
अनन्या पांडे की फिल्म चांद मेरा दिल बीते 22 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में अनन्या पांडे के साथ लक्ष्य लीड रोल में नजर आ रहे हैं। अनन्या ने इस फिल्म में भरतनाट्यम किया है जो लोगों को पसंद नहीं आया। इसके बाद अनन्या को ट्रोल्स ने अपने निशाने पर ले लिया और जोक्स के नाम पर खूब कड़वी बातें सुनाईं। बीते 2 दिनों से लगातार ट्रोलिंग देख अब अनन्या के पिता चंकी पांडे भी उनके बचाव में कूद पड़े हैं।
क्या बोले चंकी पांडे?
चंकी पांडे ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए कहा कि ‘मुझे लगता है कि लोगों ने इसे पूरी तरह से गलत समझा। इसका उद्देश्य कभी भी शुद्ध भरतनाट्यम प्रस्तुत करना नहीं था। यह एक फ्यूजन परफॉर्मेंस थी, उस तरह का प्रयोगात्मक नृत्य जो अक्सर कॉलेज के छात्र सामाजिक या सांस्कृतिक कार्यक्रमों में करते हैं। लोगों ने इसे पारंपरिक भरतनाट्यम समझ लिया और उसी नज़रिए से इसका आकलन करने लगे। लेकिन शुद्ध भरतनाट्यम के लिए वर्षों के कठोर प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है, लगभग 20 वर्षों के अनुशासन और सटीकता की। यह अत्यंत तकनीकी और संरचित है, इसके हाव-भाव और अभिव्यक्ति लगभग रोबोटिक लगते हैं। यह भविष्यवादी, उन्नत नृत्य शैलियों और पारंपरिक नृत्य के तत्वों का मिश्रण है। यह एक रचनात्मक संयोजन है, शास्त्रीय प्रस्तुति नहीं। मैं लोगों से अनुरोध करूंगा कि वे प्रतिक्रिया देने से पहले फिल्म देखें और संदर्भ को समझें।’
क्यों ट्रोल हो रहीं अनन्या पांडे?
फिल्म चांद मेरा दिल में अनन्या ने कुछ सीन्स में भरतनाट्यम डांस दिखाया है। लेकिन इन सीन्स को देखकर लोग नाराज हो गए और बिना एक्सप्रेशन वाली रोबोट तक कह दिया। इसके बाद लगातार अनन्या की ट्रोलिंग होती रही और करीब 2 दिनों से लोग लगातार ऑनलाइन कमेंट्स कर रहे हैं। इस ट्रोलिंग के बीच चंकी पांडे ने भी अपनी बात रखी और इस सीन्स के पीछे की पूरी कहानी बताई है।
बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी फिल्म
बता दें कि फिल्म चांद मेरा दिल कमाई के मामले में मेकर्स को निराश करने में पीछे नहीं रही। फिल्म ने बीते 4 दिनों में महज 12 करोड़ 40 लाख रुपयों का ही कलेक्शन कर पाया है। ये कलेक्शन उम्मीदों से बहुत कम निकला और अनन्या के साथ लक्ष्य की जोड़ी को भी लोगों ने खास प्यार नहीं दिया है। फिल्म अभी भी सिनेमाघरों में चल रही है और ओटीटी पर आना अभी बाकी है।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






