
अमीषा पटेल और सनी देओल स्टारर ‘गदर’ ने 25 साल पहले सिनेमाघरों में ऐसी धूम मचाई थी कि अब तक इसके चर्चे होते हैं। आज भी ये फिल्म दर्शकों की पसंदीदा बनी हुई है और फिल्म में नजर आई सनी देओल और अमीषा पटेल की जोड़ी को भी खूब पसंद किया गया था। सकीना और तारा सिंह का जादू आज भी दर्शकों के सिर चढ़कर बोलता है और 3 साल पहले इसका असर भी देखने को मिला था। 2023 में रिलीज हुई ‘गदर 2’ भी ‘गदर’ की ही तरह ब्लॉकबस्टर थी और अब दर्शकों के बीच इसके तीसरे भाग का बेसब्री से इंतजार हो रहा है। इस बीच फिल्म के निर्देशक अनिल शर्मा ने गदर की तीसरी इंस्टॉलमेंट का भी ऐलान कर दिया है।
‘गदर 3’ में किस पर होगा फोकस?
निर्देशक अनिल शर्मा ने हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में गदर के तीसरे पार्ट के बारे में खुलकर बात की और दर्शकों को गुड न्यूज दी। अनिल शर्मा ने फिल्म पर अपडेट देते हुए स्क्रिप्ट की अहमियत के बारे में जोर दिया और कहा कि उनका सारा फोकस फिल्म की स्क्रिप्ट पर है। अनिल शर्मा ने कहा- ‘मेरे लिए अगर गदर की कहानी बम थी तो मैं गदर 2 तभी बनाता जब एटम बम जैसी कहानी मिलती। जब मैंने गदर 2 बनाई तो इसने इतिहास रच दिया। अब अगर मुझे गदर 3 बनानी है तो मुझे न्यूक्लियर बम जैसी कहानी चाहिए होगी। और मैं इसे तभी बनाऊंगा, जब मुझे ऐसी कहानी मिलेगी। हम स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं और अगर सब ठीक रहा तो अगले साल तक गदर 3 पर काम शुरू कर देंगे।’
‘गदर 3’ में नाना पाटेकर को कास्ट करना चाहते हैं अनिल शर्मा
दिलचस्प बात तो ये है कि ‘गदर 3’ में अनिल शर्मा नाना पाटेकर को कास्ट करना चाहते हैं। अनिल शर्मा अपनी फिल्म में दमदार कलाकारों की टोली चाहते हैं, इसके बारे में उन्होंने कुछ महीने पहले भी बात की थी। गदर की बात करें तो ये ब्लॉकबस्टर फिल्म आज ही के दिन यानी 15 जून 2001 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और देशभर में इस फिल्म का जबरदस्त क्रेज देखने को मिला था और ये इस साल की सबसे बड़ी हिट साबित हुई थी। फिल्म में अमीषा पटेल और सनी देओल लीड रोल में नजर आए थे और दोनों की प्रेम कहानी को खूब पसंद किया गया था। वहीं 2023 में फिल्म का सीक्वल आया, जिसने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी और अब दर्शकों को इसके तीसरे भाग का इंतजार है।
सनी देओल की अपकमिंग फिल्में
वहीं सनी देओल की अपकमिंग फिल्मों की बात करें तो वह आने वाले दिनों में सिर्फ बॉक्स ऑफिस ही नहीं, ओटीटी पर भी धमाल मचाते नजर आने वाले हैं। एक तरफ आमिर खान के प्रोडक्शन में बनी ‘बटवारा 1947’ है, जो सिनेमाघरों में दस्तक देगी तो वहीं दूसरी तरफ ‘इक्का’ है, जो ओटीटी पर रिलीज होगी। इसके अलावा सनी देओल रणबीर कपूर स्टारर ‘रामायण’ में भी नजर आने वाले हैं।
ये भी पढ़ेंः रणवीर सिंह ने खरीदी सुपर एक्सपेंसिव स्पोर्ट्स कार, मुंबई की सड़कों पर दौड़ाई फेरारी 296 GTB, कितनी है कीमत?
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited
