
ओटीटी पर क्राइम-थ्रिलर का भंडार है। अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर ढेरों फिल्में और सीरीज हैं, जिनमें सस्पेंस और रोमांच की कोई कमी नहीं है। ‘दिल्ली क्राइम’ से लेकर ‘पाताल लोक’ और ‘मिर्जापुर’ तक ऐसी कई क्राइम-थ्रिलर हैं, जिन्हें दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। तो अगर आप भी कोई बढ़िया सी क्राइम-थ्रिलर देखने की प्लानिंग कर रहे हैं और कुछ नए की तलाश में हैं तो आपको एक नई सीरीज के बारे में बताते हैं, जो हाल ही में ओटीटी पर आई है। ओटीटी पर हाल ही में इस नई वेब सीरीज ने दस्तक दी है, जो आते ही टॉप ट्रेंडिंग में भी शामिल हो गई है। ये सीरीज है ‘ग्लोरी’, जो दो हफ्तों से ओटीटी पर राज कर रही है और खूब पसंद की जा रही है।
ओटीटी पर आई नई थ्रिलर सीरीज
ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर हाल ही में नई क्राइम-थ्रिलर ‘ग्लोरी’ रिलीज की गई है, जिसमें पुलकित सम्राट और ‘मिर्जापुर’ के मुन्ना भैया यानी दिव्येंदु शर्मा लीड रोल में हैं। ये सीरीज 1 मई को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुई थी और 2 हफ्ते से लगातार टॉप ट्रेंडिंग में बनी हुई है। खास बात तो ये है कि इस सीरीज ने ओटीटी पर लंबे समय से राज कर रही कोरियन हॉरर थ्रिलर ‘इफ विशेज कुड किल’ को भी पीछे छोड़ दिया है। सीरीज की कहानी इतनी जबरदस्त है कि शुरू से लेकर आखिरी तक स्क्रीन से हटने नहीं देती है और क्लाइमैक्स इतना खतरनाक है कि देखकर दर्शक दंग रह गए।
क्या है ग्लोरी की कहानी?
‘ग्लोरी’ की कहानी की बात करें तो सीरीज दो भाईयों देव (दिव्येंदु शर्मा) और रवि (पुलकित सम्राट) के इर्द-गिर्द घूमती है, दोनों की एक बहन है, जिसका नाम गुड़िया (जन्नत जुबैर) है। गुड़िया हरियाणा के एक बॉक्सिंग कोच की बेटी है, जो अपने पिता के स्टूडेंट निहाल से प्यार करती है। इसी बीच निहाल को पता चलता है कि, गुड़िया प्रेग्नेंट है और दोनों शादी करना चाहते हैं, तभी निहाल का कत्ल हो जाता है और गुड़िया पर भी जानलेवा हमला होता है। इसके बाद देव और रवि अपनी बहन गुड़िया (जन्नत जुबैर) पर जानलेवा हमले और उसके बॉयफ्रेंड बॉक्सर निहाल सिंह के मर्डर के पीछे का सच पता करने के लिए अपने घर लौटते हैं। कातिल कौन है, कैसे मिलेगा और दोनों भाई अपना घर छोड़कर क्यों गए थे, पूरे सीरीज की कहानी 7 एपिसोड में समेटी गई है।
नेटफ्लिक्स पर मचाई धूम
1 मई को रिलीज हुई सीरीज में दिव्येंदु शर्मा, पुलकित सम्राट, आशुतोष राणा, जन्नत जुबैर, सिकंदर खेर, सुविंदर विक्की, सयानी गुप्ता और कुणाल ठाकुर जैसे कलाकार अहम भूमिका में हैं। ये सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है, जिसमें मार-धाड़ और एक्शन की कोई कमी नहीं है। खास बात तो ये है कि इसने आते ही नेटफ्लिक्स पर टॉप ट्रेंडिंग में अपनी जगह बना ली है और वो भी नंबर 3 पर।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






