
अब के समय में सिर्फ सिनेमाघर ही एंटरटेनमेंट का इकलौता साधन नहीं है। टीवी पर जहां सैकड़ों टीवी सीरियल दर्शकों के लिए मौजूद हैं तो ओटीटी तो मनोरंजन का अथाह भंडार लिए हुए है, जहां हर तरह का कंटेंट मौजूद है। पिछले कुछ सालों में दर्शकों के बीच ‘पंचायत’, ‘गुल्लक’, ‘मिर्जापुर’, ‘दिल्ली क्राइम्स’ और ‘पाताल लोक’ जैसी सीरीज का दबदबा देखने को मिली। इनमें से किसी में भरपूर ड्रामा है तो किसी में खूब मारधाड़, लेकिन सभी को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। इस बीच आपको एक और ऐसी सीरीज के बारे में बताते हैं, जिसकी कहानी सीधे दिल में उतर जाती है। इस सीरीज का नाम है ‘द पिचर्स’, जो दोस्तों के एक ऐसे ग्रुप की कहानी बताती है जो सपनों से भरे हैं और उनके सामने मुश्किलें भी हार मान जाती हैं।
किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देखें?
पिछले कुछ सालों से स्टार्ट अप को लेकर काफी चर्चा रही। इस सीरीज यानी ‘द पिचर्स’ की कहानी भी ऐसे ही एक स्टार्ट अप के इर्द-गिर्द घूमती है। इस सीरीज के अब तक दो सीजन आ चुके हैं। पहले सीजन में जहां चार दोस्तों की कहानी है तो वहीं अब ये चार दोस्त मिलकर एक कंपनी शुरू कर चुके हैं, जिसमें 24 लोगों की टीम शामिल हो गई है। सीजन 2 इस कंपनी के विस्तार के बारे में है, जिसमें नए लोगों के जुड़ने के साथ नई चुनौतियां भी दिखाई गई हैं। मगर ये सीरीज न तो नेटफ्लिक्स पर है और न ही प्राइम वीडियो पर, ये सीरीज मौजूद है ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर।
द पिचर्स की आईएमडीबी रेटिंग
टीवीएफ की इस शानदार सीरीज की आईएमडीबी रेटिंग की बात करें तो इसके पहले सीजन को जहां 9 रेटिंग मिली है, वहीं सीजन 2 को 9.1 रेटिंग मिली है । यानी रेटिंग के मामले में ये पंचायत, स्पेशल ऑप्स और मिर्जापुर को भी टक्कर देती है। इस सीरीज की कहानी इतनी दमदार है कि अगर एक बार देखना शुरू किया तो आखिरी तक देखे बिना चैन नहीं मिलता। सीरीज की कास्ट की बात करें तो इसमें कस्तुरिया,अरुणभ कुमार,अभय महाजन, जीतेंद्र कुमार, मानवी गागरू, अभिषेक बनर्जी, रिद्धि डोगरा, सिकंदर खेर, गोपाल दत्त और विदुशी कौल जैसे कलाकार हैं।
द पिचर्स की कहानी
‘द पिचर्स’ का पहला सीजन 2015 में आया था, जिसकी कहानी चार दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। ये चारों दोस्त अपनी 9 टू 5 की नौकरी छोड़कर कुछ नया करने की योजना बनाते हैं। अपनी इसी प्लानिंग के साथ चारों अपना स्टार्ट अप शुरू करते हैं। वहीं दूसरे सीजन की कहानी इसी कहानी को आगे बढ़ाती है और 7 साल बाद के हालात दिखाती है। चारों दोस्तों का स्टार्टअप बिजनेस शुरू हो चुका है, लेकिन बाजार में कॉम्पटीशन की कमी नहीं है। ये एक टेक कंपनी है, जिसकी टीम 24 लोगों की हो चुकी है। यही शो की यूएसपी है।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






