूब पॉपुलर हुआ था।
ये भी पढ़ेंः दिन में एक्टिंग और रात में पढ़ाई, ये है फिल्मी दुनिया की डॉक्टर हसीना, अब कर रही है NEET-PG की तैयारी
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






