
रणवीर सिंह लगातार चर्चा में बने हुए हैं। कुछ दिनों पहले तक रणवीर ‘धुरंधर 2’ की सफलता को लेकर चर्चा में थे। इसी बीच ‘डॉन 3’ से आखिरी मौके पर बाहर होने को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया। फिल्म छोड़ने के बाद रणवीर और फरहान अख्तर के बीच मतभेद बढ़ गए और ये विवाद फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज तक जा पहुंचा। फरहान अख्तर ने रणवीर के खिलाफ FWICE में शिकायत दर्ज करा दी, जिसके चलते अभिनेता पर बैन लगा दिया गया है। इस पूरे विवाद के बीच रणवीर अब मैसुरु के चामुंडेश्वरी मंदिर पहुंचे हैं। कर्नाटक उच्च न्यायालय ने अभिनेता को ‘कांतारा’ की मिमिक्री मामले में एक्टर को बिना शर्त माफी मांगने के निर्देश दिए थे। हाई कोर्ट ने कहा कि रणवीर को चार सप्ताह के भीतर चामुंडेश्वरी मंदिर में देवी चामुंडेश्वरी की पूजा करना होगा। अब अभिनेता ने अपना वादा निभाया और 26 मई, 2026 को चामुंडेश्वरी मंदिर गए और देवी चामुंडेश्वरी की पूजा की।
रणवीर सिंह पहुंचे चामुंडेश्वरी मंदिर
रणवीर सिंह को ‘डॉन 3’ विवाद के चलते लगे बैन के बाद आज सुबह ही एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया था। लेकिन, उनकी इस यात्रा को गुप्त ही रखा गया था। मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचने तक रणवीर ने मास्क पहन रखा था। मंदिर पहुंचने पर रणवीर ने चामुंडेश्वरी देवी के चरणों में माथा टेका और हाई कोर्ट के निर्देशानुसार माफी भी मांगी।
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, नवंबर 2025 में गोवा में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में शिरकत की थी। यहां फिल्म फेस्टिवल के समापन समारोह में रणवीर सिंह ने ऋषभ शेट्टी स्टारर फिल्म ‘कंतारा’ के दैव वाले आईकॉनिक सीन की मिमिक्री की और ऋषभ शेट्टी के अभिनय की तारीफ करते हुए उस सीन को हाईलाइट किया, जिसमें दैव का उनके शरीर में प्रवेश होता है। इस दौरान उन्होने दैव को ‘फीमेल घोस्ट’ कह दिया। फिल्म के इस ऐतिहासिक दृश्य की नकल करते हुए रणवीर का वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद कन्नड़ भाषी लोगों ने उनकी कड़ी आलोचना की। हालांकि, रणवीर ने तुरंत ही इसके लिए माफी भी मांग ली।
रणवीर ने मांगी थी माफी
रणवीर सिंह ने एक पोस्ट साझा करते हुए कांतारा मिमिक्री को लेकर अपनी सफाई पेश की और माफी भी मांगी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा किया, जिसमें माफी मांगते हुए उन्होंने लिखा, ‘मेरा इरादा फिल्म में ऋषभ के शानदार अभिनय की तारीफ करना था। एक अभिनेता होने के नाते, मैं जानता हूं कि इस सीन में कितनी मेहनत लगती है, जिसके लिए मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं। मैंने हमेशा अपने देश की हर संस्कृति, परंपरा और आस्था का सम्मान किया है। अगर मेरी किसी भावना को ठेस पहुंची हो तो मैं तहे दिल से माफी मांगता हूं।’
ऋषभ शेट्टी का बयान
इस घटना से पहले, ऋषभ शेट्टी ने विवाद पर बात करते हुए कहा था- ‘यह मुझे असहज महसूस कराता है क्योंकि, हालांकि इसका अधिकांश हिस्सा फिल्मी है, दैव वाला हिस्सा बहुत संवेदनशील है। मैं जिन भी कार्यक्रमों में जाता हूं, उनसे अनुरोध करता हूं कि वे दैव का अभिनय न करें और उसका मजाक न उड़ाएं, क्योंकि यह हमारे लिए बहुत भावनात्मक है।’ इस पूरे विवाद के बाद मामला कोर्ट तक जा पहुंचा, जिसके बाद रणवीर सिंह ने हाल ही में प्रतिष्ठित कांतारा दैव दृश्य का मजाक उड़ाने के लिए बिना शर्त माफी मांगी।
ये भी पढ़ेंः ‘डॉन 3’ से रणवीर तो ‘दोस्ताना 2’ से कार्तिक, इन फिल्मों से एक्टर्स के बाहर होने पर खूब मचा बवाल, कई पर लगा ताला
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






