
मलयालम एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिससे पूरी इंडस्ट्री शोक में डूब गई है। मलयालम फिल्म और टेलीविजन जगत के लोकप्रिय अभिनेता संतोष के. नायर का निधन हो गया है। मंगलवार सुबह केरल के अदूर में एक सड़क दुर्घटना में संतोष नायर की दर्दनाक मौत हो गई। संतोष अपनी पत्नी राजलक्ष्मी के साथ यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान उनके वाहन की एक ट्रक से टक्कर हो गई, जिसमें अभिनेता की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी राजलक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हैं। राजलक्ष्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सड़क हादसे में गई संतोष के. नायर की जान
संतोष के. नायर अपनी पत्नी राजलक्ष्मी के साथ सफर कर रहे थे। केरल के अदूर में उनका वाहन एक ट्रक से टकरा गया। ये दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 6:30 के आस-पास अदूर एनाथ के पास एमसी रोड पर पुदुस्सेरी इलाके में हुई। इस दौरान संतोष अपनी पत्नी राजलक्ष्मी के साथ इनोवा कार में थे। तभी अचानक अभिनेता की कार अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे पार्सल ट्रक से जाकर टकरा गई। टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
ट्रक चालक को भी आई चोट
हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अभिनेता को बाहर निकाला और अदूर के लाइफ लाइन अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन, जब तक उन्हें अस्पताल ले जाया गया, देर हो चुकी थी। डॉक्टर्स उन्हें बचा नहीं पाए। इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं उनकी पत्नी का अब भी इलाज जारी है। हादसे में ट्रक ड्राइवर को भी चोटें आई हैं। संतोष नायर के निधन की खबर से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
कई फिल्मों और टीवी शोज का रहे हिस्सा
बता दें, संतोष के. नायर लंबे समय से मलयालम फिल्मों और टीवी इंडस्ट्री में सक्रिय थे और दर्शकों के बीच एक जाना-पहचाना चेहरा बन चुके थे। उन्होंने अपने करियर में कई टीवी शोज के साथ 100 से अधिक फिल्मों में भी काम किया था। बताया जा रहा है कि उनकी आखिरी फिल्म ‘मोहिनीअट्टम’ थी, जिसे दर्शकों से बढ़िया रिस्पॉन्स मिला था। इस हादसे ने उनके परिवार, दोस्तों और फैंस को सदमे में डाल दिया है।
ये भी पढ़ेंः प्रियंका चोपड़ा ही नहीं, दीपिका पादुकोण भी नहीं बनेंगी मेट गाला 2026 का हिस्सा, दोनों की दो-दो वजहें
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited






